Showing posts with label Geet. Show all posts
Showing posts with label Geet. Show all posts

Saturday

होली

आया मौसम रंगों का
होली की हुड़दंगों का
तन-मन को जो रंग देते हैं
उन रंगीन प्रसंगों का

बस्ती-बस्ती चैराहों पर जमघट है अलबेलों का
हँसते-गाते धूम मचाते बहरुपियों के रेलों का
सड़कों पर से तीर चलाते रंग-बिरंगे छैलों का
छज्जे-छज्जे खोल किवड़ियाँ, मद में चूर गुलैलों का
यौवन की परिभाषा पढ़ने वाले मस्त मलंगों का
आया मौसम रंगों का

कब तक देवर बचता आख़िर, भाभी की रंगदारी से
बच न सके जब जीजाजी भी, साली की पिचकारी से
नणदोईजी घात लगाये बैठे थे तैयारी से
पर सलहज क्या कम थी, डामर पोत गई मक्कारी से
घूंघट में भी छिप न सकी जो, उन बेताब उमंगों का
आया मौसम रंगों का

गुस्सा होकर बोली बन्नो, यूँ अपने हमजोली से
रंगना हो तो रंग सिन्दूरी, मत रंग मुझको रोली से
भोला प्रेमी बोला, अपनी होने वाली भोली से
पहले ही ले जाऊंगा मैं तुझको अगली होली से
जल्दी ही आयेगा दिन शहनाई और मृदंगों का
आया मौसम रंगों का

कौन कहे मैं गोरा हूँ और कौन कहे तू काला है
किसके तन पर खद्दर है और किसके पास दुशाला है
होली की इस रुत ने सबको, इक रंग में रंग डाला है
सबने मिलकर इक-दूजे पर मन का सिंधु उछाला है
हर आगत का स्वागत करती निर्मल प्रेम तरंगों का
आया मौसम रंगों का

-हेमन्त श्रीमाल 

मेरी तन्हाई

मेरी तन्हाई भी देखो ख़ुश होकर के लहरायी
छोटी-छोटी बातों पर ये बैरिन आँख छलक आयी

लोग कह रहे हैं, मेरे इन गीतों में गहरायी है
हाँ, सचमुच ही इनमें मेरे जीवन की परछायी है
दुःख को मैंने जीवन माना, सुख को सपना, रे भाई!

अपना और पराया कैसा, मन ये समझ नहीं पाया
अपनेपन से दूर हो गयी, जैसे अपनी ही काया
हँसते-हँसते जीने में भी, सच मानो मुश्किल आयी

किसने मेरे अहसासों को करवट लेते देखा है
मेरी मुस्कानों ने मेरा दर्द छिपाकर रखा है
याद तुम्हारी तन्हाई में पुरवाई-सी लहरायी

-डाॅ. रमा सिंह

कुछ न कुछ करने की मन में ठान ले

कह रहा है दुःख कि सुख भी आयेगा
ज़िन्दगी के गीत फिर से गायेगा
तू मनु है, जीत का अनुमान ले
कुछ न कुछ करने की मन में ठान ले

पेड़ सूखे तो झरी सब पत्तियाँ
हर तरफ़ पसरी हुई ख़ामोशियाँ
पर न चिन्तित सा दिखा मौसम कभी
राह में कैसी भी हों दुश्वारियाँ
खिलखिलाती ऋतुएँ फिर से आयेंगी
फूल, कलियाँ, तितलियाँ मुस्काएंगी
मेघ झूमेगा, मल्हारें गायेगा
अपनी रिमझिम से हमें नहलायेगा
तू भी मन में बादलों से गान ले
कुछ न कुछ करने की मन में ठान ले

देख, पानी है किसे प्यारा नहीं
उसकी रुकती है कभी धारा नहीं
ताल, झरना या कि वो नदिया बना
बन गया सागर, मगर हारा नहीं
दिल में उसके भी मचलती बात है
हर लहर उसका लरजता गात है
चन्द्रमा से उसको कितना प्यार है
पूर्णिमा को उसमें उठता ज्वार है
तू भी वैसी चाह का संज्ञान ले
कुछ न कुछ करने की मन में ठान ले

सांझ उतरी, रात गहरी हो गयी
यूँ लगा कि ज़िन्दगी ही सो गयी
इस गहनतम में छुपी वो भोर है
आस की नाज़ुक-सी कितनी डोर है
इस गगन पर लालिमा भी छायेगी
सूर्य की उजली किरण फिर आयेगी
पंछी सारे चहचहाकर गायेंगे
बात अपनी इस तरह समझायेंगे
है तपन में छाँह, यह भी जान ले
कुछ न कुछ करने की मन में ठान ले

-डाॅ. रमा सिंह

चान्दनी

बाल बिखराए हुए, चान्द का आइना लिये
झील में पाँव हिलाती रही गोरी लड़की
नीले पर्वत की तलहटी के अकेलेपन में
डुबकियाँ लेके नहाती रही गोरी लड़की

कारवां चल दिया, मैदान के तम्बू उखड़े
सांझ ओझल हुई, सूरज की लुकाटी पकड़े
अलविदा कहते हुए आँखों में आँसू भरकर
शाख पीपल की झुलाती रही गोरी लड़की

पीले मुरझाए जटा-जूटों को छितराए हुए
गाँव के बूढ़े नजूमी-सा लबादा ओढ़े
पेड़ बरगद का खड़ा उसकी हथेली पकड़े
रात भर हाथ दिखाती रही गोरी लड़की

कोई भी नाव नहीं, कोई शिकारा भी नहीं
रातरानी से महकती हुई धारा भी नहीं
अपने चान्दी से चमकते हुए नाखूनों से
साज लहरों का बजाती रही गोरी लड़की

मुस्कुराता हुआ बेफ़िक्ऱ-सा अल्हड़ बाँका
पेड़ के पीछे से इक छोकरा बादल झाँका
शर्म से लाल हुए अपने धुले चेहरे को
दोनों हाथों से छिपाती रही गोरी लड़की

-कुमार शिव

धूप-छाँव

चान्द की है कौड़ी और सूरज का पासा
ज़िन्दगी दिखाती धूप-छाँव का तमाशा

मिट्टी की है गाड़ी और मोम की सवारियाँ
भोर के हाथों में तीखी धूप की कुल्हाड़ियाँ
आँखों ने लिखा है असफलताओं का दुखड़ा
आसमान कुछ नहीं काग़ज़ का टुकड़ा
कैसा है विरोधाभास, कैसी है विवशता
सामने नदी है और आदमी है प्यासा

नयनों में बाढ़ और होंठों पे अकाल है
लीर-लीर होता हुआ धूप का रूमाल है
मित्रों की कृपा से धोखे भेंट मिले हमको
समझा उपहार ज़िन्दगी के हर ग़म को
सड़कों में दरारें और हटे हुए पुल हैं
नगरों में बिछा है धुँधले शब्दों का कुहासा

पोलियो के बालकों सदृश मजबूरियाँ
दिवसों के झूलों में झुलाती रही चूड़ियाँ
भूख और प्यास की चिताएँ शमशानों में
एक भी अंगारा नहीं राख के मकानों में
अंगूरों को ख़ून पिलाता रहा आदमी
बुझा नहीं पाया किन्तु ख़ुद की पिपासा

-कुमार शिव

रथ के पहिये धँसे हुए हैं

आओ! मिलकर इन्हें धकेलें
मिट्टी के कच्चे रस्ते में
रथ के पहिये धँसे हुए हैं

पत्थर इतने उछले ऊपर, टूट गये हैं शीशे के घर
नफ़रत के तीखे नेज़ों से, छिदा हुआ मटमैला अम्बर
आओ! उगता सूरज बेलें
पूरब की आँखों मे अब भी घने अन्धेरे बसे हुए हैं

अफ़वाहों के अन्धड़ में ये, काग़ज़ जैसे शहर उड़े हैं
अपनेपन के पृृष्ठ फटे हैं, सिले हुए रिश्ते उधड़े हैं
आओ! टूटे तारे झेलें
देखें, क्या ये तार चान्द की सारंगी के कसे हुए हैं

बहुत हो चुका जुल्म उजाले पर इन अन्धियारी रातों का
झेल रही हैं शैशव से झोंपड़ियाँ हमला आघातों का
आओ! इन्हें गोद में ले लें
ये अनाथ दुधमुँहे गाँव काले सर्पोें के डसे हुए हैं

-कुमार शिव

दोपहरी

आधे मुख पर धूप खिली है
आधे पर काला बादल
गीले बाल सुखाती छत पर दोपहरी

लहराती है ऐसे जैसे शाख छरहरी सरसों की
उसे देखकर लगता है, पहचान हो जैसे बरसों की
उसकी हँसी लपट जैसी है
आँखों में तीखा काजल
जादू-सा कर जाती छत पर दोपहरी

खिलते हैं पलाश गालों पर उड़ता बसन्ती अँचरा
पढ़ता पवन झकोखा उसके उघड़े अंगों की भाषा
बाहर बिखरा है सन्नाटा
भीतर यौवन की हलचल
मधुर-मधुर मुस्काती छत पर दोपहरी

इतराती है, अपने सुन्दर चेहरे पर अभिमान उसे है
आसपास मंडराने वाली चोर नज़र का भान उसे है
चाहे हो किशोर गुलमोहर
या फिर हो अधेड़ पीपल
सबको स्नेह लुटाती छत पर दोपहरी

-कुमार शिव

Wednesday

आगे बढ़ेंगे

हम जहाँ हैं
वहीं से आगे बढ़ेंगे।

देश के बंजर समय के
बाँझपन में
याकि अपनी लालसाओं के
अंधेरे सघन वन में
या अगर हैं
परिस्थितियों की तलहटी में
तो वहीं से बादलों के रूप में
ऊपर उठेंगे।
हम जहाँ हैं
वहीं से आगे बढ़ेंगे।

यह हमारी नियति है
चलना पड़ेगा
रात में दीपक
दिवस में सूर्य बन जलना पड़ेगा।
जो लड़ाई पूर्वजों ने छोड़ दी थी
हम लड़ेंगे
हम जहाँ हैं
वहीं से आगे बढ़ेंगे।

- ओम प्रभाकर

Tuesday

किसने यह फूल खिलाया

माँ, किसने यह फूल खिलाया?
बेटा, जिसने परियाँ, तितली-
खुशबू, सौरभ और पवन को।
नागफनी को चुभन सौंप दी,
पतझड़ और बहार चमन को।
है यह सभी उसी की माया,
उसने ही यह फूल खिलाया।

माँ, किसने आकाश बनाया?
बेटा, जिसने सूरज, चंदा-
धूप, चाँदनी और सितारे।
बादल बिजली इंद्रधनुष के
रंग अनोखे प्यारे-प्यारे।
खुद भी इनके बीच समाया,
उसने ही आकाश बनाया।

माँ, किसने संसार बसाया?
बेटा, जिसने पर्वत, सागर-
नील गगन और इस धरती को।
जिसने मुझको, तुझको, सबको
सुख-दुख, आँसू और खुशी को
जिसने सारा जाल बिछाया,
उसने ही संसार बसाया

~इंदिरा गौड़

राम रतन धन

पायो जी 
मैंने राम रतन धन पायो

वस्तु अमोलिक दी मेरे सतगुरु 
किरपा करि अपनायो
जनम-जनम की पूंजी पाई 
जग में सभी खोवायो
खरचै न खूटै, चोर न लूटै 
दिन-दिन बढ़त सवायो
सत की नाव, खेवटिया सतगुरु 
भवसागर तर आयो
मीरा के प्रभु गिरिधर नागर 
हरष-हरष जस गायो

~मीराबाई

Monday

पीड़ा के घर

आशाओं तुम पीड़ा के घर होती जाना
वहाँ सीढियाँ चढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

पथराई आँखों का काजल जस का तस है
रसवंती होठों का अमृत भी नीरस है
भाव अभावों की कोठी में बंद पड़े हैं
दर्द डूबती आशाओं की हर इक नस है

अरी हवाओं पतझड़ के घर होती जाना
हरियाली से लड़ता तुमको दर्द मिलेगा

सपनों के जमघट में खोया जीवन सारा
विष के कूपे में बंदी है अमृत धारा
आशा की किरणों के आगे बादल काले
जैसे टूटा हो बस्ती में पुच्छल तारा

अरी लताओं काँटों के घर होती जाना
नई कहानी गढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

लेकिन मेरा धैर्य डिगना नामुमकिन है
रात अंधेरी कितनी भी हो, होता दिन है
सुनलो बहती रेगिस्तानी गर्म हवाओं
अगर इरादा हो तो होता सब मुमकिन है

सुनो दर्द को गढ़ने वाले सारे कारण
अब रामायण पढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

-नरेंद्र दाधीच

प्रेम संदेशा

झंझावातों से गुजरा वो प्रेम संदेशा
मैं तुम तक ना पहुँचा पाया

फाड़ फाड़ कितने ही कागज
लिखा गया कितने सत्रों में
तेरे पल्लू की खुशबू थी
अब तक के सारे पत्रों में
लेकिन इसमें जो खुश्बू आ कर लिपटी थी
मैं तुम तक ना पहुँचा पाया

कितनी यादें, कितने सपने
हम दोनों ने साथ बुने थे
इक उपवन से फूल सलोने
साथ निहारे, साथ चुने थे
इस बसंत में उपवन में जो फूल खिले थे
मैं तुम तक ना पहुँचा पाया

उम्र हुई है, थके, सो गए 
बुने हुए वो सपने सारे
अम्बर से उतरा करते थे
तेरे मेरे आंगन तारे
वो तारा जो विगत रात छम से उतरा था
मैं तुम तक ना पहुँचा पाया

- नरेंद्र दाधीच

मारा गया अकाल

पतियाई हर शाख है, हरियाई हर डाल
इंद्र धनुष के बाण से, मारा गया अकाल

बीरबहूटी सज गई, सजी फूल की सेज
चुनरी धानी कर गया, कैसा वो रंगरेज
खेत हँसेंगे देखना, ले कोंपल की माल
इंद्रधनुष के बाण से, मारा गया अकाल

बूंदों के त्योहार में, जलते जुगनू दीप
स्वाति बूँद को खोजती, अंतस मन की सीप
हर किसान हर्षित हुआ, नाचे दे दे ताल
इंद्रधनुष के बाण से, मारा गया अकाल

हृदय धरा हरिया गई, सींच प्रेम का नीर
मन कुबेर सा हो गया, कल तक रहा फ़कीर
आओ जीमण में करें, लड्डू बाटी दाल
इंद्रधनुष के बाण से, मारा गया अकाल

- नरेंद्र दाधीच

Sunday

हिलता रहा मन

धर गये
मेंहदी रचे दो हाथ 
जल में दीप
जन्म-जन्मों ताल-सा हिलता रहा मन

बांचते हम रह गये अन्तर्कथा
स्वर्णकेशा गीतवधुओं की व्यथा
ले गया चुनकर कमल कोई हठी युवराज
देर तक शैवाल-सा हिलता रहा मन

जंगलों का दु:ख, तटों की त्रासदी
भूल; सुख से सो गयी कोई नदी
थक गयी लड़ती हवाओं से अभागी नाव
और झीने पाल-सा हिलता रहा मन

तुम गये क्या जग हुआ अंधा कुँआ
रेल छूटी रह गया केवल धुँआ
गुनगुनाते हम भरी आँखों फिरे सब रात
हाथ के रूमाल-सा हिलता रहा मन

~किशन सरोज

तुम निश्चिन्त रहना

कर दिए लो आज गंगा में प्रवाहित
सब तुम्हारे पत्र, सारे चित्र, तुम निश्चिन्त रहना

धुंध डूबी घाटियों के इंद्रधनु तुम
छू गए नत भाल पर्वत हो गया मन
बूंद भर जल बन गया पूरा समंदर
पा तुम्हारा दुख तथागत हो गया मन
अश्रु जन्मा गीत कमलों से सुवासित
यह नदी होगी नहीं अपवित्र, तुम निश्चिन्त रहना

दूर हूँ तुमसे न अब बातें उठें
मैं स्वयं रंगीन दर्पण तोड़ आया
वह नगर, वे राजपथ, वे चौंक-गलियाँ
हाथ अंतिम बार सबको जोड़ आया
थे हमारे प्यार से जो-जो सुपरिचित
छोड़ आया वे पुराने मित्र, तुम निश्चिंत रहना

लो विसर्जन आज वासंती छुअन का
साथ बीने सीप-शंखों का विसर्जन
गुँथ न पाए कनुप्रिया के कुंतलों में
उन अभागे मोर पंखों का विसर्जन
उस कथा का जो न हो पाई प्रकाशित
मर चुका है एक-एक चरित्र, तुम निश्चिंत रहना

~किशन सरोज

नावें थक गयीं

दूर तक फैला नदी का पाट
नावें थक गयीं

शाल वृक्षों से लिपटकर
शीश धुनती-सी हवाएँ 
बादलों के केश, मुख पर
डाल, सोयी-सी दिशाएँ 
धुन्ध की जुड़ने लगी फिर हाट
नावें थक गयीं

मोह में जिसका धरा तन
हो सका अपना न वह जल
देह-मन गीले किये, पर
पास रुक पाया न दो पल
घूमते इस घाट से उस घाट
नावें थक गयीं 

टूटकर हर दिन ढहा
तटबन्ध-सा सम्बन्ध कोई
दीप बन हर रात
डूबी धार में सौगन्ध कोई
देखता है कौन किसकी बाट
नावें थक गयीं

~किशन सरोज

फिर हमें पहुँचा गयी जलते वनों तक

वंचना हँसते गुलाबों की 
फिर हमें पहुँचा गयी जलते वनों तक
वंचना हँसते गुलाबों की

धुन्ध में डूबे नदी के घाट 
गूंजी रात में आसावरी
देखती निर्जन महल को मौन 
तिल-तिल छीजती बारादरी 
बाल खोले घूमती अब खण्डहरों में
वासना बूढ़े नबाबों की

चुक गये सन्दर्भ, बाँचे कौन
गाकर अब अलावों पर कथा?
जानता है बस अकेला ताल 
तुलसी और पीपल की व्यथा 
नग्न ले आयी सड़क पर पीढ़ियों को
सर्जना सस्ती किताबों की

थक गये हैं जंग खाये तीर-
अब टूटी कमानों पर चढ़े
प्रश्न है, थामे पताका कौन?
पहले कौन रथ आगे बढ़े?
जीततीं भूखे सवालों से समर में
तृप्त सेनाएँ जवाबों की

~किशन सरोज

शापित यक्ष हम

बाँह फैलाए खड़े,
निरुपाय, तट के वृक्ष हम
ओ नदी! दो चार पल, ठहरो हमारे पास भी ।

चान्द को छाती लगा
फिर सो गया नीलाभ जल
जागता मन के अंधेरों में
घिरा निर्जन महल
और इस निर्जन महल के
एक सूने कक्ष हम
ओ भटकते जुगनुओ! उतरो हमारे पास भी।

मोह में आकाश के
हम जुड़ न पाए नीड़ से
ले न पाए हम प्रशंसा-पत्र
कोई भीड़ से
अश्रु की उजड़ी सभा के
अनसुने अध्यक्ष हम
ओ कमल की पंखुरी! बिखरो हमारे पास भी।

लेखनी को हम बनाए
गीतवंती बाँसुरी
ढूंढते परमाणुओं की
धुंध में अलकापुरी
अग्नि-घाटी में भटकते
एक शापित यक्ष हम
ओ जलदकेशी प्रिये! सँवरो हमारे पास भी।

~किशन सरोज

Wednesday

सम्बन्धों की गन्ध

अनुबंधों की सूची वाले सम्बन्धों में गंध कहाँ।
बिना गंध की पांखुर वाले फूलों में मकरंद कहाँ।

शगुन, महूरत, पोथी, पत्री, चालें सभी सितारों की।
रहे बांचते हरदम हरकत, पल पल के अभिसारों की।
राहू द्वारे कहीं नहीं था, न केतु का दंश कहीं।
सारे शुभ एकत्र हुए थे, अपशगुनों का अंश नहीं।
लेकिन सीता-राम नहीं तो, रामायण के छंद कहाँ।

खोने और समाने वाली सरिताओं का संगम हो।
मन को मन से बाँध सके, उस मन का दृश्य विहंगम हो।
सौगंधों के अतल समन्दर न हों रेगिस्तान कभी।
चन्दन वन जो गुपचुप रोपे, खो न दें पहचान कभी।
लेकिन माहीवाल नहीं तो, सोहनी के तटबंध कहाँ।

कितने प्यालों में अमृत है, कितने खुद ही गरल हुए।
गरल पान कर अमर हुए वो, जो मीरा से सरल हुए।
सरल हुए वो तरल हो गए, तरल नहीं विच्छेद हुए।
इतने भंगुर हुए उन्ही के, हर सम्बन्ध अभेद्य हुए।
बिना राधिका के मोहन की वंशी में आनन्द कहाँ।

दीप सरीखे हों आँगन में, छत पर चंदा तारों से।
भोर महकते महुए से हों, संझा छौंक बघारों से।
कभी जेठ की दोपहरी से, फिर सावन की झाड़ियों से।
किसी कहानी की रूठी सी, फिर मुस्काती कड़ियों से।
अलगू-जुम्मन नहीं मिले तो, मुंशी जी के द्वंद कहाँ।

-मदन मोहन समर

कौन सा गीत सुनाऊँ

मैं तुम सबका दिल बहलाऊँ 
या जी भरकर तुम्हें रुलाऊँ? 
तुम्हीं बताओ यारो तुमको 
आज कौन-सा गीत सुनाऊँ?

एक गीत ऐसा है जिसमें बस पढ़ने वाला रोता है 
एक गीत ऐसा है जिसमें हर सुनने वाला रोता है
एक गीत ऐसा है मुझ पर जो मन को आह्लादित कर दे 
एक गीत ऐसा भी है जो हर धड़कन को बाधित कर दे
शब्दों का भी मान रखोगे? 
या केवल संगीत सुनाऊँ? 
तुम्हीं बताओ यारो तुमको 
आज कौन-सा गीत सुनाऊँ?

एक गीत में मैंने जग से जो जीता है वो लिक्खा है
एक गीत में अब तक मुझ पर जो बीता है वो लिक्खा है
एक गीत में मैंने केवल सारे जग की पीर लिखी है 
एक गीत में राँझा बनकर मैंने अपनी हीर लिखी है
बोलो मेरी हार सुनोगे 
या मैं अपनी जीत सुनाऊँ?
तुम्हीं बताओ यारो तुमको 
आज कौन-सा गीत सुनाऊँ?

एक गीत में मैंने हँसते फूलों की गरिमा लिक्खी है 
एक गीत में उस उपवन के पतझर की महिमा लिक्खी है 
एक गीत में मैंने उस माली का मुस्काना लिक्खा है 
एक गीत में मैंने कुछ कलियों का मुरझाना लिक्खा है 
एक गीत में गुल से लिपटी तितली का क्रन्दन लिक्खा है 
एक गीत में उस मंडराते भँवरे का गुंजन लिक्खा है 
अब भँवरे का रुदन सुनोगे 
या तितली की प्रीत सुनाऊँ?
तुम्हीं बताओ यारो तुमको 
आज कौन सा गीत सुनाऊँ?? 

एक गीत में उस सैनिक के मात-पिता धाँसू लिक्खे हैं
एक गीत में मैनें सैनिक की माँ के आँसू लिक्खे हैं 
एक गीत में मैनें बूढ़ी आँखों के सपने लिक्खे हैं 
एक गीत में वृद्धाश्रम में रहते वो अपने लिक्खे हैं
एक गीत में मैनें मर्यादा खोते संबन्ध लिखे हैं 
एक गीत में मैनें सब के सब झूठे अनुबंध लिखे हैं
एक गीत में डिग्री लेकर भीख माँगते हाथ लिखे हैं 
एक गीत में भूखे मरनेवालों के जज़्बात लिखे हैं 
एक गीत में किसी पेड़ पर लटका हुआ किसान लिखा 
एक गीत ऐसा है जिसमें पूरा हिंदुस्तान लिखा है
आगे क्या होगा सुनना है 
या फिर तुम्हें अतीत सुनाऊँ? 
तुम्हीं बताओ यारो तुमको 
आज कौन-सा गीत सुनाऊँ?

-गुनवीर 'राणा'