एक बार और जाल फेंक रे मछेरे
जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो
सपनों की ओस गूँथती कुश की नोक है
हर दर्पण में उभरा एक दिवालोक है
रेत के घरौंदों में सीप के बसेरे
इस अन्धेर में कैसे नेह का निबाह हो
एक बार और जाल फेंक रे मछेरे
जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो
उनका मन आज हो गया पुरइन पात है
भिगो नहीं पाती यह पूरी बरसात है
चन्दा के इर्द-गिर्द मेघों के घेरे
ऐसे में क्यों न कोई मौसमी गुनाह हो
एक बार और जाल फेंक रे मछेरे
जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो
कुंकुम-सी निखरी कुछ भोरहरी लाज है
बंसी की डोर बहुत काँप रही आज है
यों ही ना तोड़ अभी बीन रे सपेरे
जाने किस नागिन में प्रीत का उछाह हो!
एक बार और जाल फेंक रे मछेरे
जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो
-बुद्धिनाथ मिश्र
No comments:
Post a Comment