Showing posts with label Mohan Soni. Show all posts
Showing posts with label Mohan Soni. Show all posts

Saturday

नेता और साँप

एक नेता को
साँप ने डसा
नेताजी मज़े में
साँप चल बसा

यह सुनकर
सँपेरा मुझे डाँटता है
कहता है कि,
‘एक साँप भी कभी
दूसरे साँप को काटता है?’

-मोहन सोनी

कल्पना

एक नेता ने मंच पर खड़े होकर कहा-
‘कोई मत डरो
मेरे साथ-साथ
तुम सब विचार करो।
दस पैसे में ग़रीबों को पेटभर खाना
दो रुपये के दस किलो
गेहूँ भी मंगाना
मटकों में पानी-सी घी की भरमार
पाँच सौ रुपये में पायेंगे कार
दस रुपये में पक्का मकान
काॅलेज में मुफ़्त मिले बच्चों को ज्ञान
सोना बीस रुपये तोला’

तो श्रोताओं में से एक बोला-
‘हुजूर, ये व्यवस्था आपने कहाँ दिलवायी है?’

नेता ने उदासी से कहा-
‘कल्पना करने में क्या बुराई है?’

-मोहन सोनी

प्यारी सी निशानी

एक नेता की पाँचवीं पत्नी गुज़र गयी
बेचारे नेता जी की दुनिया ही उजड़ गयी

दुःख प्रकट करने एक रूपसी भी आयी
रो-रोकर उसने पत्नी से निकटता जतायी
जब रोना रुका, तो बोली रूपसी चमेली-
‘मरने वाली मेरी एकमात्र थी सहेली
अब आप मुझ पर एक मेरहबानी कीजिये
मरने वाली की कोई प्यारी सी निशानी दीजिये
ताकि याद आयेगी, तो दिल बहल जायेगा’

नेताजी बोले-
‘मुझसे काम चल जायेगा?’

-मोहन सोनी