Showing posts with label Kunwar Bechain. Show all posts
Showing posts with label Kunwar Bechain. Show all posts

Saturday

अमृत का सरोवर है वतन

एक अमृत का सरोवर है वतन
प्यार की पावन धरोहर है वतन
आजकल उसके हृदय में घाव हैं
ये उसी के तप्त मन के भाव हैं
कह रहा है जागने का वक़्त है
नींद में गहरी न सोना चाहिए
अश्रु मेरी आँख से जो भी गिरे
आपकी आँखों में होना चाहिए

फूल की गन्धें कभी लड़ती नहीं
वे घृणा की पुस्तकें पढ़ती नहीं
प्यार की प्यासी कला की उंगलियाँ
दुश्मनी की मूर्तियाँ गढ़ती नहीं
सिंधु से उड़ते हुए घन ने कहा
प्यार से भीगे हुए मन ने कहा
ग़ैर की आँखों के आँसू से कभी
अपना दामन भी भिगोना चाहिए

हम पवन थे, आन्धियों में बँट गए
पृष्ठ थे हम, हाशियों में बँट गए
जन्म से तो सिर्फ़ हम इन्सान थे
हम स्वयं ही जातियों में बँट गए
और भी ये एक अनहोनी हुई
आदमी की मूर्ति फिर बौनी हुई
लग गया है धर्म पे आकर के जो
ख़ून का वो दाग़ धोना चाहिए

-कुँअर बेचैन