लोग हमें ऊपर से कन्धा
और अन्दर से गालियाँ दे रहे थे
एक धीरे से बोला- ”साला क्या भारी है!“
दूसरा बोला- ”भाईसाहब, ट्रक की सवारी है;
और ट्रक ने भी मना कर दिया
तो हमारे कन्धों पर जा रही है।”
एक हमारे बैंक का मित्र बोला-
”इसे मरना ही था तो संडे को मरता
कहाँ मंडे को मर गया बेदर्दी
एक ही तो छुट्टी बची थी
कमबख़्त ने उसकी भी हत्या कर दी।”
एक और बोला- ”हाँ यार
काम तो हमारा भी अटक गया
आज बिजली का बिल जमा करने की
लास्ट डेट थी
तो यहाँ पर अटक गया।
अब कल जो पैनल्टी भरना पड़ेगा
उसका पैसा क्या इसका बाप देगा!”
एक मित्र जो वाक़ई दुःखी हो रहा था
बेचारा फूट-फूट के रो रहा था
उससे पूछा किसी ने-
”क्या तेरा मरनेवाले से इतना प्रेम था
जो उसके लिए थोक में आँसू बहा रहा है।”
वो बोला- ”मरनेवाले को मारो गोली भाईसाहब,
हमको तो अपना
सौ रुपए का नोट याद आ रहा है।
हमने अपने बाप से ले के दिया था
और अभी तो ब्याज भी नहीं लिया था
कि ये इण्टरवल में ही मर गया
साला, हमारे लिए कितना टैंशन कर गया
अब तुम हमारे बाप को नहीं जानते
इतना कंजूस है
कि लोग हमको उसका बेटा ही नहीं मानते।
आपस में फुसफुसाते हैं
कि कंजूस ने बेटा कैेसे पैदा कर लिया?
अब बताओ ऐसी कड़की में ये मर गया।
अब हम अपने बाप को
क्या मुँह दिखाएंगे
उनको पता चलेगा
तो सौ रुपए के लिए
हमके बेच आएंगे।”
तभी हमारे मुहल्ले का
कुल्फीवाला आगे आया
और उसने अपना कन्धा
जैसे ही हमारी अरथी को लगाया
कमबख़्त के मुँह से आवाज़ आयी-
”ठंडी-मीठी बरफ़मलाई।“
कोई पीछे से बोला- ”क़माल है भाई
यहाँ पर भी धन्धा,
दुकान लगा रहे हो कि कन्धा?”
वो बोला- ”क्षमा करें, क्षमा करें
मुँह से निकल गया, तो क्या करें?
ऐसा नहीं
कि मैं शवयात्रा के क़ायदे-क़ानून नहीं जानता
पर कमबख़्त इस मुँह को क्या करूँ
जो नहीं मानता।
जैसे ही कोई वज़नदार सामान
कन्धे पर आता है
मुँह से बरफ़मलाई पहले निकल जाता है।”
दोस्तो, जून का महीना था
हर आदमी पसीना-पसीना था
एक अरथीढोऊ बोला-
”यार क्या भयंकर धूप है!”
दूसरा बोला- ”मरने वाला भी ख़ूब है।
मरा भी तो जून में
अरे इस समय तो
आदमी को होना चाहिए देहरादून में।
ये थोड़े दिन और इन्तज़ार करता
तो जनवरी में आराम से नहीं मरता!
अपन भी जल्दी से घर भाग लेते
जितनी देर बैठते सर्दी में
आग तो ताप लेते।
मरने के लिए
जून का महीना कितना बोर है!”
तभी कोई और बोला-
”हाँ यार,
सर्दियों में मरने का मज़ा ही कुछ और है।”
तभी पीछे से आवाज़ आयी-
”अच्छा बड़े भाई
आप तो जनवरी में ही मरेंगे?”
वे बोले- ”नहीं, हम फरवरी में ही प्रस्थान करेंगे
जनवरी में हमारा इन्क्रीमेंट आता है।
भला हिंदुस्तानी कर्मचारी भी
कहीं अपनी वेतनवृद्धि छोड़कर जाता है?”
तभी शायद किसी को श्मशान दीखा
वो मारे प्रसन्नता के चीखा-
”राम नाम सत्य है।“
एक अधमरा बोला-
”भैया, दरअस्ल मर तो हम रहे हैं
मुर्दा तो साला अपनी जगह मस्त है।“
-प्रदीप चैबे
No comments:
Post a Comment