Saturday

आओ फिर से दीया जलाएँ

भरी दुपहरी में अंधियारा
सूरज परछाई से हारा
अंतरतम का नेह निचोड़ें
बुझी हुई बाती सुलगाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ

हम पड़ाव को समझे मंज़िल
लक्ष्य हुआ आँखों से ओझल
वर्तमान के मोहपाश में
आने वाला कल न भुलाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ

आहुति बाक़ी, यज्ञ अधूरा
अपनों के विघ्नों ने घेरा
अंतिम जय का वज्र बनाने
नव-दधीचि हड्डियां गलाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ


-अटल बिहारी वाजपेयी

No comments:

Post a Comment