ज़ालिम तेरे गुनाह की तहरीर के ख़िलाफ़
हमने कलम तराश ली शमशीर के ख़िलाफ़
रखना मेरा कलाम जरूरत पड़े अगर
मुफ़्लिस के साथ और जहांगीर के ख़िलाफ़
जिसकी नुमाइशों से मिटा है मेरा वजूद
दीवार का सुराख़ है तस्वीर के ख़िलाफ़
जाकर लगेगा ठीक निशाने पे देखना
बेशक हवाएं खूब चलें तीर के ख़िलाफ़
अब तो मेरा मकान बिखरना है लाज़मी
दीवार बद-गुमान है' शहतीर के ख़िलाफ़
नाकाम हों जवाब तो अपनाइए जरूर
ख़ामोशियाँ कमाल हैं तक़रीर के ख़िलाफ़
बस इश्क़ के ख़िलाफ़ नहीं हैं ये चंद लोग
ये हैं हरेक अम्न की तदबीर के ख़िलाफ़
-प्रमोद वत्स
ज़ालिम-अत्याचारी
तहरीर-लिखावट
मुफ़्लिस-निर्धन
जहांगीर-विश्व विजेता
बदगुमान-बुरी धारणा, संदेह रखने वाला
तक़रीर-भाषण, वार्तालाप
अम्न-शांति, सुकून
तदबीर-उपाय, कोशिश
No comments:
Post a Comment