वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें उबाल का नाम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, आ सके देश के काम नहीं।
वह ख़ून कहो किस मतलब का, जिसमें जीवन, न रवानी है!
जो परवश होकर बहता है, वह ख़ून नहीं, पानी है!
उस दिन लोगों ने सही-सही ख़ूं की क़ीमत पहचानी थी।
जिस दिन सुभाष ने बर्मा में मांगी उनसे क़ुर्बानी थी।
बोले- ‘स्वतन्त्रता की ख़ातिर बलिदान तुम्हें करना होगा।
तुम बहुत जी चुके हो जग में, लेकिन आगे मरना होगा।
आज़ादी के चरणों में, जो जयमाल चढ़ायी जायेगी।
वह सुनो, तुम्हारे शीशों के फूलों से गूँथी जाएगी।
आज़ादी का संग्राम कहीं पैसे पर खेला जाता है?
यह शीश कटाने का सौदा नंगे सर झेला जाता है’
यूँ कहते-कहते वक्ता की आँखों में ख़ून उतर आया!
मुख रक्त-वर्ण हो दमक उठा, दमकी उनकी रक्तिम काया!
आजानु-बाहु ऊँची करके वे बोले- ‘रक्त मुझे देना।
इसके बदले भारत की आज़ादी तुम मुझसे लेना।’
हो गई सभा में उथल-पुथल, सीने में दिल न समाते थे।
स्वर इंक़लाब के नारों के कोसों तक छाये जाते थे।
“हम देंगे-देंगे ख़ून” -शब्द बस यही सुनायी देते थे।
रण में जाने को युवक खड़े तैयार दिखायी देते थे।
बोले सुभाष- ‘इस तरह नहीं, बातों से मतलब सरता है।
लो, यह काग़ज़, है कौन यहाँ आकर हस्ताक्षर करता है?
इसको भरनेवाले जन को सर्वस्व-समर्पण करना है।
अपना तन-मन-धन-जन-जीवन माता को अर्पण करना है।
पर यह साधारण पत्र नहीं, आज़ादी का परवाना है।
इस पर तुमको अपने तन का कुछ उज्ज्वल रक्त गिराना है!
वह आगे आये, जिसके तन में ख़ून भारतीय बहता हो।
वह आगे आये, जो अपने को हिन्दुस्तानी कहता हो!
वह आगे आये, जो इस पर ख़ूनी हस्ताक्षर देता हो!
मैं क़फ़न बढ़ाता हूँ, आये जो इसको हँसकर लेता हो!’
सारी जनता हुंकार उठी- ‘हम आते हैं, हम आते हैं!
माता के चरणों में यह लो, हम अपना रक्त चढ़ाते हैं!’
साहस से बढ़े युवक उस दिन, देखा, बढ़ते ही आते थे!
चाकू-छुरी कटारियों से, वे अपना रक्त गिराते थे!
फिर उस रक्त की स्याही में, वे अपनी क़लम डुबाते थे!
आज़ादी के परवाने पर हस्ताक्षर करते जाते थे!
उस दिन तारों ने देखा था, हिन्दुस्तानी विश्वास नया।
जब लिखा था रणवीरों ने, ख़ूं से अपना इतिहास नया।
-गोपालप्रसाद व्यास
No comments:
Post a Comment