Saturday

जब गीतकार मर गया

जब गीतकार मर गया, चांद रोने आया
चांदनी मचलने लगी कफ़न बन जाने को
मलयानिल ने शव को कन्धों पर उठा लिया
वन ने भेजे चन्दन-श्रीखण्ड जलाने को
सूरज बोला, यह बड़ी रोशनीवाला था
मैं भी न जिसे भर सका कभी उजियाली से
रंग दिया आदमी के भीतर की दुनिया को
इस गायक ने अपने गीतों की लाली से
बोला बूढ़ा आकाश ध्यान जब यह धरता
मुझ में यौवन का नया वेग जग जाता था
इस के चिन्तन में डुबकी एक लगाते ही
तन कौन कहे, मन भी मेरा रंग जाता था
देवों ने कहा, बड़ा सुख था; इसके मन की
गहराई में डूबने और उतराने में
माया बोली, मैं कई बार थी भूल गयी
अपने को गोपन भेद इसे बतलाने में
योगी था, बोला सत्य, भागता मैं फिरता
यह जाल बढ़ाये हुए दौड़ता चलता था
जब-जब लेता यह पकड़ और हँसने लगता
धोखा देकर मैं अपना रूप बदलता था
मर्दों को आयीं याद बाँकपन की बातें
बोले- जो हो, आदमी बड़ा अलबेला था
जिसके आगे तूफ़ान अदब से झुकते हैं
उसको भी इसने अहंकार से झेला था
नारियाँ बिलखने लगीं, बाँसुरी के भीतर
जादू था, कोई अदा बड़ी मतवाली थी
गर्जन में भी थी नमी, आग से भरे हुए
गीतों में भी कुछ चीज़ रुलाने वाली थी
वे बड़ी-बड़ी आँखें आँसू से भरी हुईं
पानी में जैसे कमल डूब उतराता हो
वह मस्ती में झूमते हुए उस का आना
मानो, अपना ही तनय झूमता आता हो
चिन्तन में डूबा हुआ, सरल, भोला-भाला
बालक था, कोई पुरुष दिव्य अवतारी था
तुम तो कहते हो मर्द, मगर, मन के भीतर
यह कलावन्त हम से भी बढ़कर नारी था
चुपचाप ज़िन्दगी भर इसने जो ज़ुल्म सहे
उतना नारी भी कहाँ मौन हो सहती है?
आँखों के आँसू मन के भेद जता जाते
कुछ सोच-समझ जिह्वा चाहे चुप रहती है
पर, इसे नहीं रोना का भी अवकाश मिला
सारा जीवन कट गया आग सुलगाने में
आख़िर, वह भी सो गया; ज़िन्दगी ने जिसको
था लगा रखा सोतों को छेड़ जगाने में
बेबसी बड़ी उन बेचारों की क्या कहिए
चुपचाप जिन्हें जीवन भर जलना होता है
ऊपर-नीचे द्वेषों के कुन्त तने होते
बचकर उन को बेदाग़ निकलना होता है
जाओ, कवि, जाओ! मिला तुम्हें जो कुछ हमसे
दानी को उस के सिवा नहीं कुछ मिलता है
चुन-चुनकर हम तोड़ते वही टहनी केवल
जिस पर कोई अपरूप कुसुम आ खिलता है
विष के प्याले का मोल और क्या हो सकता!
प्रेमी तो केवल मधुप प्रीत ही देता है
कवि को चाहे संसार भेंट दे जो, लेकिन
बदले में वह निष्कपट गीत ही देता है
आवरण गिरा, जगती की सीमा शेष हुई
अब पहुँच नहीं तुम तक इन हाहाकारों की
नीचे की महफ़िल उजड़ गयी, ऊपर कल से
कुछ और चमक उट्ठेगी सभी सितारों की

- रामधारी सिंह 'दिनकर'

No comments:

Post a Comment