धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
हिन्दी की पूजा-अर्चा में सुमन चढ़ाये थे तुमने
पूज्य भारती में भारत के गीत सुनाये थे तुमने
वर्तमान के सजग प्रणेता गुरु अतीत के गायक थे
भावी भारत के शुभचिन्तक तुम संस्कृति के नायक थे
काव्य तुम्हारा सत्यम शिवम सुन्दरम सेवाग्राम है
धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
पंचवटी में लक्ष्मण के गौरव का गान किया तुमने
चारुचन्द्र की चंचल किरणों का मधुपान किया तुमने
आँचल में है दूध और आँखों में जिसके पानी है
यशोधरा उस नारी के जीवन की करुण कहानी है
भाषा सरल, भाव अति सुन्दर, कविता ललित ललाम है
धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
रामचरित की गंगा में नवलहरों का अवतरण किया
कवि मैथिलीशरण आपने आदर्शों का वरण किया
कैकयी को करुणा ममता के जल से स्नात किया तुमने
काव्य गगन के मन मानस पर नवल प्रभात किया तुमने
पूर्ण हुए तुलसी, तुम पूरक जीवन चिर पैग़ाम है
धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
वाणी कवि की, कर्म सन्त के, वेश देश की माटी का
माथे पर चन्दन का टीका ले अपनी परिपाटी का
धर्मभूमि पर कर्मक्षेत्र की गाथा गाकर चले गये
कलयुग में आकर सतयुग की झलक दिखाकर चले गये
रमा रहे जो सदा राम में, ऐसा यश अविराम है
धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
राजनीति में आकर भी तुम नीतिपन्थ पर चले सदा
हिन्दी माँ के मन्दिर में तुम दीपक बनकर जले सदा
अमर रहे यह राष्ट्र जहाँ तुम-से कवि का अवतार हुआ
अमर राष्ट्रभाषा जिस भाषा से प्रेरित उद्गार हुआ
अमर रहे चिरगाँव जहाँ कण-कण पर कवि का नाम है
धन्य-धन्य कविश्रेष्ठ देश के शत-शत तुम्हें प्रणाम है
-जगन्नाथ विश्व