Sunday

छुपे रुस्तम

छुपे रुस्तम हैं क़यामत की नज़र रखते हैं
ज़मीं तो क्या है आसमां की ख़बर रखते हैं

छुप न पाये कोई तस्वीर हमारे आगे
चल न पाये कोई तदबीर हमारे आगे
टूट जाती है ख़ुद शमशीर हमारे आगे
सिर झुकाती है हर तक़दीर हमारे आगे

राह काँटों में बना लेते हैं
आसमां सिर पे उठा लेते हैं
हम अगर तैश में आ जायें तो
आग पानी में लगा देते हैं

क़यामत हैं, कोई तूफ़ान हैं हम
जवानी का नया उन्वान हैं हम
न हिंदू हैं, न मुसलमान हैं हम
अगर कुछ हैं तो बस इंसान हैं हम

हमारे दम से ये ज़माना है
शराब-ओ-जाम है, मयख़ाना है
हम जहाँ सिर को झुका दें यारो,
वहीं क़ाबा, वहीं बुतख़ाना है

दौरे-अय्याम से डरना है हमें क्या यारो
जहाँ दिलदार हो, तलवार पे सर रखते हैं

तोरी नज़रिया गोरी जैसे, रस की नदी लहराये
एक बार जो डूबे इनमें, पल-पल गोता खाये

नज़र ये तीर भी, तलवार भी है
नज़र ये फूल भी है, ख़ार भी है
नज़र इनक़ार भी इक़रार भी है
घटा भी, मेघ भी, मल्हार भी है

नज़र दिल की ज़ुबान होती है
मोतियों का मकान होती है
इश्क़ का इम्तिहान होती है
ज़मीं पर आसमान होती है

नज़र उठे तो दुआ बन जाये
अगर झुक जाये, हया बन जाये
जो तिरछी हो तो अदा बन जाये
पड़े सीने तो क़ज़ा बन जाये

हम तेरी तलाश में जाने-जहाँ, जीने का नया दस्तूर बने
कभी क़ैस, कभी फ़रहाद, कभी ख़य्याम, कभी मंसूर बने
क्या-क्या न बने हम तेरे लिये पर जो भी बने भरपूर बने
अब आया मज़ा मेरे होने का, तेरी मांग के जब सिन्दूर बने

नटखट-नटवर हम तेरे लिए दर-दर घूमे, वन-वन भटके
पर्वत पे गए, सूली पे चढ़े, नित खाए मुक़द्दर के झटके
तेरे घूंघट पट की सलवट में, अट-अट ये मोरे नैना अटके
झटपट दे हमें दर्शन, हम तो प्यासे हैं तेरी काली लट के

दिलवा चुराया तूने, मनवा चुराया तूने, जी का चुराया तूने चैना
मोरवा की चाल तूने, मोतिया के रंग तूने, कीर के चुराये तूने बैना
बोले नहीं, डोले नहीं, भेद कोई खोले नहीं, काहे को चलाये तूने सैना
गोरटी है, गोरटी है, चोरटी है, चोरटी है, चोरी भरे तोरे नैना

ओ मेरी आरज़ू आ, करूँ कुछ गुफ़्तगू आ
ज़रा तू रूबरू आ, है तेरी जुस्तजू आ
ले ही जायेंगे उठा के भरी महफ़िल से तुझे
चुरा लें आँख से काजल वो नज़र रखते हैं

छुपे रुस्तम हैं क़यामत की नज़र रखते हैं
ज़मीं तो क्या है आसमां की ख़बर रखते हैं

-गोपालदास नीरज

No comments:

Post a Comment