Showing posts with label Hasya. Show all posts
Showing posts with label Hasya. Show all posts

Saturday

नेता और साँप

एक नेता को
साँप ने डसा
नेताजी मज़े में
साँप चल बसा

यह सुनकर
सँपेरा मुझे डाँटता है
कहता है कि,
‘एक साँप भी कभी
दूसरे साँप को काटता है?’

-मोहन सोनी

कल्पना

एक नेता ने मंच पर खड़े होकर कहा-
‘कोई मत डरो
मेरे साथ-साथ
तुम सब विचार करो।
दस पैसे में ग़रीबों को पेटभर खाना
दो रुपये के दस किलो
गेहूँ भी मंगाना
मटकों में पानी-सी घी की भरमार
पाँच सौ रुपये में पायेंगे कार
दस रुपये में पक्का मकान
काॅलेज में मुफ़्त मिले बच्चों को ज्ञान
सोना बीस रुपये तोला’

तो श्रोताओं में से एक बोला-
‘हुजूर, ये व्यवस्था आपने कहाँ दिलवायी है?’

नेता ने उदासी से कहा-
‘कल्पना करने में क्या बुराई है?’

-मोहन सोनी

प्यारी सी निशानी

एक नेता की पाँचवीं पत्नी गुज़र गयी
बेचारे नेता जी की दुनिया ही उजड़ गयी

दुःख प्रकट करने एक रूपसी भी आयी
रो-रोकर उसने पत्नी से निकटता जतायी
जब रोना रुका, तो बोली रूपसी चमेली-
‘मरने वाली मेरी एकमात्र थी सहेली
अब आप मुझ पर एक मेरहबानी कीजिये
मरने वाली की कोई प्यारी सी निशानी दीजिये
ताकि याद आयेगी, तो दिल बहल जायेगा’

नेताजी बोले-
‘मुझसे काम चल जायेगा?’

-मोहन सोनी

Monday

अकाउंटिंग के अध्यापक का प्रेम पत्र

नए-नए अकाउंटिंग के प्राध्यापक
स्वयं के प्यार में हिसाब-किताब भर बैठे
और उसी से प्रभावित होकर ये ग़लती कर बैठे
कि सारा का सारा मसाला
दिल की बजाय, दिमाग़ से निकाला
और ये पत्र लिख डाला
लिखा था-
प्रिये! मैं जब भी तुमसे मिलता हूँ
“शेयर प्रीमियम” की तरह खिलता हूँ
सचमुच तुमसे मिलकर यूँ लगता है
गुलशन में नया फूल खिल गया
या यूँ कहूँ
किसी उलझे हुए सवाल की
“बैलेंस शीट” का टोटल मिल गया
मेरी जान
जब तुम शरमाती हो
मुझे “प्रोफिट एंड लॉस” के
“क्रेडिट बैलेंस” सी नज़र आती हो
तुम्हारा वो “इन्कम टैक्स ऑफिसर” भाई
जो इकतीस मार्च की तरह आता है
मुझे बिल्क़ुल नहीं भाता है
उसकी शादी करवाकर घर बसवाओ
वरना घिस-घिस कर इतना पछताएगा
एक दिन “बैड डेब्ट” हो जाएगा
और कुछ मुझे भी संभालो
“फिक्सड असेट” के तरह ज़िन्दगी में ढालो
अपने “स्क्रैप वैल्यू” के नज़दीक आते माँ-बाप को समझाओ
किसी तरह भी मुझे उनसे मिलवाओ
उन्हें कहो तुम्हें किस बात का रोना है
तुम्हारा दामाद तो खरा सोना है
और तुम्हारा पड़ोसी पहलवान
जो बेवक़्त हिनहिनाता है
उसे कहो
मुझे “लाइव स्टॉक” अकाउंट बनाना भी आता है
“हायर अकाउंटिंग” की किताब की तरह मोटी
और उसके अक्षरों की तरह काली
वो मेरी होने वाली साली
जब भी मुस्कुराती है
मुझे “रिस्की इनवेस्टमेंट” पर
“इंट्रेस्ट रेट” सी नज़र आती है
सच में प्रिये
दिल में गहराई तक उतर जाती हो
जब तुम “सस्पेंस अकाउंट” की तरह
मेरे सपनों में आती हो
ये पत्र नहीं
मेरी धड़कने तुम्हारे साथ में हैं
अब मेरे प्यार का डेबिट-क्रेडिट तुम्हारे हाथ में है
ये यादें और ख़्वाब जब मदमाते हैं
तो ज़िन्दगी के “ट्रायल बैलेंस”
बड़ी मुश्क़िल से संतुलन में आते हैं
मैं जानता हूँ
मुझसे दूर रहकर तुम्हारा दिल भी कुछ कहता है
मेरे हर आँसू का हिसाब
तुम्हारी “कैश बुक” में रहता है
और गिले-शिक़वे तो हम उस दिन मिटाएंगे
जिस दिन प्यार का
“रिकांसिलेशन स्टेटमेंट” बनाएंगे
और हाँ
तुम मुझे यूँ ही लगती हो सही
तुम्हे किसी “विण्डो ड्रेसिंग” की ज़रूरत नहीं
मुझे लगता है
तुम्हारा ज़ेह्न किसी और आशा में होगा
“ऑडिटिंग” सीख रहा हूँ
अगला ख़त और भी भाषा में होगा
मैंने “स्लिप सिस्टम” की पद्धति
दिमाग़ में भर ली है
और तुम्हारे कॉलेज टाइम में लिखे
एक सौ पच्चीस लव लेटर्स की
“ऑडिटिंग” शुरू कर दी है
अब समझी !
मैं तुम्हारी जुदाई से
“इन्सोल्वैन्सी” की तरह डरता हूँ
मेरी जान
मैं तुम्हें “बोनस शेयर” से भी ज़्यादा प्यार करता हूँ
तुम्हारी यादों में मदहोश होकर
जब भी बोर्ड पर लिखने के लिए चॉक उठाता हूँ
“लेज़र के परफ़ोर्मा” की जगह
तुम्हारी तस्वीर बना आता हूँ
मैं तुम्हारे अन्दर अब इतना खो गया हूँ
“नॉन परफोर्मिंग असेट” हो गया हूँ
अब पत्र बंद करता हूँ
कुछ ग़लत हो
तो “अपवाद के सिद्धांत” को अपनाना
कुछ नाजायज़ हो
तो “मनी मैजरमेंट” से परे समझकर भूल जाना
“कंसिसटेंसी” ही जीवन का आधार होता है
और ज़िन्दा वही रहते हैं
जिन्हें किसी से प्यार होता है

-अरुण मित्तल ‘अद्भुत’

Wednesday

हे दयालु नेता

तुम्हीं हो भाषण, तुम्हीं हो ताली
दया करो हे दयालु नेता
तुम्हीं हो बैंगन, तुम्हीं हो थाली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं पुलिस हो, तुम्हीं हो डाकू
तुम्हीं हो ख़ंजर, तुम्हीं हो चाकू
तुम्हीं हो गोली, तुम्हीं दुनाली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं हो इंजन, तुम्हीं हो गाड़ी
तुम्हीं अगाड़ी, तुम्हीं पिछाड़ी
तुम्हीं हो ‘बोगी’ की ‘बर्थ’ खाली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं हो चम्मच, तुम्हीं हो चीनी
तुम्हीं ने होठों से चाय छीनी
पिला दो हमको ज़हर की प्याली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं ललितपुर, तुम्हीं हो झाँसी
तुम्हीं हो पलवल, तुम्हीं हो हाँसी
तुम्हीं हो कुल्लू, तुम्हीं मनाली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं बाढ़ हो, तुम्हीं हो सूखा
तुम्हीं हो हलधर, तुम्हीं बिजूका
तुम्हीं हो ट्रैक्टर, तुम्हीं हो ट्राली
दया करो हे दयालु नेता

तुम्हीं दलबदलुओं के हो बप्पा
तुम्हीं भजन हो तुम्हीं हो टप्पा
सकल भजन-मण्डली बुला ली
दया करो हे दयालु नेता

पिटे तो तुम हो, उदास हम हैं
तुम्हारी दाढ़ी के दास हम हैं
कभी रखा ली, कभी मुंड़ा ली
दया करो हे दयालु नेता

- अल्हड़ ‘बीकानेरी’


दिल्ली

दिल्ली तो करोड़ों दिल वालों की नगरिया है
कोई ले दिमाग़ से क्यों काम मेरे राम जी
भूले से, यहाँ जो चला आए एक बार कोई
जाने का कभी न लेगा नाम मेरे राम जी
पाँव रखने को मेट्रो रेल में जगह कहाँ
जाम हुईं सड़कें तमाम मेरे राम जी
जाम से भला क्यों घबराएँ कार वाले, यहाँ
कारों में छलकते हैं जाम मेरे राम जी

- अल्हड़ ‘बीकानेरी’

Sunday

भाषण दो

यदि दर्द पेट में होता हो
या नन्हा-मुन्ना रोता हो
या आँखों की बीमारी हो
अथवा चढ़ रही तिजारी हो
तो नहीं डाॅक्टरों पर जाओ
वैद्यों से अरे न टकराओ
है सब रोगों की एक दवा-
”भई, भाषण दो! भई, भाषण दो!”

हर गली, सड़क, चैराहे पर
भाषण की गंगा बहती है,
हर समझदार नर-नारी के
कानों में कहती रहती है-
”मत पुण्य करो, मत पाप करो,
मत राम-नाम का जाप करो,
कम-से-कम दिन में एक बार-
भई, भाषण दो! भई, भाषण दो!”

-गोपाल प्रसाद व्यास

शवयात्रा

हम अपनी शवयात्रा का आनन्द ले रहे थे
लोग हमें ऊपर से कन्धा
और अन्दर से गालियाँ दे रहे थे
एक धीरे से बोला- ”साला क्या भारी है!“
दूसरा बोला- ”भाईसाहब, ट्रक की सवारी है;
और ट्रक ने भी मना कर दिया
तो हमारे कन्धों पर जा रही है।”

एक हमारे बैंक का मित्र बोला-
”इसे मरना ही था तो संडे को मरता
कहाँ मंडे को मर गया बेदर्दी
एक ही तो छुट्टी बची थी
कमबख़्त ने उसकी भी हत्या कर दी।”

एक और बोला- ”हाँ यार
काम तो हमारा भी अटक गया
आज बिजली का बिल जमा करने की
लास्ट डेट थी
तो यहाँ पर अटक गया।
अब कल जो पैनल्टी भरना पड़ेगा
उसका पैसा क्या इसका बाप देगा!”

एक मित्र जो वाक़ई दुःखी हो रहा था
बेचारा फूट-फूट के रो रहा था
उससे पूछा किसी ने-
”क्या तेरा मरनेवाले से इतना प्रेम था
जो उसके लिए थोक में आँसू बहा रहा है।”
वो बोला- ”मरनेवाले को मारो गोली भाईसाहब,
हमको तो अपना
सौ रुपए का नोट याद आ रहा है।
हमने अपने बाप से ले के दिया था
और अभी तो ब्याज भी नहीं लिया था
कि ये इण्टरवल में ही मर गया
साला, हमारे लिए कितना टैंशन कर गया
अब तुम हमारे बाप को नहीं जानते
इतना कंजूस है
कि लोग हमको उसका बेटा ही नहीं मानते।
आपस में फुसफुसाते हैं
कि कंजूस ने बेटा कैेसे पैदा कर लिया?
अब बताओ ऐसी कड़की में ये मर गया।
अब हम अपने बाप को
क्या मुँह दिखाएंगे
उनको पता चलेगा
तो सौ रुपए के लिए
हमके बेच आएंगे।”

तभी हमारे मुहल्ले का
कुल्फीवाला आगे आया
और उसने अपना कन्धा
जैसे ही हमारी अरथी को लगाया
कमबख़्त के मुँह से आवाज़ आयी-
”ठंडी-मीठी बरफ़मलाई।“

कोई पीछे से बोला- ”क़माल है भाई
यहाँ पर भी धन्धा,
दुकान लगा रहे हो कि कन्धा?”
वो बोला- ”क्षमा करें, क्षमा करें
मुँह से निकल गया, तो क्या करें?
ऐसा नहीं
कि मैं शवयात्रा के क़ायदे-क़ानून नहीं जानता
पर कमबख़्त इस मुँह को क्या करूँ
जो नहीं मानता।
जैसे ही कोई वज़नदार सामान
कन्धे पर आता है
मुँह से बरफ़मलाई पहले निकल जाता है।”

दोस्तो, जून का महीना था
हर आदमी पसीना-पसीना था
एक अरथीढोऊ बोला-
”यार क्या भयंकर धूप है!”
दूसरा बोला- ”मरने वाला भी ख़ूब है।
मरा भी तो जून में
अरे इस समय तो
आदमी को होना चाहिए देहरादून में।
ये थोड़े दिन और इन्तज़ार करता
तो जनवरी में आराम से नहीं मरता!
अपन भी जल्दी से घर भाग लेते
जितनी देर बैठते सर्दी में
आग तो ताप लेते।
मरने के लिए
जून का महीना कितना बोर है!”
तभी कोई और बोला-
”हाँ यार,
सर्दियों में मरने का मज़ा ही कुछ और है।”

तभी पीछे से आवाज़ आयी-
”अच्छा बड़े भाई
आप तो जनवरी में ही मरेंगे?”
वे बोले- ”नहीं, हम फरवरी में ही प्रस्थान करेंगे
जनवरी में हमारा इन्क्रीमेंट आता है।
भला हिंदुस्तानी कर्मचारी भी
कहीं अपनी वेतनवृद्धि छोड़कर जाता है?”

तभी शायद किसी को श्मशान दीखा
वो मारे प्रसन्नता के चीखा-
”राम नाम सत्य है।“
एक अधमरा बोला-
”भैया, दरअस्ल मर तो हम रहे हैं
मुर्दा तो साला अपनी जगह मस्त है।“

-प्रदीप चैबे

दल-बदल

एक नेता
दल-बदलकर घर लौटे
उन्हें पत्नी का पत्र मिला
(जो कई महीनों से
मायके गई हुई थी)
लिखा था-
”नम्मो के डैडी!
तुम्हारे साथ रहते-रहते
बोर हो गए
अब हमने
राधेलालजी से
दाम्पत्य समझौता कर लिया है।
ये समझौता
समान विचारों के आधार पर हुआ है।
हमारे दल-बदल कार्य को
लाइटली लेना
और हम भी
अपने पद-बदल कार्य को
तुमसे लाइटली लिवाएंगे।”

उनका माथा ठनका
सोचने लगे-
”दल-बदल का एक दिन ऐसा
दुःफल मिलेगा
कभी नहीं सोचा था।”

उन्होंने पुनः लिखा-
“नम्मो की जीजी!
तुम अपने घर वापस आ जाओ!
मैं भी
पुराने दल में
वापस जा रहा हूँ।”

मैडम का दिमाग़
अभी ठण्डा नहीं हुआ
फिर उन्होंने लिखा-
”पल-पल में
दल-बदल करते रहे हो
एक दल में
कुछ समय रुककर रहना;
सहानुभूतिपूर्ण विचार करूंगी।
आम का अचार
डहली में रखा है
इसे उलटते-पलटते रहना
हम तो
यहाँ बड़े आनंद की ज़िन्दगी
बिता रहे हैं।
-तुम्हारी पुरानी पत्नी
अब मिसेज राधेलाल।“

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

कुर्सी

अयोध्या की कुर्सी छोड़
राम, वन को चले गए
भरत ने राम की खड़ाऊँ को
कुर्सी मान पूजा

और आज
कुर्सी के लिए ऐसे लपकते हैं
मानो कुर्सी ही माई-बाप
कुर्सी ही पूजा

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

कलयुग

मिस्टर रावण ने
सीता जी चुराईं
उसकी सोने की लंका जल गई
मिस्टर करोड़ीलाल ने
जीवन भर टैक्स चुराया
उसकी चार-चार कोठियाँ बन गईं

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

सर्वज्ञ

फिज़िक्स के अध्यापक से
संस्कृत पढ़ाने को प्राचार्य ने कहा
वे बोले - ‘सर,
ऐसे सर्वज्ञ तो मंत्री ही होते हैं।’

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

थूक कर चाटना

थूक कर चाटना
काव्य-शास्त्र में
वीभत्स रस माना गया है
राजनीति ने उसे शृंगार रस की
मान्यता प्रदान की है

-बरसाने लाल चतुर्वेदी

Saturday

नेता को खोजिये

नेता को खोजिये, कहीं खो गया है
कहीं आदमी तो नहीं हो गया है!

गया था सूखे के दौरे पर परसों
पानी-पानी तो नहीं हो गया है

क्यों लहू से लाल-लाल नदिया हुई
वो कौन था खादी यहाँ धो गया है?

उसकी हिक़मते गुनाह को सलाम है
बड़े प्यार से नफ़रते वो गया है

दरिया में डूबते दिलों ने बताया
वो साहिल था जो कश्ती डुबो गया है

अहसास अब्रे-बहार इस क़दर हुआ
रेत का सफर आँखें भिगो गया है

यह मरने दे, न जीने दे ग़रीब को
महँगाई की बरछी चुभो गया है

बाग़ के बचे-खुचे फूल मुरझा गए
घड़ियाली आँसू कोई रो गया है

-दिलजीत सिंह रील

बुद्धिप्रकाश के दोहे

सूर मर्या, तुलसी मर्या, मर गा कैस्योदास
अब तो कवि-कुल में बच्या, कोरा बुद्धिप्रकास

बाबू बरणाँ सैं बण्यू, कवि-कुल को इतिहास
बाल्मीकि जी आदिकवि, अंतिम बुद्धिप्रकास

सदशिक्षा को हो गयो, बिल्कुल सत्यानास
एम ए तक जाणैं नहीं, कुण छै बुद्धिप्रकास

उपकुलपति की बुद्धि पर, हो कैयां बिस्वास
कोरस में भेळ्यो नहीं, अब तक बुद्धिप्रकास

ज्यूं नादर नैं नार अर नई बहू नैं सास
त्यूं साहित्यिक जगत् नैं सालै बुद्धिप्रकास

चुरा-चुरा कर चुटकुला, मिला-मिला अनुप्रास
बण बैठ्या कवि हास्य का, कविवर बुद्धिप्रकास

शासन करै समाज पर, गुण्डा अर बदमास
अनुशासन मैं पिस रह्या, सज्जन बुद्धिप्रकास

मनरंजन की चीज छै, चोपड़, सतरंज, तास
त्रैपनवां पत्ता बण्यां, कविवर बुद्धिप्रकास

बंसीबट पर कर रह्या, राधा-किस्सण रास
बण‘र घूघरा बज रह्या, कविवर बुद्धिप्रकास

अधरां पर आँसू खिलै, झरै नैण सैं हास
दरद पी’र उगलै हरख, वै कवि बुद्धिप्रकास

-बुद्धिप्रकाश पारीक

अहिंसावादी

बात बहुत छोटी थी श्रीमान्
विज्ञापन था ‘पहलवान छाप बीड़ी’
और हमारे मुँह से निकल गया-
‘बीड़ी छाप पहलवान’।

बस, हमारे पहलवान पड़ोसी ताव खा गए
ताल ठोककर मैदान में आ गए
एक झापड़ हमारे गाल पर लगाया
हमें ग़ुस्से की बजाय
महात्मा गांधी का ख़याल आया
हमने दूसरा गाल
पहलवान के सामने पेश कर दिया
मगर वो शायद
नाथूराम गोडसे का भक्त था
उसने दूसरे गाल पर भी धर दिया
फिर मुस्कुरा कर बोला-
”एकाध और खाओगे?
लेकिन ये तो बताओ बेटा
तीसरा गाल कहाँ से लाओगे?“

हमने कहा-
”पहलवान जी,
आपकी इस अप्रत्याशित कार्रवाई ने
हमें बड़े संकट में डाल दिया है
गांधी जी ने ये तो कहा था
कि कोई एक गाल पर मारे
तो दूसरा लेकर आगे बढ़ना,
परन्तु जल्दबाज़ी में
वो ये बताना भूल गए
कि तुम जैसा कोई
पहलवान पल्ले पड़ जाए
तो क्या करना!
इसलिए हे पहलवान जी
आप ज़रा पन्द्रह मिनिट यहीं ठहरना
मैं अभी उनकी
आत्मकथा पूरी पढ़कर आता हूँ
शायद उसमें आगे कुछ लिखा हो।”

कहकर हम
पी टी उषा की गति से
घर में घुसे
पहलवान के साथ-साथ
सारे मुहल्ले वाले
हमारी दुर्दशा पर हँसे
लेकिन ठीक पन्द्रह मिनिट बाद
जब हम अपने घर से बाहर निकले
तो हमारे बायें हाथ में मूँछ
और दायें हाथ में रिवाॅल्वर था
रिवाॅल्वर का निशाना
पहलवान की छाती पर था

रिवाॅल्वर देखते ही
पहलवान हकलाने लगे
बोले- ”ये....ये... क्या
त......त.....तुम तो
म.....म.....महात्मा गांधी के
भ.....भ....भक्त हो!”

हमने कहा- ”हूँ नहीं, था।
लेकिन अभी-अभी पन्द्रह मिनिट पहले
मैंने उनकी पार्टी से इस्तीफ़ा देकर
चन्द्रशेखर आज़ाद की पार्टी ज्वाइन कर ली है
पूरी रिवाॅल्वर गोलियों से भर ली है
अब बोलो, बेटा पहलवान!
पहलवान छाप बीड़ी
या बीड़ी छाप पहलवान?“

पहलवान बोले- ”हें....हें.....हें
जैसा आप ठीक समझें श्रीमान्!”

हमने कहा- ”श्रीमान् के बच्चे
साले, गुण्डे, लफंगे, लुच्चे
अहिंसावादियों को डराता है
महात्मा गांधी के भक्तों का
मज़ाक़ उड़ाता है
ख़बरदार, आगे से पहलवानी दिखाई
तो हाथ-पैर तोड़कर
अखाड़े में डाल दूंगा
इसी रिवाॅल्वर से
खोपड़ी का गूदा निकाल दूंगा।
मुहल्लेवालो!
आगे से क़सम खा लो
आज से कोई
इस पिद्दी पहलवान की
दादागीरी नहीं सहेगा
इस देश में
अगर अहिंसावादी नहीं रह पाया
तो आतंकवादी भी नहीं रहेगा।“

-प्रदीप चैबे