जिंदगी हारी ज़रा से धान से
सांत्वना क्यों मौत पर अनुदान से
पालना छूटा तो' फिर कमरा मिला
और अरथी उठ गई दालान से
मंडियों में जब मेरा सौदा हुआ
मैं वहाँ था ही नहीं, ईमान से
चुटकुलों के मंच पर खोई ग़ज़ल
घूरते हैं सब यहां अनजान से
वो रफ़ू करता रहा उपरी परत
ज़ख्म थे गहरे बहुत अनुमान से
लाश भी उजले कफ़न में ही तो है
आंकिए मत शख्सियत परिधान से
नेकियाँ खामोशियों से कीजिए
गुफ़्तगू हो जाएगी भगवान से
-प्रमोद वत्स
No comments:
Post a Comment