Showing posts with label Ghazal. Show all posts
Showing posts with label Ghazal. Show all posts

Sunday

इधर भी है उधर भी

कुर्सी का घमासान इधर भी है, उधर भी 
दो लोगों का गुणगान इधर भी है, उधर भी 

जो डेडिकेट है वो सिर्फ झंडे उठाए 
दल बदलुओं का मान, इधर भी है उधर भी 

जो हाँ में हाँ मिलाए, वही पद पे रहेगा 
सच कहने में नुक़सान इधर भी है, उधर भी

किस्मत न बदल पाओ तो क्यों दल बदल रहे 
सिद्धू तो परेशान इधर भी है उधर भी 

मुफ्ती, पंवार, ठाकरे, अखिलेश या जयंत 
पंजे के संग कमान इधर भी है, उधर भी 

शाहों की ख्वाहिशों पे ही प्यादे निसार हों 
ये खेल का विधान, इधर भी है उधर भी

जिसकी भी घुड़चढ़ी हो वहीं नाच रहे हैं 
दो-चार पासवान इधर भी हैं, उधर भी 

मैं जिनके साथ हूँ वही ईमानदार हैं 
सिब्बल का ये बयान इधर भी है, उधर भी 

~चिराग़ जैन 

Tuesday

दरगाह पे लोबान जला

तुम्हारे क़िस्से में दिल का मेरे मक़ान जला
लगा फ़क़ीर की दरगाह पे लोबान जला

अभी भी रात को बुढ़िया वो महक उठती है
न जाने कितने बरस पहले ज़ाफ़रान जला

वहां यूं देर शाम आग जली चूल्हे में
सुबह से शाम तलक पहले वो इन्सान जला

वहां कुरान था, गीता थी और क़समें थीं
अदालतों में मगर रोज़ ही ईमान जला

गवाह ख़ौफ़ से, रिश्वत से बेज़ुबान हुए
कई जहान जले जब भी इक बयान जला

सभी तो टांक के आये थे अपना चांद वहां
ज़रा बताओ तो किस किस का आसमान जला

-कैलाश सेंगर

शेष सब कुशल

आंखों में बहुत बाढ़ है, फिर शेष सब कुशल
जीवन नहीं अषाढ़ है, फिर शेष सब कुशल

गीतों से, सिसकियों से, यादों से ना कटे
ये रात इक पहाड़ है, फिर शेष सब कुशल

उस मोगरे को आंख से हम देख ही लेंगे
घूंघट की ज़रा आड़ है, फिर शेष सब कुशल

हम-तुम जहां मिले थे उसी झोपड़ी का अब
टूटा हुआ किवाड़ है, फिर शेष सब कुशल

जो भी कहेंगे आप हम गायेंगे उम्र भर
सब पेट का जुगाड़ है, फिर शेष सब कुशल

रमुआ का नाम हाथ पर लिखती है ननदिया
मां जी का बहुत लाड़ है, फिर शेष सब कुशल

जब से सजन का पत्र इधर में नहीं
ये डाकघर उजाड़ है, फिर शेष सब कुशल

- कैलाश सेंगर 

इज़्ज़त की रोटियां

मेहनत के बाद भी मिलीं नफ़रत की रोटियां
सब के नसीब में कहां इज़्ज़त की रोटियां

आंखों से देखने की नहीं चीज़ मां का प्यार
पर फिर भी दिखातीं इन्हें औरत की रोटियां

जब जब हमारी भूख की ये आग जल उठी
वो सेंक गये इस पे सियासत की रोटियां

आटा ही नहीं, प्यार है, ईमान है इस में
मां की दुआ का हाथ है भारत की रोटियां

है स्वाद इनका खूब, मगर सच तो यही है
पचती नहीं सभी से ये शोहरत की रोटियां

बीवी से हम ने सच ये छुपाया है उम्र भर
औरत से बड़ी चीज़ है औरत की रोटियां

-कैलाश सेंगर 

शुक्रिया

बोझों तले वजूद दबाने जा शुक्रिया
इस रेत को चट्टान बनाने का शुक्रिया

दामन सम्हाल कर मुझे चलना तो आ गया
ए काँटो,मेरी राह मेँ आने का शुक्रिया

वो रास्ते की धूल आसमाँ पे जा चढ़ी
ठोकर उसे जनाब,लगाने का शुक्रिया

आया था शौक़ बन के,दर्द बन के तू गया
आने का शुक्रिया, तेरे जाने का शुक्रिया

सत्यम थी,सुन्दरम थी अब शिवम भी हो गई
विष मेरी अस्मिता को पिलाने का शुक्रिया

नाचीज़ थी मधू उसे हस्ती बना दिया
बातेँ मेरे ख़िलाफ़ उड़ाने का शुक्रिया

~मधु चतुर्वेदी

बात है रुस्वाई की

कू-ब-कू फैल गई बात शनासाई की
उस ने ख़ुश्बू की तरह मेरी पज़ीराई की

कैसे कह दूँ कि मुझे छोड़ दिया है उस ने
बात तो सच है मगर बात है रुस्वाई की

वो कहीं भी गया लौटा तो मेरे पास आया
बस यही बात है अच्छी मेरे हरजाई की

तेरा पहलू तेरे दिल की तरह आबाद रहे
तुझ पे गुज़रे न क़यामत शब-ए-तन्हाई की

उस ने जलती हुई पेशानी पे जो हाथ रखा
रूह तक आ गई तासीर मसीहाई की

~परवीन शाक़िर

Wednesday

ख़ुदा याद आ गया

मुझको शिक़स्त-ए-दिल का मजा़ याद आ गया 
तुम क्यों उदास हो गए क्या याद आ गया 

कहने को ज़िन्दगी थी बड़ी मुख़्तसर मग़र 
कुछ यूँ बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया

बरसे बग़ैर ही जो घटा घिर के खुल गई
इक बेवफ़ा का अहदे-वफ़ा याद आ गया

मांगेंगे अब दुआ कि उसे भूल जायें हम 
लेकिन जो वो बवक़्त-ए-दुआ याद आ गया

हैरत है तुमको देख के मस्जिद में ऐ ख़ुमार 
क्या बात हो गई कि ख़ुदा याद आ गया

-ख़ुमार बाराबंकवी

वसल का ख़्वाब

हमने क़िस्मत ही ख़ूब पाई है
वस्ल का ख़्वाब है, जुदाई है

जल उठे फिर चराग़ यादों के
दिल के आँगन में रौशनाई है

लाख मजबूरियाँ गिनाए कोई
बेवफ़ाई तो बेवफ़ाई है

चुप रहूँ मैं तो बैठता है दिल
लब जो खोलूँ तो जगहँसाई है

जिस्म की क़ैद चार दिन है 'शजर'
ज़िन्दगी भर की फिर रिहाई है

-संदीप शजर

Monday

सब कुछ ख़ुलासा देखिए

जिस्म क्या है रूह तक सब कुछ ख़ुलासा देखिए
आप भी इस भीड़ में घुसकर तमाशा देखिए

जो बदल सकती है इस दुनिया के मौसम का मिजाज़
उस युवा पीढ़ी के चेहरे की हताशा देखिए

जल रहा है देश, ये बहला रही है क़ौम को
किस क़दर अश्लील है संसद की भाषा देखिए

मत्स्यगंधा फिर कोई होगी किसी ऋषि का शिकार
दूर तक फैला हुआ गहरा कुहासा देखिए

- अदम गोंडवी

अहसासात को मत छेड़िए

हिन्दू या मुस्लिम के अहसासात को मत छेड़िए
अपनी कुर्सी के लिए जज़्बात को मत छेड़िए

हममें कोई हूण, कोई शक, कोई मंगोल है
दफ़्न है जो बात, अब उस बात को मत छेड़िए

ग़लतियाँ बाबर की थीं, जुम्मन का घर फिर क्यों जले
ऐसे नाज़ुक़ वक़्त में हालात को मत छेड़िए

हैं कहाँ हिटलर, हलाकू, ज़ार या चंगेज़ ख़ां
मिट गए सब, क़ौम की औक़ात को मत छेड़िए

छेड़िए इक जंग, मिल-जुल कर ग़रीबी के ख़िलाफ़
दोस्त! मेरे मजहबी नग़्मात को मत छेड़िए 

- अदम गोंडवी

कल की तरह

मेरा हर आज भी गुज़रा है हर इक कल की तरह
ज़िन्दगी गुज़री है इक ख़्वाबे-मुसलसल की तरह

आज तन्हाई में फिर याद ग़मे-दिल आया
आज फिर बैठ के रोया हूं मैं पागल की तरह

तेरी दहलीज़ पे जलना ही मुक़द्दर ठहरा
तेरी दहलीज़ पे महका हूं मैं संदल की तरह

भूल कर देख मुझे धूप भरी दुनिया में
याद आऊंगा तुझे गांव के पीपल की तरह

मिस्ले आंसू मुझे आँखों से गिराने वाले
हूं तेरी आँख में फैले हुए काजल की तरह

अपनी तकदीर की वीरानियों को ओढ़े हुए
 तुझसे मैं दूर बहुत दूर हूं जंगल की तरह

ताज़ा ताज़ा सा तग़ज़्ज़ुल लिए 'पंकज' की ग़ज़ल
आ गई शाख़े-अदब पे नई कोंपल की तरह

-पंकज 'पलाश'

रख लीजै

कुछ तो आएँगे काम रख लीजै
हमको अपना गुलाम रख लीजै

आप मेरे हैं कहिए, फिर मेरे 
रोज़ ओ शब, सुबह ओ शाम रख लीजै

आप शायर हैं कौन मानेगा
नाम रखना है, नाम रख लीजै

मुझको बच्चा समझ रहे हैं क्या
अपने क़िस्से तमाम रख लीजै

बात दिल की कहें सलीक़े से 
बाक़ी सब तामझाम रख लीजै

-संदीप शजर

घर ख़ाली है

मेहनत तो करता हूँ फिर भी घर खाली है बाबूजी
मिट्टी के कुछ दीपक ले लो दीवाली है बाबूजी

अब तो नाम ग़रीबी का भी लेने में डर लगता है
सरकारी दस्तावेज़ों में खुशहाली है बाबूजी

लाखों दीप जलेंगे ऐसा सुनने में जब से आया
अवधपुरी जाने की ज़िद्द पर घरवाली है बाबूजी

मिट्टी बेच रहा हूँ जिसमें कोई जाल फरेब नहीं
सोना चांदी दूध मिठाई सब जाली है बाबूजी

झटका एक लगे तो सब कुछ टूटे बिखरे पलभर में
सबका जीवन चीनी मिट्टी की प्याली है बाबूजी

-ज्ञान प्रकाश आकुल

इशारा

तू इक ज़रा सा इशारा तो कर गया होता
ते'रे लिए मैं हदों से गुज़र गया होता

मैं खोलता ही नहीं उम्र भर कभी आँखें
जो ख़्वाब बन के तू आँखों में भर गया होता

मैं एक पल के लिए भी अगर भुलाता तुझे
ये दिल धड़कता न रहता, ठहर गया होता

घिरा है गुल जो ये काँटों से, इसके हक़ में है
ये वरना टूट के कबका बिखर गया होता

जो होता नींद का कोई भी रिश्ता बिस्तर से
मैं यूँ भटकता न सड़कों पे, घर गया होता

अना का तीर चलाया था वक्त ने मुझपे
अगर मैं झुक नहीं जाता तो सर गया होता

ग़ज़ल ने मुझको सहारा दिया ख़ुदा का करम
ग़मों में डूब के वरना मैं मर गया होता 

-पंकज अभिराज

हमने कलम तराश ली

ज़ालिम तेरे गुनाह की तहरीर के ख़िलाफ़
हमने कलम तराश ली शमशीर के ख़िलाफ़

रखना मेरा कलाम जरूरत पड़े अगर
मुफ़्लिस के साथ और जहांगीर के ख़िलाफ़

जिसकी नुमाइशों से मिटा है मेरा वजूद
दीवार का सुराख़ है तस्वीर के ख़िलाफ़

जाकर लगेगा ठीक निशाने पे देखना
बेशक हवाएं खूब चलें तीर के ख़िलाफ़

अब तो मेरा मकान बिखरना है लाज़मी
दीवार बद-गुमान है' शहतीर के ख़िलाफ़

नाकाम हों जवाब तो अपनाइए जरूर
ख़ामोशियाँ कमाल हैं तक़रीर के ख़िलाफ़

बस इश्क़ के ख़िलाफ़ नहीं हैं ये चंद लोग
ये हैं हरेक अम्न की तदबीर के ख़िलाफ़

-प्रमोद वत्स

ज़ालिम-अत्याचारी
तहरीर-लिखावट
मुफ़्लिस-निर्धन
जहांगीर-विश्व विजेता
बदगुमान-बुरी धारणा, संदेह रखने वाला
तक़रीर-भाषण, वार्तालाप
अम्न-शांति, सुकून
तदबीर-उपाय, कोशिश

गुफ़्तगू के मस्त लहज़े

बारिशों के इश्क में हम बिजलियों तक आ गए
गुफ़्तगू के मस्त लहज़े तल्ख़ियों तक आ गए

बाँह थामे साथ मेरे जो चले थे हमसफ़र
वो कलाई से उतरकर उंगलियों तक आ गए

उफ़ हकीक़त ने किए हैं टुकड़े-टुकड़े इस क़दर
ख़्वाब चकनाचूर होकर किरचियों तक आ गए

डालकर पानी में कांटा उम्र भर बैठे फ़िज़ूल
इश्क पानी से किया बस मछलियों तक आ गए

पांव को छालों की लज़्ज़त इस क़दर अच्छी लगी
खुद ब खुद ही पांव चलकर बेड़ियों तक आ गए

हैं अधूरे बचपने के ख़्वाब दिल में अब तलक
ये लड़कपन से गुजरकर झुर्रियों तक आ गए

बागबाँ ने इश्क़ पर पहरा दिया तो ये हुआ
बन्दिशों को तोड़कर गुल तितलियों तक आ गए

दिल में' डूबे ख़्वाब अश्कों में ढले, फिर एक दिन
खुदकुशी करने पलक की खिड़कियों तक आ गए

खुलते-खुलते ग़म हमारे बेतकल्लुफ़ यूँ हुए
आप से तू, तू से फिर बेशर्मियों तक आ गए

-प्रमोद वत्स

मौत पर अनुदान

जिंदगी हारी ज़रा से धान से
सांत्वना क्यों मौत पर अनुदान से

पालना छूटा तो' फिर कमरा मिला
और अरथी उठ गई दालान से

मंडियों में जब मेरा सौदा हुआ
मैं वहाँ था ही नहीं, ईमान से

चुटकुलों के मंच पर खोई ग़ज़ल
घूरते हैं सब यहां अनजान से

वो रफ़ू करता रहा उपरी परत
ज़ख्म थे गहरे बहुत अनुमान से

लाश भी उजले कफ़न में ही तो है
आंकिए मत शख्सियत परिधान से

नेकियाँ खामोशियों से कीजिए
गुफ़्तगू हो जाएगी भगवान से

-प्रमोद वत्स

गुलों पे ख़ौफ़ तारी है

सजाकर मेज़ पर तुमने जो ये गुलदान रक्खा है
गुलों पे ख़ौफ़ तारी है कि कब्रिस्तान रक्खा है

चमन में इस सियासत ने उगा दी नफ़रतें इतनी
गुलों ने एक दूजे को ही' दुश्मन मान रक्खा है

ये घर की रौनकें सारी हमीं से बस हमीं से हैं
कंगूरों ने हमेशा नींव पर एहसान रक्खा है

तुम्हें ये घर बदलने में बहुत तकलीफ तो होगी
किराएदार हो लेकिन बहुत सामान रक्खा है

चलो तोलें कमाई जिंदगी की हम तराजू से
उधर तुम दौलतें रख लो इधर ईमान रक्खा है

कई रस्तों से भेजा दूर, फिर भी लौट आते हैं
ग़मों ने घर हमारा ठीक से पहचान रक्खा है

अंधेरी कोठरी सी जिंदगी में घुट न जाए दम
ग़ज़ल का खूबसूरत एक रोशनदान रक्खा है

- प्रमोद वत्स

प्यार से उकता गया

नित नए परिवार से उकता गया
घर, किराएदार से उकता गया

तय हुआ था साथ जन्मों तक, मगर
चार दिन में यार से उकता गया

प्यार से पिंजरे में रक्खा था बहुत
क्यों परिंदा प्यार से उकता गया

लोग बदले, पर नहीं बदला निज़ाम
मुल्क़ अब सरकार से उकता गया

मेरे क़ातिल अब नया कुछ आज़मा
मैं तो इस हथियार से उकता गया

फिर सनी हैं खून से ख़बरें सभी
फिर ये दिल अख़बार से उकता गया

ऐ सियासत कुछ तमाशा कर नया
मुल्क़ इस फ़नकार से उकता गया

-प्रमोद वत्स

रफ़्ता-रफ़्ता

ज़ेवर ये मुश्किल से हासिल होता है
रफ़्ता-रफ़्ता पत्थर से दिल होता है

मंजिल से गुमराह नहीं होने देता
दोनों ओर नदी के साहिल होता है

दीप नया बस दीप जला सकता है,यूँ
सूरज से भी दीपक क़ाबिल होता है

सच की ओट हिफाज़त उसकी करती है
आँधी के जब दीप मुक़ाबिल होता है

रिश्ते कुछ तो इतने बोझिल होते हैं
मर जाएं तो मातम मुश्किल होता है

खूब संभाला लेकिन फिर भी टूट गया
अक्सर शक रिश्ते का क़ातिल होता है

मेरी बर्बादी पर मैं चुप हूँ , लेकिन
तेरा चर्चा महफ़िल महफ़िल होता है

- प्रमोद वत्स