Monday

प्यार से उकता गया

नित नए परिवार से उकता गया
घर, किराएदार से उकता गया

तय हुआ था साथ जन्मों तक, मगर
चार दिन में यार से उकता गया

प्यार से पिंजरे में रक्खा था बहुत
क्यों परिंदा प्यार से उकता गया

लोग बदले, पर नहीं बदला निज़ाम
मुल्क़ अब सरकार से उकता गया

मेरे क़ातिल अब नया कुछ आज़मा
मैं तो इस हथियार से उकता गया

फिर सनी हैं खून से ख़बरें सभी
फिर ये दिल अख़बार से उकता गया

ऐ सियासत कुछ तमाशा कर नया
मुल्क़ इस फ़नकार से उकता गया

-प्रमोद वत्स

No comments:

Post a Comment