Showing posts with label Nazm. Show all posts
Showing posts with label Nazm. Show all posts

Monday

बसर कर लेता हूँ

हो दैरो-हरम या मयख़ाना हर जगह बसर कर लेता हूं
मासूम मुसाफ़िर हूं मैं तो जैसा हो सफ़र कर लेता हूँ

मैं अपने सफ़र में था इक दिन मौक़ा था वो दीवाली का।
तब फ़र्क़ हुआ मालूम मुझे बदहाली और खुश्हाली का

बच्चों-बच्चों में चर्चा था मैं चर्चा सुन कर ठिठक गया
नन्हे से ज़हन और फ़िक़्र की हद ये देख सफ़र से भटक गया

इक बोला कि अहबाब मेरे कुदरत को बुरा लग जाता है
त्यौहार मनाए बिना अगर कोई साथी रह जाता है

देखो वो राजू पिछले बरस जो साथ हमारे पढ़ता था
हम उससे लड़ते रहते थे वो प्यार की बातें करता था

तुम ये तो जानते हो उसका पढ़ना-लिखना क्यूं छूट गया।
उस बदक़िस्मत के बचपन पर वो क़हर अचानक टूट गया

उसके पापा के हाथ मशीन मिल की एक दिन चबा गई
राजू के नाज़ुक कंधों पर वो बोझ ग़रीबी बढ़ा गई

जो बोझ जवां मर्दों की कमर तक को भी कमां कर देता है
जो फूल से चेहरों में अक्सर पीरी के निशां भर देता है

उसके पापा जब पिछले बरस मिल में मज़दूरी करते थे
हर एक तमन्ना राजू की हर ख़्वाहिश पूरी करते थे

पर आज तमन्ना राजू की लाचार नहीं दुश्वार भी है
बचपन भी वही अपने घर का वो घर का अब मुख्तार भी है

उसके घर के दीवारो-दर मजबूर दिखाई देते हैं
पुर-नूर रौशनी की शब भी बे-नूर दिखाई देते हैं

और इधर देखिए बस्ती का हर एक मकां है सजा-धजा
बुझ जाएं न दीप मुंडेरों के शायद है यूं ही ख़ामोश हवा

और कोई मकां तो ये समझो दुल्हन सा दिखाई देता है
हर छत पे चराग़ों का घेरा कंगन सा दिखाई देता है

हम अपने पटाखे-फुलझड़ियाँ राजू के घर पर छोडेंगे
उस घर के दीप जला कर हम घर अंधियारा तोडेंगे

हम बच्चों की दुनिया है अलग और अलग हमारा क़िस्सा है
हो ऊंच-नीच या भेद-भाव ये बडे-बडों का हिस्सा है

उन बच्चों के जज़्बात पे मैं जब कभी नज़र कर लेता हूं
तब खुद के बडे हो जाने पर बस नीचा सर कर लेता हूं

-मासूम गाज़ियाबादी