अबकी बार गया तो कितने
बदले-बदले गाँव लगे
उजड़ गया था नीड़ प्यार का
चिड़िया चली गयी परदेस,
डूबी-डूबी रात अकेली
बैठी थी बिखराये केश,
पड़ते ही घर की देहरी पर
सौ-सौ मन के पाँव लगे
खेतों की मेढ़ों के काँटे
चीर रहे फसलों का दिल
शातिर से सरपंच हो गया
किससे दर्द कहे बिस्मिल,
जब भी बात करे तो उसकी
बात-बात में दाँव लगे
अबकी बार न कोयल बोली
अबकी बार न मुजरे आम,
दिन-दिन भर चीखा सन्नाटा
रात-रात भर रोयी शाम,
हँसी फागुनी कहाँ खो गयी
बुझे हुए सब ठाँव लगे
-राधेश्याम तिवारी