Showing posts with label Philosophy. Show all posts
Showing posts with label Philosophy. Show all posts

Monday

प्रेमपथ हो न सूना

प्रेमपथ हो न सूना कभी, इसलिये,
जिस जगह मैं थकूँ, उस जगह तुम चलो

क़ब्र-सी मौन धरती पड़ी पाँव पर
शीश पर है क़फ़न-सा घिरा आसामां
मौत की राह में, मौत की छाँह में
चल रहा रात-दिन साँस का कारवां
जा रहा हूँ चला, जा रहा हूँ बढ़ा
पर नहीं ज्ञात है, किस जगह शाम हो
किस जगह पग रुके, किस जगह मग छुटे
किस जगह शीत हो, किस जगह घाम हो
मुस्कुराये सदा पर धरा, इसलिये
जिस जगह मैं झरूँ, उस जगह तुम खिलो

एक दिन काल-तम की किसी रात ने
दे दिया है मुझे प्राण का यह दीया
धार पर यह जला, पार पर यह जला
बार अपना हिया, विश्व का तम पिया
पर चुका जा रहा साँस का स्नेह अब
रौशनी का पथिक चल सकेगा नहीं
आन्धियों के नगर में बिना प्यार के
दीप यह भोर तक जल सकेगा नहीं
पर जले स्नेह की लौ सदा, इसलिये
जिस जगह मैं बुझूँ, उस जगह तुम जलो

रोज़ ही बाग़ में देखता हूँ सुबह
धूल ने फूल कुछ अनखिले चुन लिये
रोज़ ही चीख़ता है निशा में गगन-
‘क्यों नहीं आज मेरे जले कुछ दीये?’
इस तरह प्राण! मैं भी यहाँ रोज़ ही
ढल रहा हूँ किसी बून्द की प्यास में
जी रहा हूँ धरा पर, मग़र लग रहा
कुछ छिपा है कहीं दूर आकाश में
छिप न पाये कहीं प्यार पर, इसलिये
जिस जगहर मैं छिपूँ, उस जगह तुम मिलो

प्रेम का पन्थ सूना अगर हो गया
रह सकेगी बसी, कौन सी फिर गली
यदि खिला प्रेम का ही नहीं फूल तो
कौन है, जो हँसे फिर चमन में कली
प्रेम को ही न जग में मिला मान तो
यह धरा, यह भुवन सिर्फ़ श्मशान है
आदमी एक चलती हुई लाश है
और जीना यहाँ एक अपमान है
आदमी प्यार सीखे कभी इसलिये
रात-दिन मैं ढलूँ, रात-दिन तुम ढलो

-गोपालदास नीरज

Wednesday

मौन का अभ्यास करता मन

कलरवों की हाट में हर क्षण,
मौन का अभ्यास करता मन

दृश्य हैं कितने मनोहर, सामने अमृत-कलश है
किन्तु लौकिक साधनों से क्या व्रती होता विवश है?
व्यर्थ है यह अमिय-आकर्षण,
मृत्यु का उपहास करता मन

साधना में सत्य की, है संशयों से मुक्त जीवन
दैत्य हों कितने बली पर अब नहीं डरता मेरा मन
तड़का, मारीच, हो रावण,
राम पर विश्वास करता मन

जीत भी है, हार भी है, मित्र मन कितना अनोखा!
अमिय एवं गरल का यह संतुलन कितना अनोखा!
भाव-भू का आर्द्र है कण-कण,
हर्ष का आभास करता मन

आज क्यों है मूक, जो था आदि से शिक्षक हमारा?
हो गया क्यों मलिन, जिसने विश्व को इतना सँवारा?
जब कभी अब देखता दर्पण,
शर्म का अहसास करता मन

- आशुतोष द्विवेदी

Sunday

जीवन नहीं मरा करता है

छिप-छिप अश्रु बहानेवालो!
मोती व्यर्थ लुटानेवालो!ं
कुछ सपनों के मर जाने से, जीवन नहीं मरा करता है।

सपना क्या है, नयन सेज पर सोया हुआ आँख का पानी
और टूटना है उसका, ज्यों जागे कच्ची नीन्द जवानी
गीली उमर बनाने वालो!
डूबे बिना नहानेवालो!
कुछ पानी के बह जाने से, सावन नहीं मरा करता है।

माला बिखर गयी तो क्या है, ख़ुद ही हल हो गयी समस्या
आँसू ग़र नीलाम हुए तो समझो पूरी हुई तपस्या
रूठे दिवस मनानेवालो!
फटी कमीज सिलानेवालो!
कुछ दीपों के बुझ जाने से, आंगन नहीं मरा करता है।

खोता कुछ भी नहीं यहाँ पर, केवल जिल्द बदलती पोथी
जैसे रात उतार चान्दनी, पहने सुबह धूप की धोती
वस्त्र बदलकर आनेवालो!
चाल बदलकर जानेवालो!
चन्द खिलौनों के खोने से बचपन नहीं मरा करता है।

लाखों बार गगरियाँ फूटीं, शिकन न आई पर पनघट पर,
लाखों बार किश्तियाँ डूबीं, चहल-पहल वो ही है तट पर,
तम की उमर बढ़ानेवालो!
लौ की आयु घटानेवालो!
लाख करे पतझर कोशिश, पर उपवन नहीं मरा करता है।

लूट लिया माली ने उपवन, लुटी न लेकिन गन्ध फूल की,
तूफ़ानों तक ने छेड़ा, पर खिड़की बन्द न हुई धूल की,
नफ़रत गले लगानेवालो!
सब पर धूल उड़ानेवालो!
कुछ मुखड़ों की नाराज़ी से दर्पन नहीं मरा करता है!

-गोपालदास नीरज

हठ योग

जब नम्र निवेदन निष्फल हो, हठ योग की ठाना करते हैं
ऐ पर्दानशीं, तेरा पर्दा मस्ताने न माना करते हैं

हम जानते बिकते तंगदिली उपदेशक तेरे दुकानों में
पर प्यास हमारी व्यापक है, पैमाने न माना करते हैं

मन्दिर में मिले, मस्जिद में मिले, गिरजे में मिले, गुरुद्वारे में
पीने से कहीं पर भी जाकर, मयख़ाने न माना करते हैं

हमने उसको पहले तो अनन्त, अबाध, अनादि, अनूप कहा
फिर क़ैद किया दीवारों में, दीवाने न माना करते हैं

जिसका जलवा हर ज़र्रे में उस यार से यारी जोड़ी तो
जब राम, सियामय हो जाता, बुतख़ाने न माना करते हैं

अपने एहसास की आँखों से जो रूप ‘मयूख’ ने देखा है
उस ज्योति को जल जाने वाले परवाने ही जाना करते हैं

-बशीर अहमद मयूख

Saturday

पानी रे पानी तेरा रंग कैसा

पानी रे पानी तेरा रंग कैसा
जिसमें मिला दो लगे उस जैसा

इस दुनिया में जीने वाले, ऐसे भी हैं जीते
रूखी-सूखी खाते हैं और ठण्डा पानी पीते
तेरी एक ही घूँट में मिलता जन्नत का आराम
पानी रे पानी तेरा रंग कैसा
भूखे की भूख और प्यास जैसा

गंगा से जब मिले तो बनता गंगाजल तू पावन
बादल से तू मिले तो रिमझिम-रिमझिम बरसे सावन
सावन आया, सावन आया, रिमझिम बरसे पानी
आग ओढ़कर आग पहनकर पिघली जाए जवानी
कहीं पे देखो छत टपकती, जीना हुआ हराम
पानी रे पानी तेरा रंग कैसा
दुनिया बनाने वाले रब जैसा

वैसे तो हर रंग में तेरा जलवा रंग जमाये
जब तू फिरे उम्मीदों पर तो रंग समझ ना आये
कली खिले तो झट आ जाये, पतझड़ का पैग़ाम
पानी रे पानी तेरा रंग कैसा
सौ साल जीने की उम्मीदों जैसा

-इन्द्रजीत सिंह तुलसी

कितने दिन तुझको जीना है

इन्सान बता इस धरती पर
कितने दिन तुझको जीना है
जिसको तू अपनी समझ रहा था
ख़ून इसी ने पीना है

आशिक़ हुए इस पर लोग सदा
पर ये न किसी पर हुई फ़िदा
लड़ मरे अनेकों शाह, गदा
मेरी-मेरी कहते-कहते
ये ऐसी अजब हसीना है

कोई उगता है, कोई डरता है
कोई रोता, कोई उछलता है
दिन-रात यही तो चलता है
रुकने पर तो विश्राम नहीं
ऐसा बेरोक सफ़ीना है

रंग इसके न्यारे-न्यारे हैं
रस कड़वे, मीठे, खारे हैं
सब खोज-खोज पर छारे हैं
पर पार तो पूरा पा न सके
जो इसके बीच दफ़ीना है

नागिन-सी जन-जन खाती है
फिर भी माता कहलाती है
मोह, ममता नहीं दिखाती है
ये चमक-दमक तो धोखा है
हीरा, विष भरा नगीना है

-बिहारी लाल हरित

अलविदा

चल दिये छोड़कर, ये शहर और मन
अलविदा कह रहे, ये भरे-भरे नयन

ज़िन्दगी जा रही, गाँव-गाँव हर नगर
क्या पता कब कहाँ ख़त्म हो ये सफ़र
है यही ज़िन्दगी या कोई है भरम
अलविदा कह रहे, ये भरे-भरे नयन

जो रही ज़िन्दगी आएंगे फिर यहाँ
अब यहाँ, कल वहाँ क्या पता फिर कहाँ
उम्र की .......... आँसुओं का भरम
अलविदा कह रहे, ये भरे-भरे नयन

साँस की साँकलें, उम्र की बेड़ियाँ
बन्धनों से बन्धी थक गईं एड़ियाँ
है यही ज़िन्दगी या कोई है भरम
अलविदा कह रहे, ये भरे-भरे नयन

भूलना ना हमें प्रीत की है क़सम
अलविदा कह रहे, ये भरे-भरे नयन

-प्रभा ठाकुर

मैं मरूंगा नहीं

मुझे सपने नहीं आते
क्योंकि मैं उथला हूँ
पर मेरी नीन्द गहरी है
मैं बुझकर नहीं
थककर सोता हूँ

पता नहीं
सपनों का दम कैसे घुटता है
अरमानों का जनाज़ा कैसे उठता है
यार! प्यार मैंने भी किया है
पर मेहनत से, मशक्कत से

ये देखो रे,
मेरी हथेलियों में
छालों के औघड़
भभूत रमाये बैठे हैं
जो सख़्त इतने हैं
कि आनेवाली पीढ़ी के स्वप्नमहल का
इन पर शिलान्यास करवा लो
और चान्द पर धक्का खाने वाले राॅकेट
इन पर आसानी से उतरवा लो


भौतिकता से परेशान भूतो!
मुझसे ईष्र्या करो
मुझे सपने नहीं आते हैं
क्योंकि वो सब
तुम पर मँडराते हैं।

मैं रोता नहीं हूँ
क्योंकि मैं किसी ऐसे-वैसे का होता नहीं हूँ
उगता वही है, जो बोया जाता है
और बन्दा ख़ूब जानता है कि क्यों रोया जाता है

हाँ कुछ खारा गर्म पानी
मेरी पलकों से पिघलकर मेरे गालों तक आता है
मेरा गला तक भीग जाता है
पर न वो आँसू है,
न वो रोना है
वह तो थके दीप्त जीवन का पसीना है
जो नहीं बहे
तो मैं मर जाऊँ
ये कहने
अब मैं किस किसके घर जाऊँ!

तुम चाहो
तो सबसे कह देना
कि मैं रोता नहीं हूँ
क्योंकि मैं किसी ऐसे-वैसे का होता नहीं हूँ

मैं मरूंगा नहीं
क्योंकि मैं कोई ऐसा काम करूंगा नहीं
मरे वो
जो ज़िन्दगी से थके, बुझे, टूटे, हारे
या जो पराये दर्द का पन्थ नहीं बुहारे
मै ताज़ा, प्रदीप, अटूट और अजीत हूँ

बेशक़ देख लो, भुगत लो मुझे
मेरी ताज़गीे, मेरी दीप्ति और मेरी हिम्मत को
यार, तुम अवाक् रह जाओगे
कि मैं असाधारण रूप से साधारण हूँ
और अपने आप का अकेला उदाहरण हूँ

अपने साधारणत्व में
कुछ फेर या फार मुझे करना नहीं है
क्योंकि मुझे मरना नहीं है

मेरे अमरत्व पर मुझे यकीन है
और तुम भी यकीन करो कि मैं मरूंगा नहीं
क्योंकि मैं कोई ऐसा काम करूंगा नहीं

-बालकवि बैरागी