Monday

प्रीति के अंग-उपवन

प्राण ने हँस अधर पर अधर रख दिये, तप्त चुम्बन गगन तक दहकने लगे
आर पुरवा भी चन्दन चुरा लायी है, प्रीति के अंग-उपवन महकने लगे

कभी क़ैद नज़रों में नज़रें हुईं तो कभी शर्म से पुतलियाँ झुक गयीं
कभी धड़कनों ने छुआ आसमां तो कभी यूँ लगा धड़कने रुक गयीं
पिघल साँस के तार हिमगिरि बने तो कभी साँस से आन्धियाँ चल पड़ीं
कभी होंठ से फूल सकुचे मग़र, तो अधर पर कभी बिजलियाँ जल पड़ीं
जाति-बन्धन का कुछ ध्यान आया नहीं, धर्म-ग्रंथों का गुण-ज्ञान भाया नहीं
आज संयम की सारी जड़ें हिल गयीं, वर्जनाओं के बन्धन चटकने लगे

नील परिधान में झिलमिलाते बदन को निरख नभ दीवाली लजाने लगी
बिजलियों के धनुष जा छिपे मेघ में फूल बन जब कली मुस्कुराने लगी
स्वर्ग से सिद्धि-निधियाँ उतरने लगीं, रूप चुम्बन नटी जब थिरकने लगी
आग की रस्सियाँ सी बन्धी देह में, मुस्कुरा जब जवानी मचलने लगी
रात फिर चान्दनी में नहाने लगी, प्यार की बात होंठों पे आने लगी
बड़ा गर्व था चेतना पर हमें, आज तो सारे चेतन बहकने लगे

दो बदन प्यार के यज्ञ में जल-मचल, एक तन हो गये, एक मन हो गये
जो ज़ुबां तक न बातें कभी आ सकीं, आज मुखरित हृदय के सुमन हो गये
एक युग की विरह वेदना को मिली, वह मिलन की सुधा जो अमर कर गयी
क्षीरसागर की बौछार से पीर हर, तृप्ति-जल चिर तृषा के अधर धर गयी
वह बुझी प्रीति फिर जगमगाने लगी, नींद रूठी सदा आज आने लगी
स्वप्न में जागरण कुछ हुआ इस तरह, देह पर आवरण तक खटकने लगे

-शिवसागर शर्मा

No comments:

Post a Comment