Monday

गुलों पे ख़ौफ़ तारी है

सजाकर मेज़ पर तुमने जो ये गुलदान रक्खा है
गुलों पे ख़ौफ़ तारी है कि कब्रिस्तान रक्खा है

चमन में इस सियासत ने उगा दी नफ़रतें इतनी
गुलों ने एक दूजे को ही' दुश्मन मान रक्खा है

ये घर की रौनकें सारी हमीं से बस हमीं से हैं
कंगूरों ने हमेशा नींव पर एहसान रक्खा है

तुम्हें ये घर बदलने में बहुत तकलीफ तो होगी
किराएदार हो लेकिन बहुत सामान रक्खा है

चलो तोलें कमाई जिंदगी की हम तराजू से
उधर तुम दौलतें रख लो इधर ईमान रक्खा है

कई रस्तों से भेजा दूर, फिर भी लौट आते हैं
ग़मों ने घर हमारा ठीक से पहचान रक्खा है

अंधेरी कोठरी सी जिंदगी में घुट न जाए दम
ग़ज़ल का खूबसूरत एक रोशनदान रक्खा है

- प्रमोद वत्स

No comments:

Post a Comment