Showing posts with label Poetry. Show all posts
Showing posts with label Poetry. Show all posts

Sunday

इधर भी है उधर भी

कुर्सी का घमासान इधर भी है, उधर भी 
दो लोगों का गुणगान इधर भी है, उधर भी 

जो डेडिकेट है वो सिर्फ झंडे उठाए 
दल बदलुओं का मान, इधर भी है उधर भी 

जो हाँ में हाँ मिलाए, वही पद पे रहेगा 
सच कहने में नुक़सान इधर भी है, उधर भी

किस्मत न बदल पाओ तो क्यों दल बदल रहे 
सिद्धू तो परेशान इधर भी है उधर भी 

मुफ्ती, पंवार, ठाकरे, अखिलेश या जयंत 
पंजे के संग कमान इधर भी है, उधर भी 

शाहों की ख्वाहिशों पे ही प्यादे निसार हों 
ये खेल का विधान, इधर भी है उधर भी

जिसकी भी घुड़चढ़ी हो वहीं नाच रहे हैं 
दो-चार पासवान इधर भी हैं, उधर भी 

मैं जिनके साथ हूँ वही ईमानदार हैं 
सिब्बल का ये बयान इधर भी है, उधर भी 

~चिराग़ जैन 

Tuesday

अभिमान करै देखो बाँस की जाई

तान के तीर सों छेद गयी और बान पे बान रही है चलाई
सौतन श्याम के साथ रहे, हमको कर दूर रही इतराई
दांव लगे तोये देखन के मिस आँख बचाय दऊंगी लुकाई
सोने की होती तो का करती, अभिमान करै देखो बाँस की जाई

बाँस में फूँक भरे से बजे है अचम्भो घणो कुन बुद्धि लगाई
सारेगामापाधानिधापामागारेसासा श्वास भरे स्वर दे जो सुनाई
राग बहार, विहाग, मल्हार, सोरठ देसी की धूम मचाई
सोने की होती तो का करती, अभिमान करै देखो बाँस की जाई

लोह कठोर के आग में डार के पीट लुहार दे सीधो बनाई
बाँस कू आग से सीधो करै, या में ऐब घणे या की गाँठ न जाई
खोटे तो खोटे ही काम करै, या की बूझ वहाँ जहाँ होई लड़ाई
सोने की होती तो का करती, अभिमान करै देखो बाँस की जाई

-रमेश बाँसुरी