Saturday

बाग़ की क़ीमत बड़ी है

आन्धियों की राह में अब मत बिछाओ फूल मन के
हर तरह के शूल से इस बाग़ की क़ीमत बड़ी है

चान्द चोरों को नहीं भाया मग़र रीझी चकोरी
और प्रिय आराधना को गुदगुदाती रात गोरी
जागरण का नाम लेकर तोड़ दो मत स्वप्न मीठा
उस कपट के सूर्य से इस रात की क़ीमत बड़ी है

द्वेष की हो, ईष्र्या की आग दोनों ही जलाती
हो सिन्दूरी या कि नूरी मांग दोनों मुस्कुराती
मरघटों की गोद में यूँ मातमी मौसम न डालो
धर्म से इस आदमी के ख़ून की क़ीमत बड़ी है

भावना के इस भँवर में देह पीछे छूट जाती
एक पल में ज़िन्दगी की डोर सहसा टूट जाती
इन हवाओं की बहक में मत भुलाओ गन्ध अपनी
हर किसी दुर्गन्ध से इस साँस की क़ीमत बड़ी है

-मधुर शास्त्री

No comments:

Post a Comment