हिंदी कवि-सम्मेलन की बगिया को अपने सृजन तथा प्रस्तुतिसे सुवासित करने में जिन कवयित्रियों की भूमिका रही है, उनमें माया गोविंद जी का नाम अग्रणी है। जिस दौर में हिंदी काव्य के नक्षत्रों से काव्य मंच जगमग था, ऐसे में अनेक दैदीप्यमान गीतों से किसी आकाश गंगा की भाँति सबका ध्यान अपनी ओर आकृष्ट करने वाली इस लेखनी पर कवि-सम्मेलन को इतना भरोसा था कि वे अकेली अपने दम पर किसी भी कवि-सम्मेलन को सफल कर देंगी।
माया जी के अतिरिक्त यह वैभव बहुत कम कवयित्रियों को नसीब हुआ है कि उन्हें कवि-सम्मेलन के समापन का दायित्व मिले। श्रृंगार और अध्यात्म के सम पर टिकी उनकी लेखनी ने हिन्दी कविता को वह गरिमा प्रदान की कि उनका श्रृंगार सुनकर श्रोताओं के मन में वासना नहीं, वैराग्य प्रकट होता था।
आज जिन कवि सम्मेलनों में शोर-शराबे और हो-हल्ले को सफलता का मापदण्ड समझा जाता है वहाँ खचाखच भरे सभागार में अपने कोकिल सम स्वर से पिन ड्रॉप साइलेन्स क्रिएट करने का जादू माया जी की प्रस्तुति में सैकड़ों बार बिखरा है।
सिने जगत् में भी माया जी ने एक से बढ़कर एक गीत लिखे। जिस दौर में सिनेमा का संगीत और गीत लेखन अधोगामी था, उस समय में अपनी लेखनी से कविता की उपस्थिति दर्ज कराने में माया जी हमेशा आगे रहीं।
आज सुबह कोयल सा यह कण्ठ हमेशा के लिए मौन हो गया है। माया जी के गीत की पंक्तियां रह रहकर मन के अनहद में गूंज रही हैं :
तुम मेरा संबोधन वर लो
मैं टूटा चन्दन तन जोडूं
अलविदा माया जी 💐💐