पहरेदारों की चैकी में चोर-चोर का शोर मचा
गलियारों में चाक़ हो गई कुछ ऐसा घनघोर मचा
दाढ़ी के तिनके से नवाज़े दूध धुले मौसेरे भैया
नौकरशाही ताल दे रही ताक-धिना-धिन-ता-ता-थइया
क़िस्सा जो कुर्सी का देखा तू सारा का सारा बोल
देख जमूरे देख तमाशा जनता का जयकारा बोल
दिल्ली के दरवाज़े खुल जा, पूर्ण नहीं तो थोड़ा खुल जा
नेताजी ने तेरे दर पर अपने सिर को फोड़ा; खुल जा
खुल जा सिमसिम, सिमसिम खुल जा निसदिन चोर उचारे मन्तर
काले-काले सर्प हैं सारे, कोई भेद, न कोई अंतर
किसने किसको कूट दिया, किसने किसको मारा बोल
बीच बजारे खड़ा कबीरा, लिए लुकाठी किसे पुकारे
हम सब फूँक रहे घर अपना कोई न बाक़ी यहाँ बचा रे
हम तो परम्परा के पालक भैंस उसी की, जिसकी लाठी
द्वापर, त्रेता, सतयुग से ही चली आ रही ये परिपाटी
अपने चादर से है बाहर किसने पैर पसारा बोल
नदी किनारे बगुला बैठा ध्यान लगाए श्रीराम में
नेताजी पारंगत पूरे, दंड-भेद में साम-दाम में
राजा भोज बने बैठे हैं जाने कितने गंगू तेली
फोड़-फोड़ कर बाँट रहे हैं, राजनीति के गुड़ की भेली
जनता का धन किसने खाया, किसने किसे डकारा बोल
मेरे इक प्यारे भैया को पागल कुत्ते ने काटा था
पानी और पड़ गया उसमें, घर में जो गीला आटा था
कपड़े पहने कूद गया क्यों, वो नंगों के इस हमाम में
जप ही जपता, ध्यान लगाता वाहेगुरु के सत्य नाम में
कलियुग केवल नाम अधारा, सब असार संसारा बोल
बोल कि जनता सावधान है, सावधान हैं चारण तेरे
अपने संकल्पों के द्वारा डोर करेंगे घने अन्धेरे
बोल कि हम अपने गुलशन में आग नहीं लगने देंगे
भारत माता के आँचल में दाग़ नहीं लगने देंगे
लालक़िले पर जो फहराता है आँखों का तारा बोल
-बशीर अहमद मयूख
No comments:
Post a Comment