मिलना तो मन का होता है, तन की क्या दरकार बटोही?
जो मिलकर भी मिल न सके हों,
सोचो तो उनकी मजबूरी;
धन्यवाद उसको, जिसने की-
और अधिक मंज़िल से दूरी;
शायद, तुम इस पथ पर आए, पहली-पहली बार बटोही!
मिलना तो मन का होता है, तन की क्या दरकार बटोही?
तन का क्या, माटी की महिमा,
मन चाहे कंचन बतला दो;
मन का क्या, पिंजरे का पंछी,
जो सुनना चाहो, सिखला दो;
माथे के श्रम-सीकर लेकर, सब के चरण पखार बटोही!
मिलना तो मन का होता है, तन की क्या दरकार बटोही?
सुमन मिले ऐसे मनमौजी,
जो शूलों-सी चुभन दे गये;
शूल मिले ऐसे अनचाहे,
जो जीवन-रस-गन्ध ले गये;
मेरे दुर्बल मन ने माना, उन सबका आभार बटोही!
मिलना तो मन का होता है, तन की क्या दरकार बटोही?
-बलवीर सिंह रंग
No comments:
Post a Comment