Showing posts with label Kavitt. Show all posts
Showing posts with label Kavitt. Show all posts

Monday

सोलह आवश्यक दीप

एक दीप गणपति, कृष्ण, हनुमान, राम, 
शारदा, भवानी, शिवधाम का जलाइए
एक दीप चंद्र, सूर्य, तारिका, नक्षत्र, ग्रह, 
पंचतत्व और ब्रह्म नाम का जलाइए
एक दीप मीरा, सूर, मीर, तुलसी, कबीर, 
ग़ालिब, बिहारी, मतिराम का जलाइए
एक दीप माँ पिता के, गुरुओं-बुजुर्गों के, 
पितरों के चरणों के धाम का जलाइए

एक दीप अशफ़ाक़, आज़ाद, भगत, बोस, 
गाँधी औ' तिलक, जी की आग का जलाइए
एक दीप हाड़ा रानी, सरोजिनी, पद्मिनी,
मणिकर्णिका के भी त्याग का जलाइए
एक दीप कहरवा, दादरा की थाप और 
सा, रे, ग, म, प, ध, नि के राग का जलाइए
एक दीप सिंह, काग, वानर, वराहदेव, 
कश्यप, उलूक, शेषनाग का जलाइए

एक दीप नीलगिरि, सांभर, सिरोही और 
विंध्याचल, हिमाला की शान का जलाइए
एक दीप गंगा, कोसी, ब्रह्मपुत्र, सोन, सिंध, 
गोमती, गोदावरी के मान का जलाइए
एक दीप सतपुड़ा, कान्हा, बांदीपुर, गिर, 
वृन्दावन, राजाजी उद्यान का जलाइए
एक दीप गेहूँ, जूट, केसर, मखाना, ईख, 
आलू, सरसों, कपास, धान का जलाइए

एक दीप नचिकेता, सोमनाथ, मानिकशॉ, 
विक्रम, हमीद, हेम राज का जलाइए
एक दीप खजुराहो, क़ुतुब, हवा महल, 
लाल किला, साँची, लेह, ताज का जलाइए
एक दीप कथकली, गरबा, घूमर, छऊ, 
कुचीपुड़ी, गिद्धा, के भी साज का जलाइए
एक दीप बीते हुए कल, आने वाले कल 
और बीत रहे इस आज का जलाइए

- प्रबुद्ध सौरभ

पूरा हुआ वनवास

पूरा हुआ वनवास, शुभ दिन आया खास,
अयोध्या में प्रभु राम, आज ही पधारे हैं!
चहुँ ओर हर्ष शोर, गूँज उठी साँझ भोर,
रावण का वध कर, लंका को उबारे हैं!
सिया जी का थाम हाथ, लखन को लिये साथ,
भरत के आग्रह पे, राज को स्वीकारे हैं!
पुरुषों में उत्तम हैं, देवों में सर्वोत्तम हैं,
ऐसे श्री राम सबके,कारज सँवारे हैं!

-नन्दिनी श्रीवास्तव

Wednesday

दिल्ली

दिल्ली तो करोड़ों दिल वालों की नगरिया है
कोई ले दिमाग़ से क्यों काम मेरे राम जी
भूले से, यहाँ जो चला आए एक बार कोई
जाने का कभी न लेगा नाम मेरे राम जी
पाँव रखने को मेट्रो रेल में जगह कहाँ
जाम हुईं सड़कें तमाम मेरे राम जी
जाम से भला क्यों घबराएँ कार वाले, यहाँ
कारों में छलकते हैं जाम मेरे राम जी

- अल्हड़ ‘बीकानेरी’