Showing posts with label Patriotic. Show all posts
Showing posts with label Patriotic. Show all posts

Monday

ख़ूनी हस्ताक्षर

वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें उबाल का नाम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, आ सके देश के काम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें जीवन, न रवानी है!
जो परवश होकर बहता है, वह ख़ून नहीं, पानी है!
उस दिन लोगों ने सही-सही ख़ूं की क़ीमत पहचानी थी।
जिस दिन सुभाष ने बर्मा में मांगी उनसे क़ुर्बानी थी।
बोले- ‘स्वतन्त्रता की ख़ातिर बलिदान तुम्हें करना होगा।
तुम बहुत जी चुके हो जग में, लेकिन आगे मरना होगा।
आज़ादी के चरणों में, जो जयमाल चढ़ायी जायेगी।
वह सुनो, तुम्हारे शीशों के फूलों से गूँथी जाएगी।
आज़ादी का संग्राम कहीं पैसे पर खेला जाता है?
यह शीश कटाने का सौदा नंगे सर झेला जाता है’
यूँ कहते-कहते वक्ता की आँखों में ख़ून उतर आया!
मुख रक्त-वर्ण हो दमक उठा, दमकी उनकी रक्तिम काया!
आजानु-बाहु ऊँची करके वे बोले- ‘रक्त मुझे देना।
इसके बदले भारत की आज़ादी तुम मुझसे लेना।’
हो गई सभा में उथल-पुथल, सीने में दिल न समाते थे।
स्वर इंक़लाब के नारों के कोसों तक छाये जाते थे।
“हम देंगे-देंगे ख़ून” -शब्द बस यही सुनायी देते थे।
रण में जाने को युवक खड़े तैयार दिखायी देते थे।
बोले सुभाष- ‘इस तरह नहीं, बातों से मतलब सरता है।
लो, यह काग़ज़, है कौन यहाँ आकर हस्ताक्षर करता है?
इसको भरनेवाले जन को सर्वस्व-समर्पण करना है।
अपना तन-मन-धन-जन-जीवन माता को अर्पण करना है।
पर यह साधारण पत्र नहीं, आज़ादी का परवाना है।
इस पर तुमको अपने तन का कुछ उज्ज्वल रक्त गिराना है!
वह आगे आये, जिसके तन में ख़ून भारतीय बहता हो।
वह आगे आये, जो अपने को हिन्दुस्तानी कहता हो!
वह आगे आये, जो इस पर ख़ूनी हस्ताक्षर देता हो!
मैं क़फ़न बढ़ाता हूँ, आये जो इसको हँसकर लेता हो!’
सारी जनता हुंकार उठी- ‘हम आते हैं, हम आते हैं!
माता के चरणों में यह लो, हम अपना रक्त चढ़ाते हैं!’
साहस से बढ़े युवक उस दिन, देखा, बढ़ते ही आते थे!
चाकू-छुरी कटारियों से, वे अपना रक्त गिराते थे! 
फिर उस रक्त की स्याही में, वे अपनी क़लम डुबाते थे!
आज़ादी के परवाने पर हस्ताक्षर करते जाते थे!
उस दिन तारों ने देखा था, हिन्दुस्तानी विश्वास नया।
जब लिखा था रणवीरों ने, ख़ूं से अपना इतिहास नया।

-गोपालप्रसाद व्यास

Wednesday

हम तुम्हें मरने न देंगे

धूल कितने रंग बदले डोर और पतंग बदले
जब तलक ज़िन्दा क़लम है, हम तुम्हें मरने न देंगे

खो दिया हमने तुम्हें तो पास अपने क्या रहेगा
कौन फिर बारूद से सन्देश चन्दन का कहेगा
मृत्यु तो नूतन जनम है हम तुम्हें मरने न देंगे

तुम गए जबसे न सोई एक पल गंगा तुम्हारी
बाग में निकली न फिर हस्ते गुलाबों की सवारी
हर किसी की आँख नम है हम तुम्हें मरने न देंगे

तुम बताते थे कि अमृत से बड़ा है हर पसीना
आँसुओं से ज़्यादा क़ीमत का है न कोई नगीना
याद हरदम वह क़सम है हम तुम्हें मरने न देंगे

तुम नहीं थे व्यक्ति तुम आज़ादियों के कारवां थे
अमन के तुम रहनुमा थे प्यार के तुम पासबां थे
यह हक़ीक़त है न भ्रम है हम तुम्हें मरने न देंगे

तुम लड़कपन के लड़कपन तुम जवानो की जवानी
सिर्फ दिल्ली ही न हर दिल था तुम्हारी राजधानी
प्यार वह अब भी न कम है हम तुम्हें मरने न देंगे

बोलते थे तुम, न तुममें बोलता था देश सारा
बस नहीं इतिहास ही तुमने हवाओं को सवाँरा
आज फिर धरती नरम है हम तुम्हें मरने न देंगे

-गोपालदास नीरज

अब तो जागो

जागो अब तो जागो
जागो देश महान
मेरे प्यारे हिन्दुस्तान
अब तो जागो…

सोने की चिड़िया कहलाता था ये देश हमारा
बन कर मित्र चलाया तब दुश्मन ने तेज़ दुधारा
गंगा-जमुना सहित हिमाला भी था लहूलुहान
मेरे प्यारे हिन्दुस्तान
अब तो जागो…

शब्द कहाँ गा सकते, उनकी है जो अमर कहानी
राष्ट्रप्रेम की बलिवेदी पर, होम हुए बलिदानी
जन-जन ॠणी हुआ है उनका, याद रखो बलिदान
मेरे प्यारे हिन्दुस्तान
अब तो जागो…

पश्चिम की आंधी से अपनी संस्कृति आज बचानी
आतंकी मनसूबों पर फेरें हम मिलकर पानी
भाषा-धर्म अलग हैं फिर भी एक है हिंदुस्तान
मेरे प्यारे हिन्दुस्तान
अब तो जागो…

- अंजू जैन

Sunday

मैं और ईश्वर

कभी-कभी
मेरा मन करता है
कि मैं ईश्वर को
उस चैराहे पर लाकर
खड़ा कर दूँ
जहाँ पर
बड़े-बड़े नेताओं की
टोपियाँ उछाली जाती हैं
और उससे पूछूँ,
कि बता मेरे ईश्वर
तूने मुझे
क्यों पैदा किया इस देश में?

जिस देश की नई पीढ़ी
पुरानी पीढ़ी को
बुझी हुई बीड़ी समझने लगी है
चरस भरी सिगरेट को
स्वर्ग तक पहुँचने की
सीढ़ी समझने लगी है
बता मेरे ईश्वर
तूने मुझे क्यों पैदा किया इस देश में

जिस देश में वासना
केवल बुढ़ापे के कन्धों पर टिकी हुई है
जहाँ की समाजवादी राजनीति
असमाजवादी हाथों में बिकी हुई है
जहाँ सोई हुई ग़रीबी को
भाषण द्वारा जगाया जाता है
जहाँ पर शिक्षा के माध्यम से
बेरोज़गारी को बढ़ाया जाता है
जहाँ साहित्य को,
ताली बजा-बजाकर
लंगड़ा किया जाता है
जहाँ के बुद्धिजीवियों को
पद्मश्री बाँट-बाँटकर
हिजड़ा किया जाता है

जिस देश के मनचले नेता
अब शेक्सपियर से नहीं
अंग्रेजी से प्यार करते हैं
और वोट मांगने के लिए
मातृभाषा के साथ बलात्कार करते हैं
जहाँ लव-कुश ही
रामराज्य के खिलाफ़
दंगा कर रहे हैं
जहाँ पर पाण्डव ही
भरी सभा में
द्रौपदी को नंगा कर रहे हैं
जिस देश के अस्पताल
अब जनता के लिए कम
नर्सों के लिए ज़्यादा होते हैं
जहाँ की नर्सें
अब रोगियों के लिए कम
डाॅक्टरों के लिए
ज़्यादा होती हैं

लेकिन, मैं
ऐसा करते हुए डरता हूँ
कहीं ईश्वर ये न कह दे
कि मैंने तुम्हें पैदा ही नहीं किया!
अरे, तुम तो
मेरे विरोधियों की सन्तान हो
हिंदुस्तान के मूर्ख लोगो,
मैं अपना हाथ
बहुत ऊँची जगह धरता हूँ
मैं तुम जैसे लोगों को
पैदा ही नहीं करता हूँ।
तुम नहीं जानते
मैं हर साल
थोड़े से नेता,
थोड़े से गुण्डे
और बड़े बड़े पण्डों को
जन्म देता हूँ
यदि मैंने ऐसा न किया होता
तो क्या मैं आज तक जिया होता?
तुमने मुझे गांधी की तरह
मार दिया होता
तुमने मुझे सुभाष की तहर
भुला दिया होता
और इस देश की महान जनता
सारी बातों को
चुपचाप सह जाती
बेचारे शास्त्री की तरह
मेरी भी समाधि
अधूरी रह जाती!

-गोविन्द व्यास

चमन इस तरह सजा दो

जले दीप, फूल महके, चमन इस तरह सजा दो
मैं गगन उतार लूंगा, ज़रा तुम जो मुस्कुरा दो
ऐ हवाओं के झकोरो! कहाँ आग ले के निकले
मेरा गाँव बच सके तो, मेरी झोंपड़ी जला दो

-बेकल उत्साही

एक देश है, एक हैं हम

हमको अलग नहीं कर सकता, शोला हो या शबनम
एक देश है, एक हैं हम

एक चमन है अपना, जिसमें रंग हज़ारों ख़ुश्बू एक
देह हमारी अलग-अलग है, लेकिन अपना लोहू एक
भाषाओं के तार कई हैं, फिर भी इक सरगम
एक देश है, एक हैं हम

अलग-अलग लहरें उफ़नाती, है गम्भीर समुन्दर एक
शिखरों के सौ रंग-रूप हैं, मुस्काता हिमगिरि स्वर एक
अपनी जगह अटल है प्रहरी, घर बदले मौसम
एक देश है, एक हैं हम

देहरी, द्वार अलग हैं सबके, इक चैपाल है, गाँव है एक
बेशुमार बरगद की शाखें, धूप के आंगन, छाँव है एक
सूरज एक गगन पर अपने, इक अपनी पूनम
एक देश है, एक हैं हम

हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जुदा हैं राहें मंज़िल एक
ढंग अलग है हर किश्ती का, तूफ़ानों में साहिल एक
जनम का उत्सव इक जैसा है, मौत का इक मातम
एक देश है, एक हैं हम

-बेकल उत्साही

ख़ून में हिंदुस्तान

कोई घनश्याम कहता है, कोई रहमान कहता है
जो पीड़ा सूर सहता है, वही रसख़ान सहता है
जलाते क्यों मज़हब की आग ऐ मेरे वतनवालो!
हमारे ख़ून की धारा में हिंदुस्तान बहता है

-एकता शबनम

चाहतें वतन की

प्यास बिन नीर पीने से क्या फ़ायदा
श्रम नहीं तो पसीने से क्या फ़ायदा
चाहतें जिसमे अपने वतन की न हों
ज़िन्दगी ऐसी जीने से क्या फ़ायदा

-एकता शबनम

Saturday

अगर तीसरा युद्ध हुआ

मैं सोच रहा हूँ अगर तीसरा युद्ध हुआ
इस नई सुबह की नई फसल का क्या होगा
मैं सोच रहा हूँ अगर ज़मीं पर उगा ख़ून
इस रंग महल की चहल-पहल का क्या होगा

ये हंँसते हुए गुलाब महकते हुए चमन
जादू बिखराती हुईं रूप की ये कलियाँ
ये मस्त झूमती हुई बालियाँ धानों की
ये शोख़ सजल शरमाती गेहूँ की गलियाँ
गदराते हुए अनारों की ये मंद हँसी
ये पेंगें बढ़ा-बढ़ा अमियों का इठलाना
ये नदियों का लहरों के बाल खोल चलना
ये पानी के सितार पर झरनों का गाना
मैनाओं की नटखटी, ढिठाई तोतों की
ये शोर मोर का, भोर भृंग की ये गुनगुन
बिजली की खड़क-धड़क बदली की चटक-मटक
ये जोत जुगनुओं की झींगुर की ये झुनझुन
किलकारी भरते हुये दूध से ये बच्चे
निर्भीक उछलती हुई जवानों की टोली
रति को शरमाती हुई चांद-सी ये शक्लें
संगीत चुराती हुई पायलों की बोली
आल्हा की ये ललकार, थाप ये ढोलक की
सूरा-मीरा की सीख, कबीरा की बानी
पनघट पर चपल गगरियों की ये छेड़छाड़
राधा की कान्हा से गुपचुप आनाकानी

क्या इन सब पर ख़ामोशी मौत बिछा देगी
क्या धुंध धुआँ बनकर सब जग रह जायेगा
क्या कूकेगी कोयलिया कभी न बगिया में
क्या पपिहा फिर न पिया को पास बुलायेगा

जो अभी-अभी सिंदूर दिये घर आई है
जिसके हाथों की मेंहदी अब तक गीली है
घूँघट के बाहर आ न सकी है अभी लाज
हल्दी से जिसकी चूनर अब तक पीली है
क्या वो अपनी लाड़ली बहन; साड़ी उतार
जा कर बेचेगी नित चूड़ियाँ बाज़ारों में
जिसकी छाती से फूटा है मातृत्व अभी
क्या वो माँ दफ़नायेगी दूध मज़ारों में
क्या गोली की बौछार मिलेगी सावन को
क्या डालेगा विनाश झूला अमराई में
क्या उपवन की डालों में फूलेंगे अँगार
क्या घृणा बजेगी भौंरों की शहनाई में

चाणक्य, मार्क्स, एंजिल, लेनिन, गांधी, सुभाष
सदियाँ जिनकी आवाज़ों को दुहराती हैं
तुलसी, वर्जिल, होमर, गोर्की, शाह, मिल्टन
चट्टानें जिनके गीत अभी तक गाती हैं
मैं सोच रहा क्या उनकी क़लम न जागेगी
जब झोपड़ियों में आग लगायी जायेगी
करवटें न बदलेंगीं क्या उनकी क़ब्रें जब
उनकी बेटी भूखी पथ पर सो जायेगी
जब घायल सीना लिये एशिया तड़पेगा
तब वाल्मीकि का धैर्य न कैसे डोलेगा
भूखी क़ुरआन की आयत जब दम तोड़ेगी
तब क्या न ख़ून फिरदौसी का कुछ बोलेगा

ऐसे ही घट छलके, ऐसी ही रस ढुलके
ऐसे ही तन डोले, ऐसे ही मन डोले
ऐसी ही चितवन हो, ऐसी ही चितचोरी
ऐसे ही भँवरा भ्रमे, कली घूँघट खोले
ऐसे ही ढोलक बजें, मँझीरे झंकारें
ऐसे ही हँसे झुँझुने, बाजें पैंजनियाँ
ऐसे ही झुमके झूमें, चूमें गाल-बाल
ऐसे ही हों सोहरें, लोरियाँ-रसबतियाँ
ऐसे ही बदली छाये कजली अकुलाये
ऐसे ही बिरहा बोल सुनाये साँवरिया
ऐसे ही होली जले, दीवाली मुसकाये
ऐसे ही खिले-फले-हरयाये हर बगिया
ऐसे ही चूल्हे जलें, राख कि रहें गरम
ऐसे ही भोग लगाते रहें महावीरा
ऐसे ही उबले दाल, बठोही उफनाये
ऐसे ही चक्की पर गाये घर की मीरा

बढ़ चुका बहुत अब आगे रथ निर्माणों का
बम्बों के दल-बल से अवरुद्ध नहीं होगा
है शान्त शहीदों का पड़ाव हर मंज़िल पर
अब युद्ध नहीं होगा, अब युद्ध नहीं होगा

~गोपालदास 'नीरज'

एकता

आप होंगे काम, रक्खो एकता
वक़्त का पैग़ाम, रक्खो एकता

ख़ुद-ब-ख़ुद संसार से मिट जाएगा
दुश्मनों का नाम, रक्खो एकता

प्रगति की संभावना के सिलसिले
जोड़ देंगे राम, रक्खो एकता

प्रान्त, भाषा, धर्म की संकीर्णता
है बड़ी बदनाम, रक्खो एकता

एटमी मर्दानगी शैतान की
कर रही विश्राम, रक्खो एकता

सदी लाएगी नई ख़ुशहालियाँ
कर्मठों के नाम, रक्खो एकता

बदख़याली, बदसलूकी, बदनीयत
तौर है ये आम, रक्खो एकता

तुम न बिखरो, दण्ड से या भेद से
साम हो या दाम, रक्खो एकता

छोड़ नफ़रत, भाईचारे का भजो
नाम सुबहो-शाम, रक्खो एकता

देश भारत देश जैसा है कहाँ
'नांगिया' सुखधाम, रक्खो एकता

-सत्यपाल नांगिया

जय हे भारत माता

जंजीरों की झनन-झनन सुन नवयुग दौड़ा आता
प्राची के झिलमिल आंगन से मुक्ति-दिवस मुस्काता
जय हे भारत माता!

गंगा लेकर चली अर्घ्य-जल, यमुना लेकर फूल
सागर लेने चला उमड़कर जननी की पग-धूल
दीप लिए गंडकी पधारी, पद्मा गाती वन्दन
भारत माता के मन्दिर में आज जननी पद-पूजन
जननी खड़ी आरती ले रही, लिए खुले धन केश
क्षमा मांगती भूमि शिवा की, बुन्देलों का देश
स्वर भर्राया है कृष्णा का, उमड़ा अश्रु नयन में
इतना बड़ा देश पृथ्वी पर, पड़ा आज बंधन में
जननी पत्थर बनी निहारे, दासी का पद-पूजन
चुरा ले गई नीन्द दृगों की, ज़ंजीरों की झनझन
दबी हुई आवाज़ उठ रही, कुन्दन बढ़ता जाता
नवभारत के शान्ति गगन में अन्धड़ उड़ता जाता
जय हे भारत माता!

इस स्वर्गीय देश की शोभा हमको रुला रही है
नर प्रताप की भूमि सामने हमको बुला रही है
गौरी शंकर से गिरिवर के आज नयन में पानी
लौट रही भू पर विन्ध्या की बन्धन बन्धी जवानी
आज रामगिरि कालिदास का आँसू से मुँह धोता
छवि तुलसी की पंचवटी में, बन्धु भरत है रोता
नील नीलगिरी, श्याम श्याम-व्रज, गोदावरी सिहरती
कुचले हुए फूल पर जननी चलती मस्तक धरती
भारत के दक्षिण में देखो लहराता है सागर
और आज इस पुण्य देश कि रीती रस की गागर
यमुना-तट के तरु तमाल में कब से पतझड़ आई
देह-दहन की अग्नि प्रबल है, कुसुम-काली मुरझाई
उठते हुए सूर्य को क्षण-क्षण भारत देख रहा है
स्वर्ण किरण पर अपने तन के चिथड़े फेंक रहा है
आता है दिनमान, तिमिर की धज्जी आज उड़ाता
पेड़-पेड़ कारा में बन्दी, भारत नयन जुड़ाता
जय हे भारत माता!

सागर जननी की दो बाँहों पर मणिबन्ध बना है
आंगन पर रवि शशि-तारों का विमल-वितान तना है
हिमकिरीट डाले मस्तक पर प्रहरी है कैलास
नीचे समतल पर तरु-मरु पर कोटि-कोटि का वास
दुनिया में जिस राष्ट्र-वृक्ष को गंगा का जल सींचे
धूल-धूसरित जिसके पग पर सागर नीर उलीचे
जो जलते मरु के आतप में, वर्ष-वर्ष तपता हो
हाथों में हथकड़ी पहन, जो मुक्ति नाम जपता हो
उसका भाग्य लिए हाथों में तरुण ताकते मौक़ा
हिला न पाया उनको अब तक युगारम्भ का झोंका
जाग रहे जनपद बन्दी का बन्धन खलता जाता
जय हे भारत माता!

- गोपाल सिंह नेपाली

सिराय के दरिया खइयो

धरती वीर विहीना नांई रहनी, काऊ धोखे में मति रहियो
काऊ धोखे में मति रहियो, नेंक सिराय के दरिया खइयो

नित उधार के हथियारन की नाहक हाट लगावै
बन्दर घुड़की दै-दै कें तू, का मोको डरपावै
कहूँ ऐसौ ना होय तिरंगौ, दुनिया पै फहरावै
बन्दिश काऊ मुलक की नांई सहनी, काऊ धोखे में मति रहियो

हमने बड़े-बड़े रावण देखे, बड़ी-बड़ी देखीं लंका
हमने बड़े-बड़े कंश पछारे, नांहि काल की शंका
मरिवे से कब-कब डरपे हैं, धीर वीर रणबंका
केशर पाग बिरथ में नांई पहनी, काऊ धोखे में मति रहियो

रणभूमि कैसे भूलेगी, मानिक शा, करियप्पा
सदा भवानी रहे दाहिने, सन्मुख गणपति बप्पा
अबकी तोसो कहवाइ देइंगे, हम पानी ते पप्पा
हमने हाथनि चुड़ियाँ नांई पहनी, काऊ धोखे में मति रहियो

-पवन चैहान

ये शेख़-बिरहमन के झगड़े

हिंदू, सिख, पिछड़ेजन, सवर्ण
ये शेख़-बिरहमन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

जाने ये किसकी नज़र लगी, मुस्काना भूल गयीं कलियाँ
हँसना भूले मनचले फूल, गुंजन भूलीं भ्रमरावलियाँ
सहमे-सहमे से नगर-गाँव, भूले मेलों की रंगरलियाँ
पायल की रुनझुन भूल गए घायल बाज़ार, चैक, गलियाँ
सड़कों पर बूटों की आहट, बोझिल मौसम, गुमसुम पनघट
होंगे नानक व मोहम्मद से कब तक रघुनन्दन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

कुछ तुम भूलो, कुछ हम भूलें ईश्वर से करें प्रार्थनाएँ
सुलगें न और पंजाब, असम, अब जलें न और अयोध्याएँ
मन हों कबीर जैसे निर्मल, भाई-भाई फिर मिल जायें
जब कभी एक का हृदय दुखे, भर नयन दूसरे के आयें
महकें कश्मीरी अमराई, बादल संग घूमे पुरवाई
अब और न हों इस मधुबन में, फागुन से सावन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

गांधी-नेहरू के सपनों का भारत हो फिर से मूर्तिमान
मन्दिर में घण्टे बजें; पास ही मस्जिद में गूंजे अजान
हों सबके लिए पवित्र बाइबिल, गुरुवानी, गीता, क़ुरआन
पहले इन्सान बनें; फिर हिंदू, सिख, ईसाई, मुसलमान
ग़ैरों की चालें सफल न हों, भारत माँ के दृग सजल न हों
अनुयाई प्रजातंत्र के हम, फिर क्यों सिंहासन के झगड़े
बरबाद न कर दें कहीं हमें
अपने घर-आंगन के झगड़े

-किशन सरोज

हमारे देश का आकाश

तुम्हें जो गर्व है अपने चमन पर
हमें भी नाज़ है अपने वतन पर
पड़ोसी दुश्मनो! नभ से तुम्हारे-
हमारे देश का आकाश कम ऊँचा नहीं है

अहिंसा-एकता के हम पुजारी
बहुत शालीन हैं प्रहरी हमारे
मग़र यह मत समझना, सौंप देंगे
तुम्हें डल झील में तिरते शिकारे
तुम्हें जो गर्व अपने सैन्य-दल पर
हमें अभिमान अपने आत्मबल पर
तुम्हारे पर्वतों की चोटियों से
हमारे देश का कैलाश कम ऊँचा नहीं है

निवेदन है सभी से, अब हमारे
कपोतों पर न कोई बाज़ छोड़े
भरी बारूद तोपों के दहाने
न अब कोई हमारी ओर मोड़े
न हम अन्याय के आगे झुके हैं
अनेकों बार यह दिखला चुके हैं
तुम्हारे व्योमचुम्बी ‘सेवरों’ से
हमारे ‘नेट’ का भुजपाश कम ऊँचा नहीं है

हमें अवसर मिला, हमने सराहा
तुम्हारे फ़ैज़ को मेंहदी हसन को
तुम्हें भी है मुनासिब मान देना
हमारे तेवरों को, बाँकपन को
किसी के भाग्य से जलते नहीं हम
तुम्हारी ‘ट्रेल’ हो चाहे ‘बिलफ़’ हो
हमारे हाथ में भी ताश कम ऊँचा नहीं है

-किशन सरोज

भारत के सपने

तुम सवर्ण हो, अवर्ण हो तुम
तुम अर्जुन हो, कर्ण हो तुम
तुम ऊँच हो, नीच हो तुम
तुम आँगन, दहलीज हो तुम
तुम बहु, अल्पसंख्यक हो तुम
तुम धर्म हो, मज़हब हो तुम
कहने को तो,
नारों में भाई- भाई हो तुम
पर असलियत में
हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई हो तुम!

और न जाने क्या-क्या तुम हो
सही मायने में
कुत्ते की दुम हो।

तुम कहते हो कि तुम
ग़रीब, असहाय और नंगे हो,
यह अलग बात है कि तुम
सिर्फ़ लड़ाई, झगड़े और दंगे हो।
तुम कहते हो कि तुम
जात-पाँत से ऊपर उठ कर
सुलझे हुए हो ,
ये अलग बात है कि तुम
आज तक भी
मन्दिर, मस्जिद, चर्च और
गुरुद्वारे में उलझे हुए हो।

तुम्हारी करतूतों ने
देश में
दुखड़े ही दुखड़े भर दिये हैं
तुम अपने-आपको
दूसरों से तो जोड़ते क्या
तुमने अपनी-अपनी
आस्थाओं के भी टुकड़े कर लिये हैं।

फिर भी कहते हो
कि तुम हरेक पल
देश और समाज की
प्रगति की फरियाद में हो ,
ये अलग बात है कि तुम
सब कुछ पहले हो
बस, हिन्दुस्तानी बाद में हो।

इसीलिए तो
तुम हो नहीं पाये
इन्सान से आदमी
आदमी से इंसा;
ईमान से धर्म
और धर्म से ईमान।

तुम चाहते हो
इस महावृक्ष की
शाख-शाख को काटो।
फिर मनचाहे अनुपात में
आपस में बाँटो।
क़द्र करने लायक तुम्हारे हौसले हैं
काटो, बाँटो पर सोचो
महावृक्ष की इन शाखों पर
कुछ और भी घोंसले हैं।

जिनमें
कल फिर
निर्माण यात्रा पर
निकल पड़नेवाले
सुस्ता रहे होंगे, सो रहे होंगे
सोते हुए भी रो रहे होंगे;
सँजोए हुए केवल यही डर,
उनकी जिंदगी भी
न जाने कब
हो जाए किसी बम का सफ़र।

क्या कहा ?
तुम्हें कोई याद नहीं
गांधी, सुभाष
ऊधमसिंह या अब्दुल हमीद,
तुम्हारी करतूतों पर
शर्मिन्दा होते
दिखाई नहीं देते, तुमको
अपने देश के
स्वतन्त्रता संग्राम सेनानी और शहीद।

तो सुनो, मैं कहता हूँ-
मुझे अन्धा हो जाना चाहिए
यदि अपने देश में
रहनेवाले सब
मुझे अपने दिखाई नहीं देते
बेशक़, मेरा गला काटकर
शहर के किसी ख़ास चैराहे पर
लटका देना चाहिए
यदि मुझे
भारत में रहकर
भारत के सपने 
दिखाई नहीं देते।

-मक्खन मुरादाबादी

आज का कैसा हिंदुस्तान है

कैसा हिंदुस्तान आज का कैसा हिंदुस्तान है
नंगा यहाँ जुलाहा भाई भूखा यहाँ किसान है

सन्तों और महन्तों से ये देश आज का हारा है
पागल कुत्ते का काटा है चैधरियों का मारा है
कुर्सी में ईमान आज है कुर्सी में आज़ादी है
लोकतन्त्र अन्धों का हाथी, नेताओ की चान्दी है
जनता जैसे कूड़ा-करकट और खेत खलिहान है

यह भी कैसा उलटफेर है पक्का चोर, सिपाही है
गलियारे में फाग मचा हैं घर में मची तबाही है
अब भी दूरी बनी हुयी है रोटी और लंगोटी में
घर की सारी ख़ुशियाँ गिरवी केवल दाढ़ी-चोटी में
यह बतलाना मुश्किल है जी कौन बड़ा शैतान है

सब थाली के बैंगन है सब बेपेंदी के लोटे हैं
बातें सब की बड़ी-बड़ी है करतब सबके छोटे हैं
सावधान रहना है हरदम हे भाई ग़द्दारों से
सर्वधर्म समभाव मुखौटा, लैस यहाँ हथियारों से
गिरगिट-सा ये रंग बदलते यह इनकी पहचान है

इनको केवल वोट चाहिए हम जैसे यजमानों से
पूरे-पूरे गाँव का सौदा होने लगा प्रधानों से
जाति धर्म भाषा को लेकर ये दंगा करवाते हैं
अपने-अपने मौक़े पर ये क़ौमों को मरवाते हैं
इनकी नीयत ठीक नहीं है गिरा हुआ ईमान है

बेकारी है, भूख-मरी है महँगाई है देश में
वही ग़ुलामी नए सिरे से फिर आयी है देश में
पर्दा ही पर्दा है बाहर भीतर-भीतर पोल है
गाँव-गाँव की हुई तरक़्की सिर्फ़ दूर का ढोल है
फूलों का शौक़ीन हमारा बुलबुल लहूलूहान है

कोई स्वाद नहीं मिलता है होली में, दीवाली में
ख़ूनी भैंसा देह बनाता वह देखो हरियाली में
साठ-गाँठ है मिली-भगत है कैसी गुंडागर्दी है
जैसी उजली टोपी निकली वैसी ख़ाकी वर्दी है
तानाशाही यहाँ रहेगी उसे मिला वरदान है

कितना पानीदार देश है कितना पानीदार है
कुछ कहती सरकार यहाँ पर कुछ कहता अख़बार है
कोई नक़्शा सही नहीं है हर तस्वीर अधूरी है
गाँव सभा से लोकसभा तक अब बदलाव ज़रूरी है
अन्धे की अगुवाई है यह दिशाहीन अभियान है

सब कुछ जैसे पुश्तैनी है गद्दी यहाँ बपौती है
नेता को आदमी बनाना सबसे बड़ी चुनौती है
अफ़वाहों के रंग में डूबी बहती हुई हवाएँ हैं
रावण भी बहुतेरे, देखो बहुतेरी लंकाएँ हैं
ख़तरे में रसखान देश का ख़तरे में भगवान है

-कैलाश गौतम

अमृत का सरोवर है वतन

एक अमृत का सरोवर है वतन
प्यार की पावन धरोहर है वतन
आजकल उसके हृदय में घाव हैं
ये उसी के तप्त मन के भाव हैं
कह रहा है जागने का वक़्त है
नींद में गहरी न सोना चाहिए
अश्रु मेरी आँख से जो भी गिरे
आपकी आँखों में होना चाहिए

फूल की गन्धें कभी लड़ती नहीं
वे घृणा की पुस्तकें पढ़ती नहीं
प्यार की प्यासी कला की उंगलियाँ
दुश्मनी की मूर्तियाँ गढ़ती नहीं
सिंधु से उड़ते हुए घन ने कहा
प्यार से भीगे हुए मन ने कहा
ग़ैर की आँखों के आँसू से कभी
अपना दामन भी भिगोना चाहिए

हम पवन थे, आन्धियों में बँट गए
पृष्ठ थे हम, हाशियों में बँट गए
जन्म से तो सिर्फ़ हम इन्सान थे
हम स्वयं ही जातियों में बँट गए
और भी ये एक अनहोनी हुई
आदमी की मूर्ति फिर बौनी हुई
लग गया है धर्म पे आकर के जो
ख़ून का वो दाग़ धोना चाहिए

-कुँअर बेचैन

रावण है रथी

लड़खड़ाते सत्य के संकल्प के अंगद चरण
चढ़ रही है फिर कसौटी पर विभीषण की शरण
आसुरी उद्घोष करते हैं दशानन के दसों मुख
युद्ध को ललकारते, हुंकारते सन्नद्ध सम्मुख
चीखता है आज सरयू तीर है, है रावणरथी
हार मत जाना विरथ रघुवीर, रावण है रथी

धर्म-भाषा-प्रान्त की ये भेदवादी योजनाएँ
ये स्वयं से ही स्वयं को तोड़ने को घोषणाएँ
कामना सिंहासनों की, सामने है स्वर्ण लंका
संकटों से त्रस्त है सम्मान रघुकुल के वचन का
लिख रहे सब देश की तक़दीर, रावण है रथी
हार मत जाना विरथ रघुवीर, रावण है रथी

हो गए थे धन्य उस दिन राम जब आकर मिले
और भीलों से, किराटों से, निषादों से गले
देखते हम देश की तरुणाइयों के शव जले
राजपथ पर रथ अवर्णों के सवर्णों के चले
रामसेना के पगों ज़ंजीर, रावण है रथी
हार मत जाना विरथ रघुवीर, रावण है रथी

मेघनादी अस्त्र से मूर्च्छित हुए भाई पड़े
अट्टहासी भंगिमा लेकर दशानन हैं खड़े
है हमें विश्वास मन रामत्व से भर जाएगा
फिर कोई हनुमान ले संजीवनी आ जाएगा
हम पढ़ेंगे मात्र मन की पीर, रावण है रथी
हार मत जाना विरथ रघुवीर, रावण है रथी

जड़ अहल्या-सी शिला पाषाण से चेतन हुई
सृजन का संकल्प लेकर राम जब तुमने छुई
परम चेतन राम तुम जड़ हो नहीं सकते कहीं
तुम किसी दीवार या मीनार के बन्दी नहीं
तुम कहाँ हो प्रश्न है गम्भीर, रावण है रथी
हार मत जाना विरथ रघुवीर, रावण है रथी

-बशीर अहमद मयूख

चाहता हूँ देश की धरती, तुझे कुछ और भी दूँ

मन समर्पित, तन समर्पित
और यह जीवन समर्पित
चाहता हूँ देश की धरती, तुझे कुछ और भी दूँ

मॉं तुम्हारा ऋण बहुत है, मैं अकिंचन
किंतु इतना कर रहा, फिर भी निवेदन
थाल में लाऊँ सजाकर भाल में जब भी
कर दया स्वीकार लेना यह समर्पण

गान अर्पित, प्राण अर्पित
रक्त का कण-कण समर्पित
चाहता हूँ देश की धरती, तुझे कुछ और भी दूँ

मॉंज दो तलवार को, लाओ न देरी
बॉंध दो कसकर, कमर पर ढाल मेरी
भाल पर मल दो, चरण की धूल थोड़ी
शीश पर आशीष की छाया धनेरी

स्वप्न अर्पित, प्रश्न अर्पित
आयु का क्षण-क्षण समर्पित।
चाहता हूँ देश की धरती, तुझे कुछ और भी दूँ

तोड़ता हूँ मोह का बंधन, क्षमा दो
गॉंव मेरी, द्वार-घर मेरी, ऑंगन, क्षमा दो
आज सीधे हाथ में तलवार दे-दो
और बाऍं हाथ में ध्‍वज को थमा दो

सुमन अर्पित, चमन अर्पित
नीड़ का तृण-तृण समर्पित
चहता हूँ देश की धरती, तुझे कुछ और भी दूँ

-राम अवतार त्यागी

पहरुए! सावधान रहना

आज जीत की रात 
पहरुए! सावधान रहना
खुले देश के द्वार अचल दीपक समान रहना
पहरुए! सावधान रहना।

प्रथम चरण है नये स्वर्ग का है मंज़िल का छोर
इस जन-मंथन से उठ आई पहली रत्न-हिलोर
अभी शेष है पूरी होना जीवन-मुक्ता-डोर
क्यों कि नहीं मिट पाई दुख की विगत साँवली कोर
ले युग की पतवार बने अंबुधि समान रहना।
पहरुए! सावधान रहना।

विषम शृंखलाएँ टूटी हैं खुली समस्त दिशाएँ
आज प्रभंजन बनकर चलतीं युग-बंदिनी हवाएँ
प्रश्नचिह्न बन खड़ी हो गयीं यह सिमटी सीमाएँ
आज पुराने सिंहासन की टूट रही प्रतिमाएँ
उठता है तूफान, इंदु! तुम दीप्तिमान रहना।
पहरुए! सावधान रहना।

ऊंची हुई मशाल हमारी आगे कठिन डगर है
शत्रु हट गया, लेकिन उसकी छायाओं का डर है
शोषण से है मृत समाज कमज़ोर हमारा घर है
किन्तु आ रही नई ज़िन्दगी यह विश्वास अमर है
जन-गंगा में ज्वार, लहर तुम प्रवहमान रहना
पहरुए! सावधान रहना।

- गिरिजाकुमार माथुर