Sunday

मैं और ईश्वर

कभी-कभी
मेरा मन करता है
कि मैं ईश्वर को
उस चैराहे पर लाकर
खड़ा कर दूँ
जहाँ पर
बड़े-बड़े नेताओं की
टोपियाँ उछाली जाती हैं
और उससे पूछूँ,
कि बता मेरे ईश्वर
तूने मुझे
क्यों पैदा किया इस देश में?

जिस देश की नई पीढ़ी
पुरानी पीढ़ी को
बुझी हुई बीड़ी समझने लगी है
चरस भरी सिगरेट को
स्वर्ग तक पहुँचने की
सीढ़ी समझने लगी है
बता मेरे ईश्वर
तूने मुझे क्यों पैदा किया इस देश में

जिस देश में वासना
केवल बुढ़ापे के कन्धों पर टिकी हुई है
जहाँ की समाजवादी राजनीति
असमाजवादी हाथों में बिकी हुई है
जहाँ सोई हुई ग़रीबी को
भाषण द्वारा जगाया जाता है
जहाँ पर शिक्षा के माध्यम से
बेरोज़गारी को बढ़ाया जाता है
जहाँ साहित्य को,
ताली बजा-बजाकर
लंगड़ा किया जाता है
जहाँ के बुद्धिजीवियों को
पद्मश्री बाँट-बाँटकर
हिजड़ा किया जाता है

जिस देश के मनचले नेता
अब शेक्सपियर से नहीं
अंग्रेजी से प्यार करते हैं
और वोट मांगने के लिए
मातृभाषा के साथ बलात्कार करते हैं
जहाँ लव-कुश ही
रामराज्य के खिलाफ़
दंगा कर रहे हैं
जहाँ पर पाण्डव ही
भरी सभा में
द्रौपदी को नंगा कर रहे हैं
जिस देश के अस्पताल
अब जनता के लिए कम
नर्सों के लिए ज़्यादा होते हैं
जहाँ की नर्सें
अब रोगियों के लिए कम
डाॅक्टरों के लिए
ज़्यादा होती हैं

लेकिन, मैं
ऐसा करते हुए डरता हूँ
कहीं ईश्वर ये न कह दे
कि मैंने तुम्हें पैदा ही नहीं किया!
अरे, तुम तो
मेरे विरोधियों की सन्तान हो
हिंदुस्तान के मूर्ख लोगो,
मैं अपना हाथ
बहुत ऊँची जगह धरता हूँ
मैं तुम जैसे लोगों को
पैदा ही नहीं करता हूँ।
तुम नहीं जानते
मैं हर साल
थोड़े से नेता,
थोड़े से गुण्डे
और बड़े बड़े पण्डों को
जन्म देता हूँ
यदि मैंने ऐसा न किया होता
तो क्या मैं आज तक जिया होता?
तुमने मुझे गांधी की तरह
मार दिया होता
तुमने मुझे सुभाष की तहर
भुला दिया होता
और इस देश की महान जनता
सारी बातों को
चुपचाप सह जाती
बेचारे शास्त्री की तरह
मेरी भी समाधि
अधूरी रह जाती!

-गोविन्द व्यास

No comments:

Post a Comment