Showing posts with label Kishan Saroj. Show all posts
Showing posts with label Kishan Saroj. Show all posts

Sunday

हिलता रहा मन

धर गये
मेंहदी रचे दो हाथ 
जल में दीप
जन्म-जन्मों ताल-सा हिलता रहा मन

बांचते हम रह गये अन्तर्कथा
स्वर्णकेशा गीतवधुओं की व्यथा
ले गया चुनकर कमल कोई हठी युवराज
देर तक शैवाल-सा हिलता रहा मन

जंगलों का दु:ख, तटों की त्रासदी
भूल; सुख से सो गयी कोई नदी
थक गयी लड़ती हवाओं से अभागी नाव
और झीने पाल-सा हिलता रहा मन

तुम गये क्या जग हुआ अंधा कुँआ
रेल छूटी रह गया केवल धुँआ
गुनगुनाते हम भरी आँखों फिरे सब रात
हाथ के रूमाल-सा हिलता रहा मन

~किशन सरोज

तुम निश्चिन्त रहना

कर दिए लो आज गंगा में प्रवाहित
सब तुम्हारे पत्र, सारे चित्र, तुम निश्चिन्त रहना

धुंध डूबी घाटियों के इंद्रधनु तुम
छू गए नत भाल पर्वत हो गया मन
बूंद भर जल बन गया पूरा समंदर
पा तुम्हारा दुख तथागत हो गया मन
अश्रु जन्मा गीत कमलों से सुवासित
यह नदी होगी नहीं अपवित्र, तुम निश्चिन्त रहना

दूर हूँ तुमसे न अब बातें उठें
मैं स्वयं रंगीन दर्पण तोड़ आया
वह नगर, वे राजपथ, वे चौंक-गलियाँ
हाथ अंतिम बार सबको जोड़ आया
थे हमारे प्यार से जो-जो सुपरिचित
छोड़ आया वे पुराने मित्र, तुम निश्चिंत रहना

लो विसर्जन आज वासंती छुअन का
साथ बीने सीप-शंखों का विसर्जन
गुँथ न पाए कनुप्रिया के कुंतलों में
उन अभागे मोर पंखों का विसर्जन
उस कथा का जो न हो पाई प्रकाशित
मर चुका है एक-एक चरित्र, तुम निश्चिंत रहना

~किशन सरोज

नावें थक गयीं

दूर तक फैला नदी का पाट
नावें थक गयीं

शाल वृक्षों से लिपटकर
शीश धुनती-सी हवाएँ 
बादलों के केश, मुख पर
डाल, सोयी-सी दिशाएँ 
धुन्ध की जुड़ने लगी फिर हाट
नावें थक गयीं

मोह में जिसका धरा तन
हो सका अपना न वह जल
देह-मन गीले किये, पर
पास रुक पाया न दो पल
घूमते इस घाट से उस घाट
नावें थक गयीं 

टूटकर हर दिन ढहा
तटबन्ध-सा सम्बन्ध कोई
दीप बन हर रात
डूबी धार में सौगन्ध कोई
देखता है कौन किसकी बाट
नावें थक गयीं

~किशन सरोज

फिर हमें पहुँचा गयी जलते वनों तक

वंचना हँसते गुलाबों की 
फिर हमें पहुँचा गयी जलते वनों तक
वंचना हँसते गुलाबों की

धुन्ध में डूबे नदी के घाट 
गूंजी रात में आसावरी
देखती निर्जन महल को मौन 
तिल-तिल छीजती बारादरी 
बाल खोले घूमती अब खण्डहरों में
वासना बूढ़े नबाबों की

चुक गये सन्दर्भ, बाँचे कौन
गाकर अब अलावों पर कथा?
जानता है बस अकेला ताल 
तुलसी और पीपल की व्यथा 
नग्न ले आयी सड़क पर पीढ़ियों को
सर्जना सस्ती किताबों की

थक गये हैं जंग खाये तीर-
अब टूटी कमानों पर चढ़े
प्रश्न है, थामे पताका कौन?
पहले कौन रथ आगे बढ़े?
जीततीं भूखे सवालों से समर में
तृप्त सेनाएँ जवाबों की

~किशन सरोज

शापित यक्ष हम

बाँह फैलाए खड़े,
निरुपाय, तट के वृक्ष हम
ओ नदी! दो चार पल, ठहरो हमारे पास भी ।

चान्द को छाती लगा
फिर सो गया नीलाभ जल
जागता मन के अंधेरों में
घिरा निर्जन महल
और इस निर्जन महल के
एक सूने कक्ष हम
ओ भटकते जुगनुओ! उतरो हमारे पास भी।

मोह में आकाश के
हम जुड़ न पाए नीड़ से
ले न पाए हम प्रशंसा-पत्र
कोई भीड़ से
अश्रु की उजड़ी सभा के
अनसुने अध्यक्ष हम
ओ कमल की पंखुरी! बिखरो हमारे पास भी।

लेखनी को हम बनाए
गीतवंती बाँसुरी
ढूंढते परमाणुओं की
धुंध में अलकापुरी
अग्नि-घाटी में भटकते
एक शापित यक्ष हम
ओ जलदकेशी प्रिये! सँवरो हमारे पास भी।

~किशन सरोज

Saturday

बना न चित्र हवाओं का

बिखरे रंग तूलिकाओं से, बना न चित्र हवाओं का
इन्द्रधनुष तक उड़कर पहुँचा, सौन्धा इत्र हवाओं का

जितना पास रहा जो, उसको उतना ही बिखराव मिला
चक्रवात-सा फिरा भटकता, बनकर मित्र हवाओं का

कभी गर्म लू बनी जेठ की, कभी श्रावणी पुरवाई
फूल देखते रहे ठगे-से, ढंग विचित्र हवाओं का

परिक्रमा वेदी की करते, हल्दी लगे पाँव काँपे
जल भर लाया कहीं दृगों में, धुआँ पवित्र हवाओं का

कभी प्यार से माथा चूमा, कभी रूठ कर दूर हटीं
भोला बादल समझ न पाया, त्रिया-चरित्र हवाओं का

-किशन सरोज

धागों बिन्धे गुलाब हमारे पास नहीं

नागफनी आँचल में बान्ध सको तो आना
धागों बिन्धे गुलाब हमारे पास नहीं

हम तो ठहरे निपट अभागे
आधे सोये, आधे जागे
थोड़े सुख के लिए उम्र भर
गाते फिरे भीड़ के आगे
कहाँ-कहाँ हम कितनी बार हुए अपमानित
इसका सही हिसाब हमारे पास नहीं

हमने व्यथा अनमनी बेची
तन की ज्योति कंचनी बेची
कुछ न बचा तो अन्धियारों को
मिट्टी मोल चान्दनी बेची
गीत रचे जो हमने, उन्हें याद रखना तुम
रत्नों मढ़ी किताब हमारे पास नहीं

झिलमिल करतीं मधुशालाएँ
दिन ढलते ही हमें रिझायें
घड़ी-घड़ी हर घूँट-घूँट हम
जी-जी जायें, मर-मर जायें
पीकर जिसको चित्र तुम्हारा धुन्धला जाए
इतनी कड़ी शराब हमारे पास नहीं

आखर-आखर दीपक बाले
खोले हमने मन के ताले
तुम बिन हमें न भाए पल भर
अभिनन्दन के शाॅल-दुशाले
अबकी बिछुड़े कहाँ मिलेंगे -ये मत पूछो
कोई अभी जवाब हमारे पास नहीं

-किशन सरोज

ये शेख़-बिरहमन के झगड़े

हिंदू, सिख, पिछड़ेजन, सवर्ण
ये शेख़-बिरहमन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

जाने ये किसकी नज़र लगी, मुस्काना भूल गयीं कलियाँ
हँसना भूले मनचले फूल, गुंजन भूलीं भ्रमरावलियाँ
सहमे-सहमे से नगर-गाँव, भूले मेलों की रंगरलियाँ
पायल की रुनझुन भूल गए घायल बाज़ार, चैक, गलियाँ
सड़कों पर बूटों की आहट, बोझिल मौसम, गुमसुम पनघट
होंगे नानक व मोहम्मद से कब तक रघुनन्दन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

कुछ तुम भूलो, कुछ हम भूलें ईश्वर से करें प्रार्थनाएँ
सुलगें न और पंजाब, असम, अब जलें न और अयोध्याएँ
मन हों कबीर जैसे निर्मल, भाई-भाई फिर मिल जायें
जब कभी एक का हृदय दुखे, भर नयन दूसरे के आयें
महकें कश्मीरी अमराई, बादल संग घूमे पुरवाई
अब और न हों इस मधुबन में, फागुन से सावन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

गांधी-नेहरू के सपनों का भारत हो फिर से मूर्तिमान
मन्दिर में घण्टे बजें; पास ही मस्जिद में गूंजे अजान
हों सबके लिए पवित्र बाइबिल, गुरुवानी, गीता, क़ुरआन
पहले इन्सान बनें; फिर हिंदू, सिख, ईसाई, मुसलमान
ग़ैरों की चालें सफल न हों, भारत माँ के दृग सजल न हों
अनुयाई प्रजातंत्र के हम, फिर क्यों सिंहासन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

-किशन सरोज

हमारे देश का आकाश

तुम्हें जो गर्व है अपने चमन पर
हमें भी नाज़ है अपने वतन पर
पड़ोसी दुश्मनो! नभ से तुम्हारे-
हमारे देश का आकाश कम ऊँचा नहीं है

अहिंसा-एकता के हम पुजारी
बहुत शालीन हैं प्रहरी हमारे
मग़र यह मत समझना, सौंप देंगे
तुम्हें डल झील में तिरते शिकारे
तुम्हें जो गर्व अपने सैन्य-दल पर
हमें अभिमान अपने आत्मबल पर
तुम्हारे पर्वतों की चोटियों से
हमारे देश का कैलाश कम ऊँचा नहीं है

निवेदन है सभी से, अब हमारे
कपोतों पर न कोई बाज़ छोड़े
भरी बारूद तोपों के दहाने
न अब कोई हमारी ओर मोड़े
न हम अन्याय के आगे झुके हैं
अनेकों बार यह दिखला चुके हैं
तुम्हारे व्योमचुम्बी ‘सेवरों’ से
हमारे ‘नेट’ का भुजपाश कम ऊँचा नहीं है

हमें अवसर मिला, हमने सराहा
तुम्हारे फ़ैज़ को मेंहदी हसन को
तुम्हें भी है मुनासिब मान देना
हमारे तेवरों को, बाँकपन को
किसी के भाग्य से जलते नहीं हम
तुम्हारी ‘ट्रेल’ हो चाहे ‘बिलफ़’ हो
हमारे हाथ में भी ताश कम ऊँचा नहीं है

-किशन सरोज