Wednesday

ख़ुदा याद आ गया

मुझको शिक़स्त-ए-दिल का मजा़ याद आ गया 
तुम क्यों उदास हो गए क्या याद आ गया 

कहने को ज़िन्दगी थी बड़ी मुख़्तसर मग़र 
कुछ यूँ बसर हुई कि ख़ुदा याद आ गया

बरसे बग़ैर ही जो घटा घिर के खुल गई
इक बेवफ़ा का अहदे-वफ़ा याद आ गया

मांगेंगे अब दुआ कि उसे भूल जायें हम 
लेकिन जो वो बवक़्त-ए-दुआ याद आ गया

हैरत है तुमको देख के मस्जिद में ऐ ख़ुमार 
क्या बात हो गई कि ख़ुदा याद आ गया

-ख़ुमार बाराबंकवी

No comments:

Post a Comment