Showing posts with label Barsane Lal Chaturvedi. Show all posts
Showing posts with label Barsane Lal Chaturvedi. Show all posts

Sunday

दल-बदल

एक नेता
दल-बदलकर घर लौटे
उन्हें पत्नी का पत्र मिला
(जो कई महीनों से
मायके गई हुई थी)
लिखा था-
”नम्मो के डैडी!
तुम्हारे साथ रहते-रहते
बोर हो गए
अब हमने
राधेलालजी से
दाम्पत्य समझौता कर लिया है।
ये समझौता
समान विचारों के आधार पर हुआ है।
हमारे दल-बदल कार्य को
लाइटली लेना
और हम भी
अपने पद-बदल कार्य को
तुमसे लाइटली लिवाएंगे।”

उनका माथा ठनका
सोचने लगे-
”दल-बदल का एक दिन ऐसा
दुःफल मिलेगा
कभी नहीं सोचा था।”

उन्होंने पुनः लिखा-
“नम्मो की जीजी!
तुम अपने घर वापस आ जाओ!
मैं भी
पुराने दल में
वापस जा रहा हूँ।”

मैडम का दिमाग़
अभी ठण्डा नहीं हुआ
फिर उन्होंने लिखा-
”पल-पल में
दल-बदल करते रहे हो
एक दल में
कुछ समय रुककर रहना;
सहानुभूतिपूर्ण विचार करूंगी।
आम का अचार
डहली में रखा है
इसे उलटते-पलटते रहना
हम तो
यहाँ बड़े आनंद की ज़िन्दगी
बिता रहे हैं।
-तुम्हारी पुरानी पत्नी
अब मिसेज राधेलाल।“

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

कुर्सी

अयोध्या की कुर्सी छोड़
राम, वन को चले गए
भरत ने राम की खड़ाऊँ को
कुर्सी मान पूजा

और आज
कुर्सी के लिए ऐसे लपकते हैं
मानो कुर्सी ही माई-बाप
कुर्सी ही पूजा

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

कलयुग

मिस्टर रावण ने
सीता जी चुराईं
उसकी सोने की लंका जल गई
मिस्टर करोड़ीलाल ने
जीवन भर टैक्स चुराया
उसकी चार-चार कोठियाँ बन गईं

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

सर्वज्ञ

फिज़िक्स के अध्यापक से
संस्कृत पढ़ाने को प्राचार्य ने कहा
वे बोले - ‘सर,
ऐसे सर्वज्ञ तो मंत्री ही होते हैं।’

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

थूक कर चाटना

थूक कर चाटना
काव्य-शास्त्र में
वीभत्स रस माना गया है
राजनीति ने उसे शृंगार रस की
मान्यता प्रदान की है

-बरसाने लाल चतुर्वेदी