Showing posts with label Kumar Shiv. Show all posts
Showing posts with label Kumar Shiv. Show all posts

Saturday

चान्दनी

बाल बिखराए हुए, चान्द का आइना लिये
झील में पाँव हिलाती रही गोरी लड़की
नीले पर्वत की तलहटी के अकेलेपन में
डुबकियाँ लेके नहाती रही गोरी लड़की

कारवां चल दिया, मैदान के तम्बू उखड़े
सांझ ओझल हुई, सूरज की लुकाटी पकड़े
अलविदा कहते हुए आँखों में आँसू भरकर
शाख पीपल की झुलाती रही गोरी लड़की

पीले मुरझाए जटा-जूटों को छितराए हुए
गाँव के बूढ़े नजूमी-सा लबादा ओढ़े
पेड़ बरगद का खड़ा उसकी हथेली पकड़े
रात भर हाथ दिखाती रही गोरी लड़की

कोई भी नाव नहीं, कोई शिकारा भी नहीं
रातरानी से महकती हुई धारा भी नहीं
अपने चान्दी से चमकते हुए नाखूनों से
साज लहरों का बजाती रही गोरी लड़की

मुस्कुराता हुआ बेफ़िक्ऱ-सा अल्हड़ बाँका
पेड़ के पीछे से इक छोकरा बादल झाँका
शर्म से लाल हुए अपने धुले चेहरे को
दोनों हाथों से छिपाती रही गोरी लड़की

-कुमार शिव

धूप-छाँव

चान्द की है कौड़ी और सूरज का पासा
ज़िन्दगी दिखाती धूप-छाँव का तमाशा

मिट्टी की है गाड़ी और मोम की सवारियाँ
भोर के हाथों में तीखी धूप की कुल्हाड़ियाँ
आँखों ने लिखा है असफलताओं का दुखड़ा
आसमान कुछ नहीं काग़ज़ का टुकड़ा
कैसा है विरोधाभास, कैसी है विवशता
सामने नदी है और आदमी है प्यासा

नयनों में बाढ़ और होंठों पे अकाल है
लीर-लीर होता हुआ धूप का रूमाल है
मित्रों की कृपा से धोखे भेंट मिले हमको
समझा उपहार ज़िन्दगी के हर ग़म को
सड़कों में दरारें और हटे हुए पुल हैं
नगरों में बिछा है धुँधले शब्दों का कुहासा

पोलियो के बालकों सदृश मजबूरियाँ
दिवसों के झूलों में झुलाती रही चूड़ियाँ
भूख और प्यास की चिताएँ शमशानों में
एक भी अंगारा नहीं राख के मकानों में
अंगूरों को ख़ून पिलाता रहा आदमी
बुझा नहीं पाया किन्तु ख़ुद की पिपासा

-कुमार शिव

रथ के पहिये धँसे हुए हैं

आओ! मिलकर इन्हें धकेलें
मिट्टी के कच्चे रस्ते में
रथ के पहिये धँसे हुए हैं

पत्थर इतने उछले ऊपर, टूट गये हैं शीशे के घर
नफ़रत के तीखे नेज़ों से, छिदा हुआ मटमैला अम्बर
आओ! उगता सूरज बेलें
पूरब की आँखों मे अब भी घने अन्धेरे बसे हुए हैं

अफ़वाहों के अन्धड़ में ये, काग़ज़ जैसे शहर उड़े हैं
अपनेपन के पृृष्ठ फटे हैं, सिले हुए रिश्ते उधड़े हैं
आओ! टूटे तारे झेलें
देखें, क्या ये तार चान्द की सारंगी के कसे हुए हैं

बहुत हो चुका जुल्म उजाले पर इन अन्धियारी रातों का
झेल रही हैं शैशव से झोंपड़ियाँ हमला आघातों का
आओ! इन्हें गोद में ले लें
ये अनाथ दुधमुँहे गाँव काले सर्पोें के डसे हुए हैं

-कुमार शिव

दोपहरी

आधे मुख पर धूप खिली है
आधे पर काला बादल
गीले बाल सुखाती छत पर दोपहरी

लहराती है ऐसे जैसे शाख छरहरी सरसों की
उसे देखकर लगता है, पहचान हो जैसे बरसों की
उसकी हँसी लपट जैसी है
आँखों में तीखा काजल
जादू-सा कर जाती छत पर दोपहरी

खिलते हैं पलाश गालों पर उड़ता बसन्ती अँचरा
पढ़ता पवन झकोखा उसके उघड़े अंगों की भाषा
बाहर बिखरा है सन्नाटा
भीतर यौवन की हलचल
मधुर-मधुर मुस्काती छत पर दोपहरी

इतराती है, अपने सुन्दर चेहरे पर अभिमान उसे है
आसपास मंडराने वाली चोर नज़र का भान उसे है
चाहे हो किशोर गुलमोहर
या फिर हो अधेड़ पीपल
सबको स्नेह लुटाती छत पर दोपहरी

-कुमार शिव

पीलिया हो गया है अमलतास को

तुमने छोड़ा शहर
धूप दुबली हुई
पीलिया हो गया है अमलतास को

बीच में जो हमारे ये दीवार थी
पारदर्शी इसे वक़्त ने कर दिया
शब्द तुम ले चलीं गुनगुनाते हुये
मैं सम्भाले रहा रिक्त ये हाशिया
तुमने छोड़ा शहर
तम हुआ चम्पई
नीन्द आती नहीं है हरी घास को

अश्वरथ से उतर कर रुका द्वार पर
पत्र अनगिन लिये सूर्य का डाकिया
फिर मेरा नाम लेकर पुकारा मुझे
दूरियों के नियम फेंककर चल दिया
तुमने छोड़ा शहर
उड़ रही है रुई
ढक रहे फूल सेमल के आकाश को

दौड़ता ही रहा अनवरत मैं यहाँ
तितलियों जैसे क्षण हाथ आये नहीं
ज़िन्दगी का उजाला छिपा ही रहा
दिन ने मुख से अन्धेरे हटाये नहीं
तुमने छोड़ा शहर
याद बन कर जुही
फिर से महका रही घर की वातास को

भीड़ के इस समन्दर में हम अजनबी
एक अदृश्य बन्धन में बन्ध कर रहे
जंगलों में रहे, पर्वतों में रहे
हम जहाँ भी रहे कोरे काग़ज़ रहे
तुमने छोड़ा शहर
नाव तट से खुली
शंख देखा किए रेत की प्यास को

-कुमार शिव