Showing posts with label Kavita. Show all posts
Showing posts with label Kavita. Show all posts

Monday

ख़ूनी हस्ताक्षर

वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें उबाल का नाम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, आ सके देश के काम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें जीवन, न रवानी है!
जो परवश होकर बहता है, वह ख़ून नहीं, पानी है!
उस दिन लोगों ने सही-सही ख़ूं की क़ीमत पहचानी थी।
जिस दिन सुभाष ने बर्मा में मांगी उनसे क़ुर्बानी थी।
बोले- ‘स्वतन्त्रता की ख़ातिर बलिदान तुम्हें करना होगा।
तुम बहुत जी चुके हो जग में, लेकिन आगे मरना होगा।
आज़ादी के चरणों में, जो जयमाल चढ़ायी जायेगी।
वह सुनो, तुम्हारे शीशों के फूलों से गूँथी जाएगी।
आज़ादी का संग्राम कहीं पैसे पर खेला जाता है?
यह शीश कटाने का सौदा नंगे सर झेला जाता है’
यूँ कहते-कहते वक्ता की आँखों में ख़ून उतर आया!
मुख रक्त-वर्ण हो दमक उठा, दमकी उनकी रक्तिम काया!
आजानु-बाहु ऊँची करके वे बोले- ‘रक्त मुझे देना।
इसके बदले भारत की आज़ादी तुम मुझसे लेना।’
हो गई सभा में उथल-पुथल, सीने में दिल न समाते थे।
स्वर इंक़लाब के नारों के कोसों तक छाये जाते थे।
“हम देंगे-देंगे ख़ून” -शब्द बस यही सुनायी देते थे।
रण में जाने को युवक खड़े तैयार दिखायी देते थे।
बोले सुभाष- ‘इस तरह नहीं, बातों से मतलब सरता है।
लो, यह काग़ज़, है कौन यहाँ आकर हस्ताक्षर करता है?
इसको भरनेवाले जन को सर्वस्व-समर्पण करना है।
अपना तन-मन-धन-जन-जीवन माता को अर्पण करना है।
पर यह साधारण पत्र नहीं, आज़ादी का परवाना है।
इस पर तुमको अपने तन का कुछ उज्ज्वल रक्त गिराना है!
वह आगे आये, जिसके तन में ख़ून भारतीय बहता हो।
वह आगे आये, जो अपने को हिन्दुस्तानी कहता हो!
वह आगे आये, जो इस पर ख़ूनी हस्ताक्षर देता हो!
मैं क़फ़न बढ़ाता हूँ, आये जो इसको हँसकर लेता हो!’
सारी जनता हुंकार उठी- ‘हम आते हैं, हम आते हैं!
माता के चरणों में यह लो, हम अपना रक्त चढ़ाते हैं!’
साहस से बढ़े युवक उस दिन, देखा, बढ़ते ही आते थे!
चाकू-छुरी कटारियों से, वे अपना रक्त गिराते थे! 
फिर उस रक्त की स्याही में, वे अपनी क़लम डुबाते थे!
आज़ादी के परवाने पर हस्ताक्षर करते जाते थे!
उस दिन तारों ने देखा था, हिन्दुस्तानी विश्वास नया।
जब लिखा था रणवीरों ने, ख़ूं से अपना इतिहास नया।

-गोपालप्रसाद व्यास

वी पी सिंह का भाषण

लालक़िले से सुनकर भाषण एक चीज़ स्पष्ट हो गई
अपनी बुद्धि ठीक-ठाक थी भाषण सुनकर भ्रष्ट हो गई
सत्तर गज लंबे भाषण में मीलों लंबे आश्वासन थे
बीस मिनिट का चित्रहार था तीस मिनिट के विज्ञापन थे
सब कुछ घिसा-पिटा था राजा कोई नया विचार नहीं था
प्रतिभा और योग्यता के प्रति तेरे मन में प्यार नहीं था
तेरा भाषण सचमुच राजा शब्दों की सुंदर दुकान है
शब्द बेचकर, वोट ख़रीदो ये कुर्सी का संविधान है
इस पर भी तुम ये कहते हो मेरा भारत भी महान है
लेकिन इधर झाँक कर देखो, चोटों के कितने निशान हैं
वोटों की ख़ातिर छुट्टी की, करो घोषणा तुम्हें बधाई
लालकिला रो-रोकर कहता, चोर-चोर मौसेरे भाई
राजा तुम रणछोड़दास थे, इसीलिए रण छोड़ दिया है
बात एकता की करते थे, किंतु देश को तोड़ दिया है
मुद्दे पर मतभेद सही है, पर तुमने तो भेद कर दिया
जिस थाली में तुम्हें खिलाया, उसमें तुमने छेद कर दिया
राजा मुझसे बात करो तुम, खुलकर दो-दो हाथ करो तुम
मंडल का बंडल जलवा दो, या मुझको इतना समझा दो
क्या केवल पिछड़े लोगों के बच्चे ही ग़रीब होते हैं
क्या मध्यमवर्गीय लोगों के फूटे नहीं नसीब होते हैं
हरिजन की चिंता जायज है, पर इनका भी ज़िक्र करो तुम
रोज़ कर रहे आत्मदाह जो, उनकी भी कुछ फिक्र करो तुम
बहुत किया तुमने आवाह्न अब हम तनकर खड़े हो गए
कह दो बाबर के बेटों से, अब लव-कुश भी बड़े हो गए

-गोविन्द व्यास

वर्तमान उज्ज्वल करना है

विस्मृत कर दो कुछ अतीत को, दूर कल्पना को भी छोड़ो
सोचो दो क्षण गहराई से, आज हमें अब क्या करना है

वर्तमान की उज्ज्वलता से भूत चमकता भावी बनता
इसीलिए सह-घोष यही हो, ‘वर्तमान उज्ज्वल करना है’

हमने जो गौरव पाया वह अनुशासन से ही पाया है
जीवन को अनुशासित रखकर, वर्तमान उज्ज्वल करना है

अनुशासन का संजीवन यह, दृढ़-संचित विश्वास रहा है
आज आपसी विश्वासों से, वर्तमान उज्ज्वल करना है

क्षेत्र-काल को द्रव्य भाव को समझ चले वह चल सकता है
सिर्फ बदल परिवर्तनीय को, वर्तमान उज्ज्वल करना है

अपनी भूलों के दर्शन स्वीकृति परिमार्जन में जो क्षम है
वह जीवित, जीवित रह कर ही, वर्तमान उज्ज्वल करना है

औरों के गुण-दर्शन स्वीकृति अपनाने में जो तत्पर है
वह जीवित, जीवित रह कर ही, वर्तमान उज्ज्वल करना है

दर्शक दर्शक ही रह जाते, हम उत्सव का स्पर्श करेंगे
परम साध्य की परम सिध्दि यह, वर्तमान उज्ज्वल करना है

- आचार्य महाप्रज्ञ

दीप तेरा वन्दन

हे दीप तेरा वंदन, हे दीप तेरा वंदन!
तुझको है समर्पित भावों के अक्षत रोली चंदन।

तुझसे ही जग उजियारा है तुझसे डरता अंधियारा है
तुझसे जगमग चौबारा और हर राह गली आंगन

जो कण तुझसे आलोकित है वो जग में सुंदर शोभित है
वो सूर्य तेज में लोहित है और चंद्र में शीत किरण

है विनती यही ऐसा वर दे हर गाँव ठाँव खुशियाँ भर दे
जीवन को ज्योतिर्मय कर दे है चाह यही पावन

-किशोर तिवारी

जवाब चाहिए

क़ामयाबी को हमेशा ख़िताब चाहिए
खूबसूरती को ज़ेवरो-हिजाब चाहिए

कभी कोई शायद क़द्र करे उनकी
तजुर्बों को ख़तो क़िताब चाहिए

तितलियों की चाहतों के सदके
गुलशनों को सदा शबाब चाहिए

वालिदान ने आखिर किया क्या है
औलादों को इसका हिसाब चाहिए

असलियत से बहुत ही डरते हैं वो 
बहरूपियों को रोज ख़िजाब चाहिए

जिंदगी के आखिरी मुकाम पर उन्हें
सुकूं के लिए दिली अज़ाब चाहिए

दुनिया करे बस उनकी कदमपोशी
हुकूमत करने को रुआब चाहिए

ओ मेरे रहबर क्यों आया हूं मैं यहां
मंडेला को इसका जवाब चाहिए

-कैलाश मण्डेला

Sunday

मौत से ठन गई!

ठन गई! 
मौत से ठन गई! 

जूझने का मेरा इरादा न था, 
मोड़ पर मिलेंगे इसका वादा न था, 
रास्ता रोक कर वह खड़ी हो गई, 
यों लगा ज़िन्दगी से बड़ी हो गई। 
मौत की उमर क्या है? दो पल भी नहीं, 
ज़िन्दगी सिलसिला, आज कल की नहीं। 
मैं जी भर जिया, मैं मन से मरूँ, 
लौटकर आऊँगा, कूच से क्यों डरूँ? 
तू दबे पाँव, चोरी-छिपे से न आ, 
सामने वार कर फिर मुझे आज़मा। 
मौत से बेख़बर, ज़िन्दगी का सफ़र, 
शाम हर सुरमई, रात बंसी का स्वर। 
बात ऐसी नहीं कि कोई ग़म ही नहीं, 
दर्द अपने-पराए कुछ कम भी नहीं। 
प्यार इतना परायों से मुझको मिला, 
न अपनों से बाक़ी हैं कोई गिला। 
हर चुनौती से दो हाथ मैंने किये, 
आंधियों में जलाए हैं बुझते दिए। 
आज झकझोरता तेज़ तूफ़ान है, 
नाव भँवरों की बाँहों में मेहमान है। 
पार पाने का क़ायम मगर हौसला, 
देख तेवर तूफ़ाँ का, तेवरी तन गई। 
मौत से ठन गई।

©अटल बिहारी वाजपेयी

Saturday

चमारों की गली तक

आइए महसूस करिए ज़िन्दगी के ताप को
मैं चमारों की गली तक ले चलूंगा आपको
जिस गली में भुखमरी की यातना से ऊब कर
मर गई फुलिया बिचारी इक कुएँ में डूब कर
है सधी सिर पर बिनौली कंडियों की टोकरी
आ रही है सामने से हरखुआ की छोकरी
चल रही है छन्द के आयाम को देती दिशा
मैं इसे कहता हूँ सरजू-पार की मोनालिसा
कैसी यह भयभीत है हिरनी-सी घबराई हुई
लग रही जैसे कली बेला की कुम्हलाई हुई
कल को यह वाचाल थी पर आज कैसी मौन है
जानते हो इसकी ख़ामोशी का कारण कौन है
थे यही सावन के दिन हरखू गया था हाट को
सो रही बूढ़ी ओसारे में बिछाए खाट को
डूबती सूरज की किरनें खेलती थीं रेत से
घास का गट्ठर लिए वह आ रही थी खेत से
आ रही थी वह चली खोई हुई जज़्बात में
क्या पता उसको कि कोई भेड़िया है घात में
होनी से बेखबर कृष्ना बेख़बर राहों में थी
मोड़ पर घूमी तो देखा अजनबी बाँहों में थी
चीख़ निकली भी तो होंठों में ही घुट कर रह गई
छटपटाई पहले फिर ढीली पड़ी फिर ढह गई
दिन तो सरजू के कछारों में था कब का ढल गया
वासना की आग में कौमार्य उसका जल गया
और उस दिन ये हवेली हँस रही थी मौज में
होश में आई तो कृष्णा थी पिता की गोद में
जुड़ गई थी भीड़ जिसमें ज़ोर था सैलाब था
जो भी था अपनी सुनाने के लिए बेताब था
बढ़ के मंगल ने कहा काका तू कैसे मौन है
पूछ तो बेटी से आख़िर वो दरिन्दा कौन है
कोई हो संघर्ष से हम पाँव मोड़ेंगे नहीं
कच्चा खा जाएंगे ज़िन्दा उनको छोड़ेंगे नहीं
कैसे हो सकता है होनी कह के हम टाला करें
और ये दुश्मन बहू-बेटी से मुँह काला करें
बोला कृष्णा से बहन सो जा मेरे अनुरोध से
बच नहीं सकता है वो पापी मेरे प्रतिशोध से
पड़ गई इसकी भनक थी ठाकुरों के कान में
वे इकट्ठे हो गए थे सरपंच के दालान में
दृष्टि जिसकी है जमी भाले की लम्बी नोक पर
देखिए सुखराज सिंह बोले हैं खैनी ठोक कर
क्या कहें सरपंच, भाई क्या ज़माना आ गया
कल तलक जो पाँव के नीचे था, रुतबा पा गया
कहती है सरकार कि आपस में मिलजुल कर रहो
सुअर के बच्चों को अब कोरी नहीं हरिजन कहो
देखिए ना यह जो कृष्णा है चमारो के यहाँ
पड़ गया है सीप का मोती गँवारों के यहाँ
जैसे बरसाती नदी अल्हड़ नशे में चूर है
हाथ न पुट्ठे पे रखने देती है मग़रूर है
भेजता भी है नहीं ससुराल इसको हरखुआ
फिर कोई बाँहों में इसको भींच ले तो क्या हुआ
आज सरजू-पार अपने श्याम से टकरा गई
जाने-अनजाने वो लज़्ज़त ज़िन्दगी की पा गई
वो तो मंगल देखता था बात आगे बढ़ गई
वरना वह मरदूद इन बातों को कहने से रही
जानते हैं आप मंगल एक ही मक़्कार है
हरखू उसकी शह पे थाने जाने को तैयार है
कल सुबह गरदन अगर नपती है बेटे-बाप की
गाँव की गलियों में क्या इज़्ज़त रहेगी आपकी
बात का लहजा था ऐसा ताव सबको आ गया
हाथ मूँछों पर गए माहौल भी सन्ना गया
था क्षणिक आवेश जिसमें हर युवा तैमूर था
हाँ मगर होनी को तो कुछ और ही मंज़ूर था
रात जो आया न अब तूफ़ान वह पुरज़ोर था
भोर होते ही वहाँ का दृश्य बिल्कुल और था
सिर पे टोपी बेंत की लाठी संभाले हाथ में
एक दर्जन थे सिपाही ठाकुरों के साथ में
घेरकर बस्ती कहा हलके के थानेदार ने-
”जिसका मंगल नाम हो वह व्यक्ति आए सामने“
निकला मंगल झोपड़ी का पल्ला थोड़ा खोलकर
एक सिपाही ने तभी लाठी चलाई दौड़कर
गिर पड़ा मंगल तो माथा बूट से टकरा गया
सुन पड़ा फिर- “माल वो चोरी का तूने क्या किया?”
”कैसी चोरी माल कैसा?“ उसने जैसे ही कहा
एक लाठी फिर पड़ी बस होश फिर जाता रहा
होश खोकर वह पड़ा था झोपड़ी के द्वार पर
ठाकुरों से फिर दरोगा ने कहा ललकारकर-
”मेरा मुँह क्या देखते हो! इसके मुँह में थूक दो
आग लाओ और इसकी झोपड़ी भी फूँक दो“
और फिर प्रतिशोध की आन्धी वहाँ चलने लगी
बेसहारा निर्बलों की झोपड़ी जलने लगी
दुधमुँहा बच्चा व बुड्ढा जो वहाँ खेड़े में था
वह अभागा दीन, हिंसक भीड़ के घेरे में था
घर को जलते देखकर वे होश को खोने लगे
कुछ तो मन ही मन मगर कुछ ज़ोर से रोने लगे
”कह दो इन कुत्तों के पिल्लों से कि इतराएँ नहीं
हुक़्म जब तक मैं न दूँ कोई कहीं जाए नहीं”
यह दरोगा जी थे मुँह से शब्द झरते फूल से
आ रहे थे ठेलते लोगों को अपने रूल से
फिर दहाड़े- ”इनको डंडों से सुधारा जाएगा
ठाकुरों से जो भी टकराया वो मारा जाएगा।”
इक सिपाही ने कहा- ”साइकिल किधर को मोड़ दें
होश में आया नहीं मंगल, कहो तो छोड़ दें?“
बोला थानेदार- ”मुर्गे की तरह मत बांग दो
होश में आया नहीं तो लाठियों पर टांग लो
ये समझते हैं कि ठाकुर से उलझना खेल है
ऐसे पाजी का ठिकाना घर नहीं है जेल है”
पूछते रहते हैं मुझसे लोग अक़्सर यह सवाल-
”कैसा है कहिये न सरजू-पार की कृष्णा का हाल?”
उनकी उत्सुकता को शहरी नग्नता के ज्वार को
सड़ रहे जनतंत्र के मक्कार पैरोकार को
धर्म-संस्कृति और नैतिकता के ठेकेदार को
प्रान्त के मन्त्रीगणों को केन्द्र की सरकार को
मैं निमन्त्रण दे रहा हूँ- आयें मेरे गाँव में
तट पे नदियों के घनी अमराइयों की छाँव में
गाँव जिसमें आज पांचाली उघाड़ी जा रही
या अहिंसा की जहाँ पर नथ उतारी जा रही
हैं तरसते कितने ही मंगल लंगोटी के लिये
बेचती है जिस्म कितनी कृष्णा रोटी के लिये।

-अदम गोंडवी

तू और मैं

तू है गगन विस्तीर्ण तो मैं एक तारा क्षुद्र हूँ
तू है महासागर अगम, मैं एक धारा क्षुद्र हूँ
तू है महानद तुल्य तो मैं एक बून्द समान हूँ
तू है मनोहर गीत तो मैं एक उसकी तान हूँ
तू है सुखद ऋतुराज तो मैं एक छोटा फूल हूँ
तू है अगर दक्षिण पवन तो मैं कुसुम की धूल हूँ
तू है सरोवर अमल तो मैं एक उसका मीन हूँ
तू है पिता तो पुत्र मैं तब अंक में आसीन हूँ
तू अगर सर्वाधार है तो एक मैं आधेय हूँ
आश्रय मुझे है एक तेरा श्रेय या आश्रेय हूँ
तू है अगर सर्वेश तो मैं एक तेरा दास हूँ
तुझको नहीं मैं भूलता हूँ, दूर हूँ या पास हूँ
तू है पतित-पावन प्रकट तो मैं पतित मशहूर हूँ
छल से तुझे यदि है घृणा तो मैं कपट से दूर हूँ
है भक्ति की यदि भूख तुझको तो मुझे तब भक्ति है
अति प्रीति है तेरे पदों में, प्रेम है, आसक्ति है
तू है दया का सिन्धु तो मैं भी दया का पात्र हूँ
करुणेश तू है चाहता, मैं नाथ करुणामात्र हूँ
तू दीनबन्धु प्रसिद्ध है, मैं दीन से भी दीन हूँ
तू नाथ! नाथ अनाथ का, असहाय मैं प्रभुहीन हूँ
तव चरण अशरण-शरण हैं, मुझको शरण की चाह है
तू शीत करता दग्ध को, मेरे हृदय में दाह है
तू है शरद-राका-शशी, मन चित्त चारु चकोर है
तब ओट तजकर देखता यह और की कब ओर है
हृदयेश! अब तेरे लिए है हृदय व्याकुल हो रहा
आ आ! इधर आ! शीघ्र आ! यह शोर यह गुल हो रहा
यह चित्तचातक है तृषित, कर शान्त करुणावारि से
घनश्याम! तेरी रट लगी आठों पहर है अब इसे
तू जानता मन की दशा रखता न तुझसे बीच हूँ
जो कुछ भी हूँ तेरा किया हूँ, उच्च हूँ या नीच हूँ
अपना मुझे, अपना समझ, तपना न अब मुझको पड़े
तजकर तुझे यह दास जाकर द्वार पर किसके अड़े
तू है दिवाकर तो कमल मैं, जलद तू, मैं मोर हूँ
सब भावनाएँ छोड़कर अब कर रहा यह शोर हूँ
मुझमें समा जा इस तरह तन-प्राण का जो तौर है
जिसमें न फिर कोई कहे, मैं और हूँ तू और है

-गयाप्रसाद शुक्ल सनेही

Wednesday

अफ़वाह किसने फैलाई है?

पूंजी और सर्वहारा की लड़ाई में
पूंजी की जीत की ख़बर,
आज के अख़बार की सुर्ख़ियाँ हैं
चैनलों पर
यह एक्सक्लूसिव ब्रेकिंग न्यूज़ है।

सर्वहारा नहीं जानता
यह पूंजी की ख़बर,
पूंजी के मीडिया में,
पैसे वालों ने उड़ाई है।

आम आदमी का देश,
आम आदमी की सरकार,
सच-सच बतलाओ,
पिछले 63 सालों से
देश भर में
यह अफ़वाह किसने फैलाई है?

- आशीष कुमार ‘अंशु’


Sunday

अन्धा कुआँ

वह कौन चली आती पनघट से
सावन की अनबरसी बदली-सी भरी-भरी
यौवन के अहसान हज़ारों हैं जिस पर
पर लगती है सहमी-सहमी, डरी-डरी
कुछ बोल रही है मन ही मन
कुछ ओंठ काटती दाँतों से
और भीज गया पल्लू देखो
कुछ श्वेत कणों की पाँतों से
क्या रूप-सुहाना है इसका
क्या सुघड़-सलोनी लगती है
बेजोड़ कला उस ब्रम्हा की
शायद रति की पुनरुक्ति है

क्या कहा? अछूतों के मुखिया
उस रमुआ की घरवाली है?
यह पनघट से आई; फिर भी
इसकी गागर क्यों ख़ाली है?
अरे-अरे! यह रोती है
क्या वजह, बात आख़िर क्या है
इन हँसते-मुस्काते नयनों में
बेमौसम क्यों बरखा है?
क्या कहा ? इसे ललकार दिया
दुत्कार दिया, फटकार दिया
तू नीच वंश में जाई है
ये कहकर परे उतार दिया
क्या सवर्णों ने इसको देकर धक्के दूर हटाया है
पानी के बदले अपमानों का कड़वा ज़हर पिलाया है
नहीं-नहीं, नहीं-नहीं
यह झूठ बात
ठहरो, इससे ही पूछो-
”रो मत भाभी , सच बतला दे
क्या बीती है?”

वो कहती है- ”लाला!
वो जो बड़ा कुआँ है अमृत वाला
जिस पर आज सकल बस्ती के
बड़े लोग पानी भरते हैं
उसका मेरा रिश्ता है कुछ
ये तो पूछो क्या रिश्ता है
उस रोज़ कहाँ थे ये सारे
जब उसका नाम-निशान नहीं था
इस पनघट का पता नहीं था
पनिहारी का गान नहीं था
मैंने उठा कुदाल, नीर की आशा में
जब पहली चोट लगाई थी
और इस माटी से मुट्ठी भर
जब मैंने शीश चढ़ाई थी
कैसी-कैसी क़समें खाईं
इस यौवन में, तुम क्या जानों
इसका पानी पिये बिना
मैं नहीं तकूंगी मुख मुखिया का
तुम क्या जानो लाला!
इन कसमस करते दो बाजू से
मैंने ये निर्माण किया है
सौ-पचास मधु-यामिनियों का
न्योछावर बलिदान किया है
जब आई गीली मिट्टी
तो मेरी आँखें झरती थीं
मैं क्या जानूँ, मेरी आँखे
या प्रकृति कुएँ को भरती थी
पर इस अमृत की अंजुली पी
मैं शयन कक्ष के द्वार गई
महीनों के रूठे मुखिया को
मना-मना कर हार गई
मेरा मुखिया माना भी तो कब?
जब उसको विश्वास हो गया
कि मेरे श्रम से वो एक निपूता
पिता बन गया, बाप हो गया।
यह मेरे श्रम की साकार प्रतिष्ठा है
यह नहीं किसी को प्यास लिए लौटाएगा
ये मेरे मुखिया का बेटा है
बड़ा होकर ये उसका वंश चलाएगा
इसका मेरा ये रिश्ता है
बेशक़ इसने मेरी छाती छुई नहीं
और दूध भी पिया नहीं
लेकिन क्या मूल्य पसीने का
किसी दूध से कम है?
मुझे, पसीना मेरा ही, छूने पर बन्धन है
इसी बात का दुःख है मुझको
इसी बात का ग़म है
ये आँसू इसलिए नहीं कि
मुझे वहाँ शैतान मिला है
ये आँसू इसलिए नहीं कि
मुझे वहाँ अपमान मिला है
ये आँसू इसलिए नहीं कि
मुझको मारा-दुत्कारा है
ये आँसू इसलिए नहीं कि
मुझे वहाँ पर फटकारा है
लाला, ये आँसू इसलिए नहीं
की इस बस्ती का मन बिगड़ रहा है
ये आँसू इसलिए हैं
कि माँ से बेटा बरबस बिछड़ रहा है।
लाला! मैं, मेरा मुखिया, मेरा परिजन
बरसों प्यासे जी सकते हैं
इससे अधिक और भी कड़वा
ज़हर, हलाहल पी सकते हैं
पर मेरे आंगन तुलसी का एक बिरवा
और वक अभागिन कजरी गइया है
इन दोनों की प्यास नहीं देखी जाती है
वो देखो
तुलसी बिरवा मुरझाता है
वो देखो
कजरी रह-रह कर चिल्लाती है
वे राह देखते होंगे मेरी
और यहाँ ठीकरे रीते हैं।
लाला, वो मुझसे पानी मांगेंगे
वो नहीं पसीना पीते हैं
पर आज तुम्हारा ये समाज
इस दुखड़े को क्या समझेगा
और उसे मतलब भी क्या है
पर ठहर मेरी प्यासी कजरी!
ओ तुलसी बहना! धीरज धर
मैं आऊंगी गागर भरकर
लाला, तुम मुखिया से कहना!
मैंने फिर शपथ उठाई है
ढांढ़स देना मेरी कजरी को,
मेरी तुलसी को
और कहना
मैंने फिर कुदाल मंगवाई है
फिर मेरे बाजू फड़के हैं
फिर मुझे पसीना छूटा है
मुखिया के घर फिर थाली बजने वाली है
मुझको फिर से माँ बनना है
जिसका अमृत मैं आऊँ ग्रहण करके
और तुम्हारा ये समाज
ऐसा ही एक बेटा जनना है।
छोड़ो, छोड़ो रास्ता!
जाने भी दो
अब पीड़ा नहीं सही जाती है।”

और प्रसव की पीड़ा ले
सावन की अनबरसी बदली जैसी भरी-भरी
कहकर चली गई वो श्रम की देवी
मुझको सब कुछ खरी-खरी
देनी है उसको वो कुदाल
मुखिया से भी कुछ कहना है
उसकी कजरी को, उसकी तुलसी को
कुछ ठंडा ढांढ़स देना है
भगवान! मुझे कुछ शक्ति दो
क्यों पाँव नहीं उठते मेरे
ये काम मुझे करना होगा
और वो पूत जने उससे पहले
अन्धकूप ये छूत शास्त्र के बीहड़ का
उसी कुदाली की नोकों से
श्रम देवी की जय गुंजा कर
आज मुझे भरना होगा।

-बालकवि बैरागी

प्रार्थना

हमें प्राप्त हो जन समाज की बाधा, धोखाहीन भावना
और करें मंगल भावों से हम समाज कल्याण कामना
शुभकर्मों में युग पुरुषों का नित्य अभय आशीष प्राप्त हो
रहें लक्ष्य की ओर अग्रसर, प्रगति हमारी दिशाव्याप्त हो
सरल मार्ग से जाने वाले देवों का निर्देशन पाकर
दीर्घ आयु हों पूरा जीवन जिएँ सुमति के पथ पर चलकर

-बशीर अहमद मयूख

Saturday

आओ फिर से दीया जलाएँ

भरी दुपहरी में अंधियारा
सूरज परछाई से हारा
अंतरतम का नेह निचोड़ें
बुझी हुई बाती सुलगाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ

हम पड़ाव को समझे मंज़िल
लक्ष्य हुआ आँखों से ओझल
वर्तमान के मोहपाश में
आने वाला कल न भुलाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ

आहुति बाक़ी, यज्ञ अधूरा
अपनों के विघ्नों ने घेरा
अंतिम जय का वज्र बनाने
नव-दधीचि हड्डियां गलाएँ
आओ फिर से दीया जलाएँ


-अटल बिहारी वाजपेयी

अगर तीसरा युद्ध हुआ

मैं सोच रहा हूँ अगर तीसरा युद्ध हुआ
इस नई सुबह की नई फसल का क्या होगा
मैं सोच रहा हूँ अगर ज़मीं पर उगा ख़ून
इस रंग महल की चहल-पहल का क्या होगा

ये हंँसते हुए गुलाब महकते हुए चमन
जादू बिखराती हुईं रूप की ये कलियाँ
ये मस्त झूमती हुई बालियाँ धानों की
ये शोख़ सजल शरमाती गेहूँ की गलियाँ
गदराते हुए अनारों की ये मंद हँसी
ये पेंगें बढ़ा-बढ़ा अमियों का इठलाना
ये नदियों का लहरों के बाल खोल चलना
ये पानी के सितार पर झरनों का गाना
मैनाओं की नटखटी, ढिठाई तोतों की
ये शोर मोर का, भोर भृंग की ये गुनगुन
बिजली की खड़क-धड़क बदली की चटक-मटक
ये जोत जुगनुओं की झींगुर की ये झुनझुन
किलकारी भरते हुये दूध से ये बच्चे
निर्भीक उछलती हुई जवानों की टोली
रति को शरमाती हुई चांद-सी ये शक्लें
संगीत चुराती हुई पायलों की बोली
आल्हा की ये ललकार, थाप ये ढोलक की
सूरा-मीरा की सीख, कबीरा की बानी
पनघट पर चपल गगरियों की ये छेड़छाड़
राधा की कान्हा से गुपचुप आनाकानी

क्या इन सब पर ख़ामोशी मौत बिछा देगी
क्या धुंध धुआँ बनकर सब जग रह जायेगा
क्या कूकेगी कोयलिया कभी न बगिया में
क्या पपिहा फिर न पिया को पास बुलायेगा

जो अभी-अभी सिंदूर दिये घर आई है
जिसके हाथों की मेंहदी अब तक गीली है
घूँघट के बाहर आ न सकी है अभी लाज
हल्दी से जिसकी चूनर अब तक पीली है
क्या वो अपनी लाड़ली बहन; साड़ी उतार
जा कर बेचेगी नित चूड़ियाँ बाज़ारों में
जिसकी छाती से फूटा है मातृत्व अभी
क्या वो माँ दफ़नायेगी दूध मज़ारों में
क्या गोली की बौछार मिलेगी सावन को
क्या डालेगा विनाश झूला अमराई में
क्या उपवन की डालों में फूलेंगे अँगार
क्या घृणा बजेगी भौंरों की शहनाई में

चाणक्य, मार्क्स, एंजिल, लेनिन, गांधी, सुभाष
सदियाँ जिनकी आवाज़ों को दुहराती हैं
तुलसी, वर्जिल, होमर, गोर्की, शाह, मिल्टन
चट्टानें जिनके गीत अभी तक गाती हैं
मैं सोच रहा क्या उनकी क़लम न जागेगी
जब झोपड़ियों में आग लगायी जायेगी
करवटें न बदलेंगीं क्या उनकी क़ब्रें जब
उनकी बेटी भूखी पथ पर सो जायेगी
जब घायल सीना लिये एशिया तड़पेगा
तब वाल्मीकि का धैर्य न कैसे डोलेगा
भूखी क़ुरआन की आयत जब दम तोड़ेगी
तब क्या न ख़ून फिरदौसी का कुछ बोलेगा

ऐसे ही घट छलके, ऐसी ही रस ढुलके
ऐसे ही तन डोले, ऐसे ही मन डोले
ऐसी ही चितवन हो, ऐसी ही चितचोरी
ऐसे ही भँवरा भ्रमे, कली घूँघट खोले
ऐसे ही ढोलक बजें, मँझीरे झंकारें
ऐसे ही हँसे झुँझुने, बाजें पैंजनियाँ
ऐसे ही झुमके झूमें, चूमें गाल-बाल
ऐसे ही हों सोहरें, लोरियाँ-रसबतियाँ
ऐसे ही बदली छाये कजली अकुलाये
ऐसे ही बिरहा बोल सुनाये साँवरिया
ऐसे ही होली जले, दीवाली मुसकाये
ऐसे ही खिले-फले-हरयाये हर बगिया
ऐसे ही चूल्हे जलें, राख कि रहें गरम
ऐसे ही भोग लगाते रहें महावीरा
ऐसे ही उबले दाल, बठोही उफनाये
ऐसे ही चक्की पर गाये घर की मीरा

बढ़ चुका बहुत अब आगे रथ निर्माणों का
बम्बों के दल-बल से अवरुद्ध नहीं होगा
है शान्त शहीदों का पड़ाव हर मंज़िल पर
अब युद्ध नहीं होगा, अब युद्ध नहीं होगा

~गोपालदास 'नीरज'