हमको अलग नहीं कर सकता, शोला हो या शबनम
एक देश है, एक हैं हम
एक चमन है अपना, जिसमें रंग हज़ारों ख़ुश्बू एक
देह हमारी अलग-अलग है, लेकिन अपना लोहू एक
भाषाओं के तार कई हैं, फिर भी इक सरगम
एक देश है, एक हैं हम
अलग-अलग लहरें उफ़नाती, है गम्भीर समुन्दर एक
शिखरों के सौ रंग-रूप हैं, मुस्काता हिमगिरि स्वर एक
अपनी जगह अटल है प्रहरी, घर बदले मौसम
एक देश है, एक हैं हम
देहरी, द्वार अलग हैं सबके, इक चैपाल है, गाँव है एक
बेशुमार बरगद की शाखें, धूप के आंगन, छाँव है एक
सूरज एक गगन पर अपने, इक अपनी पूनम
एक देश है, एक हैं हम
हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जुदा हैं राहें मंज़िल एक
ढंग अलग है हर किश्ती का, तूफ़ानों में साहिल एक
जनम का उत्सव इक जैसा है, मौत का इक मातम
एक देश है, एक हैं हम
-बेकल उत्साही
No comments:
Post a Comment