Monday

पीड़ा के घर

आशाओं तुम पीड़ा के घर होती जाना
वहाँ सीढियाँ चढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

पथराई आँखों का काजल जस का तस है
रसवंती होठों का अमृत भी नीरस है
भाव अभावों की कोठी में बंद पड़े हैं
दर्द डूबती आशाओं की हर इक नस है

अरी हवाओं पतझड़ के घर होती जाना
हरियाली से लड़ता तुमको दर्द मिलेगा

सपनों के जमघट में खोया जीवन सारा
विष के कूपे में बंदी है अमृत धारा
आशा की किरणों के आगे बादल काले
जैसे टूटा हो बस्ती में पुच्छल तारा

अरी लताओं काँटों के घर होती जाना
नई कहानी गढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

लेकिन मेरा धैर्य डिगना नामुमकिन है
रात अंधेरी कितनी भी हो, होता दिन है
सुनलो बहती रेगिस्तानी गर्म हवाओं
अगर इरादा हो तो होता सब मुमकिन है

सुनो दर्द को गढ़ने वाले सारे कारण
अब रामायण पढ़ता तुमको दर्द मिलेगा

-नरेंद्र दाधीच

No comments:

Post a Comment