Friday

लेखक की सांझ

तन में है दिन भर के काम की थकन
सांझ की उदासी ने बांध लिया मन
कैसे सोचें नये सपन
ये गहन उदासी के क्षण

भूर्मिल घटाओं की छाँव में संजोये हुए
सपने में भूल गया
ऊषा के रूपमयी अरुण वर्ण मेघों के
मुग्ध वसन भूल गया
कल्पना प्रदाता भी हो गया कृपण
कैसे कर लें नये सृजन
ये गहन उदासी के क्षण

पंथी के मन की भी आशा दो टूक हुई
लक्ष्य के मिलन की
पीपल के पत्तों की भाषा अब मूक हुई
हीन गति पवन भी
मन के सूनेपन में धुएँ की घुटन
कैसे फूटे नयी किरण
गहन उदासी के क्षण

-सुरेन्द्र मोहन मिश्र

No comments:

Post a Comment